हरमनप्रीत बोलीं– ‘फिर से रणनीति बनानी होगी’, सीरीज में भारत की करारी हार
पिछले साल वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम को आगामी टी20 विश्व कप 2026 से पहले बड़ा झटका लगा है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए सीरीज में भारतीय टीम को 4-1 से करारी हार मिली।
इस हार पर कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि टी20 विश्व कप से पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली इस निराशाजनक हार के बाद टीम को फिर से एकजुट होकर आगे की दिशा तय करनी होगी। अंतिम टी20 में भारत को 156 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए एक बार फिर बल्लेबाजी में खराब प्रदर्शन करना पड़ा और टीम 23 रन से हार गई।
इंग्लैंड में होने वाले टी20 विश्व कप से ठीक दो महीने पहले मिली यह हार टीम के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है। मैच के बाद हरमनप्रीत ने कहा, “हमें एक टीम के रूप में बैठकर सोचना होगा कि आगे कैसे बढ़ना है। यह हमारे लिए निराशाजनक है, लेकिन इससे हमें कई सकारात्मक बातें और सीखने के मौके भी मिले हैं।”

भारत की शुरुआत बेहद खराब रही और पहले चार ओवर के भीतर ही शेफाली वर्मा और जेमिमा रोड्रिग्स के विकेट गिर गए। इसके बाद टीम संभल नहीं पाई क्योंकि दक्षिण अफ्रीका ने नियमित अंतराल पर विकेट हासिल किए।
हरमनप्रीत ने आगे कहा, “आज हमने बीच-बीच में अच्छा खेल दिखाया, लेकिन बल्लेबाजी में पावरप्ले हमारे लिए नुकसानदेह साबित हुआ। हम ज्यादा रन नहीं बना सके और दो विकेट भी गंवा दिए। यह निराशाजनक है और हमें लगातार मेहनत करने की जरूरत है।”
दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोलवार्ट ने एक बार फिर शानदार नेतृत्व करते हुए 56 गेंदों पर नाबाद 92 रन बनाए और टीम की पारी को संभाला, भले ही बीच-बीच में विकेट गिरते रहे।
वोलवार्ट ने पांच मैचों की इस सीरीज में कुल 330 रन बनाए और वह अपने करियर की बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रही हैं। उन्होंने अपनी पिछली सात अंतरराष्ट्रीय पारियों में से छह में 50 से अधिक रन बनाए हैं। उन्हें इस टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी भी चुना गया।
उन्होंने कहा, “पिछले कुछ महीनों में हमने हर विभाग में काफी सुधार किया है, इसलिए यह सत्र हमारे लिए बहुत अच्छा रहा।” पिच को लेकर वोलवार्ट ने कहा कि यह चुनौतीपूर्ण थी। उन्होंने बताया, “आज विकेट थोड़ा मुश्किल था, लेकिन पावरप्ले शानदार रहा। हमने पावरप्ले में जिस तरह आक्रामक बल्लेबाजी की, वह मुझे बहुत पसंद आया।
हमें लगा था कि विकेट सपाट होगा, लेकिन जब यह धीमा और कम उछाल वाला निकला तो हमें ज्यादा हैरानी नहीं हुई। पहले बल्लेबाजी करना सही फैसला था। हमेशा कुछ न कुछ ऐसा होता है जिसमें सुधार की जरूरत होती है, और कैचिंग उनमें से एक है।”



