Trending

पश्चिमी सिंहभूम में एक लाख का इनामी नक्सली इसराइल पूर्ति ढेर, सारंडा में हाई अलर्ट

पश्चिमी सिंहभूम : जिले के गोइलकेरा और टोंटो थाना क्षेत्र के घने जंगलों में बुधवार तड़के सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में नक्सली इसराइल पूर्ति मारा गया। वह गोइलकेरा थाना क्षेत्र के संगाजटा सासंग साल निवासी था। लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए सिरदर्द बना इसराइल पूर्ति कई नक्सली गतिविधियों में सक्रिय था। उसपर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

 

कोबरा 209 बटालियन सहित अन्य सुरक्षाबल पिछले दो दिन से सारंडा के रूटुगुटू, तूनबेड़ा और बोरोई इलाके में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। बुधवार तड़के करीब साढ़े चार बजे कॉम्बिंग के दौरान घात लगाए नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभालते हुए मुंहतोड़ जवाब दिया। रुक-रुक कर चली इस मुठभेड़ में अंततः इसराइल पूर्ति ढेर हो गया।

 

मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और सघन तलाशी अभियान चलाया। घटनास्थल से हथियारों के साथ नक्सलियों के उपयोग की कई संदिग्ध सामग्री बरामद की गई है, जिससे इलाके में उनकी सक्रियता के ठोस संकेत मिले हैं।

 

पश्चिमी सिंहभूम के एसपी अमित रेणु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गुप्त सूचना पर यह ऑपरेशन चलाया गया था। मुठभेड़ के बाद पूरे सारंडा क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है और अतिरिक्त बलों की तैनाती की गई है।

 

घटना के बाद आसपास के गांवों और जंगलों में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि छिपे अन्य नक्सलियों को भी पकड़कर नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को क्षेत्र में एक बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है, जहां एक सक्रिय और इनामी नक्सली का खात्मा हुआ है।

Related Articles

Back to top button