Trending

दीपिका-अंकिता-कुमकुम की तिकड़ी ने रचा इतिहास, शूट ऑफ में चीन को हराया

मेजबान चीन के शोरगुल भरे माहौल, अनुभवी कोच की गैरमौजूदगी और लगातार बढ़ते दबाव के बीच भारतीय महिला रिकर्व टीम ने शंघाई में ऐसा जज्बा दिखाया जिसने पूरे तीरंदाजी जगत का ध्यान खींच लिया।

दीपिका कुमारी, अंकिता भकत और 17 वर्षीय कुमकुम मोहोद की तिकड़ी ने तीरंदाजी विश्व कप के दूसरे चरण के फाइनल में चीन को शूट ऑफ में 5-4 (28-26) से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। यह भारत का 2021 के बाद पहला महिला रिकर्व टीम विश्व कप स्वर्ण पदक है।

भारत के लिए यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि टीम बिना किसी पूर्णकालिक राष्ट्रीय कोच के टूर्नामेंट में उतरी थी। ऐसे में अनुभवी दीपिका कुमारी ने नेतृत्व की जिम्मेदारी संभाली और पूरे मुकाबले में अपनी साथी खिलाड़ियों का लगातार हौसला बढ़ाया। घरेलू दर्शकों के दबाव और चीनी सहयोगी स्टाफ के शोर के बीच दीपिका ने संयम बनाए रखते हुए निर्णायक क्षणों में टीम को संभाला।

साभार : गूगल

फाइनल की शुरुआत भारत ने शानदार अंदाज में की और पहला सेट 54-53 से जीत लिया। दीपिका ने लगातार 10 अंक जुटाए जबकि अंकिता और कुमकुम ने भी अहम योगदान दिया। हालांकि चीन ने दूसरे सेट में जोरदार वापसी करते हुए 55 अंक बनाए।

भारत से अंकिता ने नौ और कुमकुम ने आठ अंक हासिल किए, जबकि सेट बराबर करने के लिए दीपिका को 10 अंक की जरूरत थी लेकिन वह सात अंक ही बना सकीं। इसके साथ चीन ने मुकाबला 2-2 से बराबर कर लिया।

तीसरे सेट में मेजबान टीम ने 57-56 से जीत दर्ज कर 4-2 की बढ़त बना ली और भारत दबाव में आ गया। चौथे सेट में भी हालात आसान नहीं थे। कुमकुम का आखिरी तीर केवल सात अंक पर लगा जिससे भारत 54 अंक तक पहुंच पाया।

चीन को जीत के लिए आखिरी तीन तीरों में दो बार 10 और एक बार नौ अंक चाहिए थे। झू जिंगयी और हुआंग युवेई ने परफेक्ट 10 लगाए, लेकिन युवा यू क्यूई जीत के लिए जरूरी नौ अंक नहीं जुटा सकीं और उनका तीर आठ अंक पर लगा। इसी के साथ भारत ने सेट जीतकर मुकाबले को शूट ऑफ में पहुंचा दिया।

निर्णायक शूट ऑफ में भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव के बीच अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। अंकिता ने नौ अंक के साथ शुरुआत की जबकि कुमकुम ने शानदार 10 अंक लगाए। इसके बाद अनुभवी दीपिका ने नौ अंक हासिल कर भारत की स्वर्णिम जीत सुनिश्चित कर दी।

भारत ने इससे पहले सेमीफाइनल में रिकॉर्ड 10 बार के ओलंपिक चैंपियन दक्षिण कोरिया को हराकर बड़ा उलटफेर किया था। ग्वाटेमाला सिटी और पेरिस में 2021 की विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा रहीं दीपिका के नाम अब सात विश्व कप टीम स्वर्ण पदक हो गए हैं। वहीं भारतीय महिला रिकर्व टीम का यह तीन साल में पहला विश्व कप पदक भी है।

शंघाई विश्व कप में भारत अब तक दो पदक जीत चुका है। कंपाउंड तीरंदाज साहिल जाधव ने कांस्य पदक जीतकर देश का खाता खोला था, जबकि रिकर्व तीरंदाज सिमरनजीत कौर के पास भी पदक जीतने का मौका है।

Related Articles

Back to top button