ऑस्ट्रिया से 0-3 की हार, आईटीटीएफ विश्व टीम चैंपियनशिप में भारत का सफर खत्म
आईटीटीएफ विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप फाइनल्स में भारतीय पुरुष टीम का अभियान प्री-क्वार्टर चरण (अंतिम 32) में समाप्त हो गया। इस मैच में ऑस्ट्रिया ने भारत को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
करीब 1 घंटा 34 मिनट तक चले इस मुकाबले में भारत से मानुष शाह ने संघर्षपूर्ण प्रदर्शन किया, जबकि मानव ठक्कर और साथियान ज्ञानसेकरन अपने-अपने मैच आसानी से हार गए। मुकाबले की शुरुआत मानुष शाह ने रॉबर्ट गार्डोस के खिलाफ की।
उन्होंने पहला गेम 11-6 से जीता, लेकिन इसके बाद 7-11 और 3-11 से अगले दो गेम गंवा दिए। चौथे गेम में 11-8 से वापसी करते हुए मैच निर्णायक गेम तक पहुंचाया, जहां उन्हें कड़े मुकाबले में 11-13 से हार का सामना करना पड़ा। यह मैच कुल 46 मिनट तक चला।

इसके बाद भारत 0-1 से पीछे हो गया और अगले दोनों मुकाबलों में भी टीम को निराशा हाथ लगी। मानव ठक्कर को डेनियल हाबेसोन ने 11-7, 11-5, 11-6 से महज 10 मिनट में हराया। साथियान ज्ञानसेकरन ने थोड़ी चुनौती पेश की, लेकिन अंततः उन्हें एंड्रियास लेवेनको के खिलाफ 11-5, 11-8, 11-9 से हार झेलनी पड़ी। इस हार के साथ भारतीय पुरुष टीम का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।



