आईपीएल : ‘गर्लफ्रेंड कल्चर’ पर सख्त होगा बीसीसीआई, नए नियम लाने की तैयारी
आईपीएल 2026 के दौरान खिलाड़ियों के ‘गर्लफ्रेंड कल्चर’ से बीसीसीआई नाराज है। बोर्ड इसे रोकने के लिए सख्त कदम उठाने वाला है। रिपोर्ट के मुताबिक आईपीएल में गर्लफ्रेंड कल्चर पर रोक लगाने के लिए बीसीसीआई जल्द ही नए नियमों का मसौदा तैयार करने जा रहा है।
आईपीएल के दौरान कई खिलाड़ी अपनी महिला पार्टनर्स के साथ न सिर्फ टीम की बस से यात्रा कर रहे हैं बल्कि टीम होटल में भी रुक रहे हैं। इससे टीमों के अंदर की बातें लीक होने का खतरा लगातार बना हुआ है।
एक हिंदी अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई इस तरह के कल्चर के दीर्घकालिक संभावित नतीजों को लेकर चिंतित है। बोर्ड का मानना है कि आगे कोई बड़ा विवाद जन्म ले या आंतरिक मामले लीक हों, उससे बेहतर होगा कि इसे लेकर साफ-साफ नियम बनाए जाएं।

टूर्नामेंट के दौरान पहले ही कुछ विवाद हो चुके हैं जिससे बीसीसीआई असहज हुई है। राजस्थान रॉयल्स के मीडिया मैनेजर रोमी भिंडर डगआउट में मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते देखे गए थे। बाद में उसी फ्रेंचाइजी के कप्तान रियान पराग ड्रेसिंग रूम में ई-सिगेट पीते हुए देखे गए थे। इस मामले में भिंडर और पराग को जुर्माने का सामना करना पड़ा।
आगे कोई विवाद न हो, इसलिए बीसीसीआई आईपीएल में खिलाड़ियों के गर्लफ्रेंड को साथ रखने, घूमने को लेकर नए नियम बनाने और उसे लागू करने की तैयारी कर रहा है। नए नियम अगले आईपीएल सीजन से लागू किए जा सकते हैं।
आईपीएल में हिस्सा ले रहे कई खिलाड़ी अपनी कथित महिला मित्रों के साथ अक्सर देखे जा रहे हैं। हार्दिक पांड्या, यशस्वी जायसवाल, ईशान किशन और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ियों को अक्सर अपनी कथित गर्लफ्रेंड्स के साथ टीम की बसों से सफर करते और टीम होटल में उनके साथ ठहरते हुए देखा रहा है।
कुछ मामलों में ये भी सामने आया है कि टीम बस के रवाना होने में सिर्फ इसलिए देरी हुई कि किसी खास खिलाड़ी की कथित गर्लफ्रेंड के आने का इंतजार किया जा रहा था।
रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई कुछ खिलाड़ियों के महिला पार्टनर्स के ‘इन्फ्लुएंसर’ स्टेटस से चिंतित है। न्यूज रिपोर्ट में कहा गया है कि कुछ खिलाड़ियों की जो गर्लफ्रेंड इन्फ्लुएंसर हैं, वो पहले बेटिंग यानी सट्टेबाजी से जुड़ी वेबसाइट को भी प्रमोट कर चुकी हैं।
रिपोर्ट में बीसीसीआई के एक पदाधिकारी के हवाले से कहा है कि बीसीसीआई की अगली बैठक में टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों के गर्लफ्रेंड को साथ रखने को लेकर नियमों के मसौदे पर चर्चा होगी। बोर्ड पहले ही टीम इंडिया के विदेश दौरों को लेकर सख्त नियम बना चुका है।
ऑस्ट्रेलिया में बॉर्डर-गावस्कर सीरीज में हार के बाद बीसीसीआई ने नियम बनाया कि अब 45 दिनों से ज्यादा के विदेशी दौरों पर खिलाड़ियों की पार्टनर और 18 वर्ष से कम के बच्चे अधिक से अधिक 2 हफ्ते तक ही साथ रह सकते हैं।



