चीन से हारकर उबर कप से बाहर हुई भारतीय महिला टीम, अब थॉमस कप में भिड़ेंगे पुरुष धुरंधर
डेनमार्क के हॉर्सेंस में हो रहे उबर कप फाइनल्स में भारतीय महिला बैडमिंटन टीम का अभियान चीन के खिलाफ 0-5 की हार के साथ समाप्त हो गया। दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने मजबूत स्थिति के बावजूद मैच गंवा दिया, जिससे भारत के लिए वापसी के रास्ते बंद हो गए।
भारत ने अपने अभियान की शुरुआत मेजबान डेनमार्क से 2-3 की हार के साथ की थी, लेकिन इसके बाद यूक्रेन को 4-1 से हराकर उम्मीदें जगाई थीं। 16 बार की चैंपियन चीन के खिलाफ टीम को कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा।
पहले एकल मुकाबले में पीवी सिंधु ने दुनिया की नंबर-2 खिलाड़ी वांग झी यी के खिलाफ शानदार शुरुआत की। निर्णायक गेम में 18-12 की बढ़त लेने के बावजूद सिंधु मैच को अपने नाम नहीं कर सकीं और 16-21, 21-19, 19-21 से हार गईं। इस हार से चीन ने 1-0 की बढ़त बनाई।

पहले युगल मुकाबले में प्रिया कोंजेंगबाम और श्रुति मिश्रा की जोड़ी को विश्व नंबर-1 लियू शेंग शू और तान निंग के खिलाफ 11-21, 8-21 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद दूसरे एकल में इशारानी बरुआह ने टोक्यो ओलंपिक चैंपियन चेन यूफेई को कड़ी टक्कर दी, महत्वपूर्ण मौकों पर चूक के कारण 22-20, 21-13 से हार गईं, जिससे चीन ने 3-0 की अजेय बढ़त बना ली।
दूसरे युगल में ट्रीसा जॉली और काविप्रिया सेल्वम ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन लुओ शू मिन और झांग शू शियान की जोड़ी के खिलाफ 10-21, 21-12, 19-21 से हार गईं। तीसरे एकल में देविका सिहाग ने अच्छी शुरुआत की, लय बरकरार नहीं रख सकीं और शू वेन जिंग के खिलाफ 21-19, 17-21, 10-21 से हार गईं।
अब सभी की नजरें भारतीय पुरुष टीम पर होंगी, जो बुधवार को थॉमस कप में चीन से भिड़ेगी। भारत, जो 2022 का चैंपियन है, ने ग्रुप ए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 5-0 से हराकर क्वार्टरफाइनल मंब जगह बना ली है। भारत और चीन दोनों ग्रुप में शीर्ष स्थान पर हैं और बुधवार को होने वाला मुकाबला ग्रुप विजेता का फैसला करेगा।



