Trending

महिजीत प्रधान व आरव ढेकियाल का धमाका, वरीय खिलाड़ियों को किया बाहर

आईटीएफ जूनियर जे30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट

लखनऊ। भारत के महिजीत प्रधान व आरव ढेकियाल ने आईटीएफ जूनियर जे30 लखनऊ टेनिस टूर्नामेंट में मुख्य ड्रा के पहले दौर में उलटफेर भरी जीत दर्ज करते हुए सबको चौंका दिया। सोमवार को कई मुकाबलों का परिणाम कड़े संघर्ष के बाद तय हुआ। इसमें शीर्ष वरीय ओम पटेल, चौथी वरीय तेजस रवि व लेथेश एस. कोंबिले ने जुझारू खेल का प्रदर्शन करते हुए अंतिम 16 में जगह बनाई।

मुख्य ड्रा के पहले दिन खेले गए कई रोमांचक मैच

उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन व केसरी स्पोर्ट्स द्वारा टूर्नामेंट का आयोजन मिनी स्टेडियम विजयंतखंड गोमतीनगर के टेनिस कोर्ट पर किया जा रहा है। मुख्य ड्रा में बालक एकल के पहले दौर में भारत के महिजीत प्रधान ने सबसे बड़ा उलटफेर किया।

ओम पटेल, तेजस रवि व लेथेश एस. कोंबिले संघर्षपूर्ण जीत के साथ अंतिम 16 में

उन्होंने तीसरी वरीय शरण सोमासी को 4-6, 6-2, 6-3 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। पहला सेट गंवाने के बाद महिजीत प्रधान ने सटीक सर्विस और आक्रामक शॉट्स के दम पर शानदार वापसी करते हुए अगले दोनों सेट अपने नाम किए।

दूसरी ओर आरव ढेकियाल ने छठी वरीय आरव चावला को 3-6, 7-6(5), 5-4 (रिटायर) से शिकस्त दी। दोनों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। आरव चावला ने पहला सेट जीता जबकि ढेकियाल ने टाईब्रेक में दूसरा सेट जीतकर मैच बराबरी पर ला दिया।

निर्णायक सेट में चावला के हटने के चलते ढेकियाल ने मैच अपने नाम कर लिया। चौथी वरीय भारत के तेजस रवि को जीत के लिए पसीना बहाना पड़ा। उन्होंने हमवतन परंजय सिवाच को डबल टाईब्रेक तक खिंचे बेहद रोमांचक मुकाबले में 7-6(8), 6-7(1), 7-5 से शिकस्त दी।

लेथेश एस. कोंबिले ने तीन सेट तक चले रोमांचक मुकाबले में भारत के ही गौतम शनमुगसुंदरम को 6-4, 1-6, 6-2 से हराया। शीर्ष वरीय भारत के ही ओम पटेल ने भी पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए सार्थक अशोक गायकवाड़ को 4-6, 6-2, 6-1 से पराजित किया।

भारत के वरद उंद्रे ने हमवतन अयान शेट्टी को 6-4, 7-5 से हराया जबकि अद्वित तिवारी ने अभिवाद्य मिश्रा के खिलाफ 7-5, 6-1 से जीत दर्ज की। अन्य मैचों में आठवीं वरीय प्रदन्येश शेलके ने मनन राय को 7-5, 6-0 से और दूसरी वरीय विवान ने इवान साहा को 6-4, 6-2 से हराकर अगले दौर में स्थान सुरक्षित किया।

टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन मुख्य अतिथि केएस प्रताप (आईपीएस) ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया। इस दौरान विशिष्ट अतिथि के तौर पर यूपी टेनिस एसोसिएशन के सचिव पुनीत अग्रवाल, कर्नल नरेश रज़ोरा और ब्रिगेडियर एके सिन्हा की भी गरिमामयी मौजूदगी रही। इस अवसर पर आयोजन सचिव समित केसरी ने अतिथिगण का स्वागत किया।

Related Articles

Back to top button