संजू सैमसन ने जीता दिल, बोले- सीएसके ने भरोसा किया, मैं सब कुछ देने को तैयार
जैसे ही संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स में आने की खबर सामने आई, वैसे ही फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स के बीच यह चर्चा शुरू हो गई कि अब वे कप्तान के तौर पर रुतुराज गायकवाड़ की जगह ले सकते हैं।
हालांकि, आईपीएल 2026 में ऐसा कुछ देखने को नहीं मिला। संजू सैमसन टीम के लिए ओपनिंग करते नजर आए। शुरुआती कुछ मुकाबलों में उनका बल्ला खामोश रहा, लेकिन इसके बाद उन्होंने शानदार वापसी करते हुए खुद को टीम का मैच विनर साबित किया।
दो शतक, एक 87 रन की बेहतरीन पारी और एक मैच में 48 रन बनाकर उन्होंने सीएसके की जीत में अहम भूमिका निभाई। जिन मुकाबलों में सैमसन का बल्ला चला, उनमें टीम को जीत भी मिली। अब संजू सैमसन ने खुद इस बात से पर्दा उठा दिया है कि क्या उन्होंने सीएसके में आने से पहले कप्तानी की कोई मांग रखी थी या नहीं।

राजस्थान रॉयल्स के लंबे समय तक कप्तान रहे संजू सैमसन जब सीएसके से जुड़े, तब हर किसी को यही लगा कि वे एमएस धोनी की जगह विकेटकीपर की भूमिका निभाएंगे और साथ ही टीम की कप्तानी भी संभालेंगे। हालांकि, विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी तो उन्होंने निभाई, लेकिन टीम की कमान अब भी रुतुराज गायकवाड़ के हाथों में ही है।
संजू सैमसन ने सुपर किंग्स पॉडकास्ट के लेटेस्ट एपिसोड में कहा, “नहीं। (क्या कभी सीएसके का कप्तान बनने का ख्याल आया?) मेरे पास पहले से ही एक टीम थी। मेरे पास पहले से ही अपनी जगह थी। मैं वहां से निकलकर एक नई टीम में आना चाहता था। ऐसे में उस ट्रांजैक्शन के दौरान आप कोई डिमांड नहीं रख सकते। सच कहूं तो, आप एक नए घर में जा रहे होते हैं और जब आप नए घर में जाते हैं तो वहां मांगें लेकर नहीं जाते। यही चीज मैंने सीखी है।”
उन्होंने आगे कहा, “आप वहां जाते हैं और अपनी काबिलियत साबित करने की कोशिश करते हैं। आप जैसे हैं, वैसे ही बने रहते हैं, अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं और वहीं से आगे बढ़ते हैं। बहुत सारे मलयाली चेन्नई में काम करते हैं।
बहुत सारे मलयाली दुबई में भी काम करते हैं। आप मलयाली लोगों को इसलिए चुनते हैं क्योंकि वे भरोसे को चुकाने के लिए अपनी जान तक लगा देते हैं। सीएसके ने मुझ पर भरोसा किया और मुझे यहां बुलाया। मैं यहां अपना सब कुछ देने के लिए तैयार हूं।”
संजू सैमसन ने कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “रुतु सच में बहुत अच्छे और अलग तरह के इंडियन क्रिकेट सुपरस्टार हैं। वह एक सुपरस्टार हैं। वह दुनिया की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजियों में से एक को लीड कर रहे हैं, लेकिन वह एक सामान्य सुपरस्टार की तरह व्यवहार नहीं करते।
हो सकता है कि वह बाहर से बहुत ज्यादा कॉन्फिडेंट इंसान की तरह नजर न आते हों, लेकिन मुझे लगता है कि वह भारतीय क्रिकेट सर्कल के सबसे ज्यादा आत्मविश्वासी खिलाड़ियों में से एक हैं। उनके स्तर का कोई दूसरा इंसान अभी तक सिर्फ एक साल के लिए ही किसी फ्रेंचाइजी की कप्तानी कर पाया है।”



