डग ब्रेसवेल ड्रग्स केस में फंसे, दूसरी बार कोकीन लेने पर 2027 तक बैन
35 वर्षीय ऑलराउंडर डग ब्रेसवेल का 25 सितंबर, 2025 को चेम्सफोर्ड में समरसेट के साथ एसेक्स के मैच के दौरान कोकीन टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया था। बाद में उन्होंने माना कि उन्होंने पहले दिन के खेल के बाद और दूसरे दिन से पहले सुबह तक ड्रग लिया था।
ब्रेसवेल ने मैच के पहले दिन बॉलिंग की शुरुआत की थी और दो विकेट लिए थे, जिससे समरसेट का स्कोर 339-6 हो गया था। उन्होंने मैच में बैटिंग नहीं की, जिसे एसेक्स ने आखिरकार सात विकेट से जीत लिया। डग ब्रेसवेल के साथ कोकीन का ये दूसरा मामला है। वे पहले भी बैन झेल चुके हैं, लेकिन उसकी समय सीमा बहुत कम थी।
क्रिकेट रेगुलेटर को पिछले साल नवंबर में फेल टेस्ट के बारे में बताया गया और ब्रेसवेल ने 8 दिसंबर को जवाब देकर कोकीन लेने की बात कन्फर्म की। तीन हफ़्ते से भी कम समय बाद 28 दिसंबर को ब्रेसवेल ने प्रोफेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया।

खेल से दूर होने के बावजूद, ब्लैक कैप्स के इस पूर्व खिलाड़ी पर दो साल का सस्पेंशन लगा दिया गया, जो उनके प्रोविजनल बैन की तारीख 24 नवंबर 2025 से लागू हो गई है, जो 23 नवंबर 2027 तक चलेगी। वे पहले ही रिटायरमेंट ले चुके हैं।
ब्रेसवेल ने सजा को स्वीकार कर लिया है। उधर, काउंटी ने एक बयान में कहा, “एसेक्स कन्फर्म कर सकता है कि डग ब्रेसवेल सितंबर 2025 में एक रूटीन ड्रग्स टेस्ट में फेल हो गए थे। क्लब क्रिकेट रेगुलेटर के दो साल की इनएलिजिबलिटी पीरियड लगाने के फैसले का सपोर्ट करता है।
सभी कर्मचारियों को प्रोफेशनल कंडक्ट के सबसे ऊंचे स्टैंडर्ड पूरे करने होंगे। हालांकि, क्लब ब्रेसवेल के बर्ताव को सपोर्ट नहीं करता है, लेकिन हम अपनी पॉलिसी और प्रोसीजर के हिसाब से रिहैबिलिटेशन में उनका सपोर्ट करने के लिए कमिटेड हैं।” यह नया बैन 2024 में हुए ड्रग्स उल्लंघन के बाद लगा है, जब न्यूज़ीलैंड में एक घरेलू टी20 मैच के बाद ब्रेसवेल को कोकीन के लिए पॉज़िटिव पाया गया था।
उस मैच में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था। 21 रन देकर 2 विकेट लिए थे और दो कैच पकड़ने के अलावा 11 गेंदों में 30 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड हासिल किया था। उस मामले में उन पर तीन महीने का सस्पेंशन था, लेकिन ट्रीटमेंट प्रोग्राम पूरा करने के बाद इसे घटाकर एक महीने कर दिया गया था। हालांकि, इस बार उन पर दो साल का बैन लगा है।



