गुजरात : बंटवारे के लिए मुसलमान नहीं, कांग्रेस थी जिम्मेदार, ओवैसी का तीखा हमला बोले- BJP को सिर्फ AIMIM ही रोक सकती है

अहमदाबाद : गुजरात में निकाय चुनावों की सरगर्मी के बीच AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने कांग्रेस और बीजेपी दोनों पर एक साथ बड़ा हमला बोला है। लिंबायत में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने न केवल इतिहास के पन्नों को कुरेदा, बल्कि मुस्लिम समुदाय को अपनी राजनीतिक ताकत पहचानने का आह्वान भी किया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि देश के बंटवारे का कलंक मुसलमानों पर मढ़ना गलत है, इसके लिए असल जिम्मेदार कांग्रेस पार्टी थी।
वोट को अमानत समझें, लावारिस नहीं हैं हम: ओवैसी
गुजरात की 26 अप्रैल को होने वाली स्थानीय निकाय सीटों के लिए प्रचार करते हुए ओवैसी ने जज्बाती कार्ड खेला। उन्होंने जनता से कहा, “वोट एक अमानत है, इसका इस्तेमाल अपनी जमात और अपने हक के लिए करो। गुजरात में हमें यह साबित करना है कि हम लावारिस नहीं हैं। हम इंसान हैं और हमारी आवाज को अब अनसुना नहीं किया जा सकता।” उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि लोकतंत्र में उसी की बात सुनी जाती है, जिसका अपना मजबूत नेतृत्व (लीडर) होता है।
कांग्रेस के बस की बात नहीं BJP को रोकना
ओवैसी ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यह सोचना गलत है कि कांग्रेस को वोट देकर बीजेपी को रोका जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी को अगर कोई संवैधानिक दायरे में रहकर, उनकी आंखों में आंखें डालकर चुनौती दे सकता है और अधिकार छीन सकता है, तो वह सिर्फ AIMIM है। उन्होंने कहा, यह समय उठ खड़े होने और अपने वजूद का दावा करने का है, न कि किसी के पीछे पिछलग्गू बनकर रहने का।
बंटवारे का सच: मौलाना आजाद की किताब का दिया हवाला
इतिहास का जिक्र करते हुए ओवैसी ने कहा कि मुसलमानों पर अक्सर विभाजन का आरोप लगाया जाता है, लेकिन हकीकत कुछ और है। उन्होंने मौलाना आजाद की प्रसिद्ध किताब ‘इंडिया विन्स फ्रीडम’ का उदाहरण देते हुए कहा, “मौलाना आजाद खुद गांधी और नेहरू के पास गए थे और उनसे हाथ जोड़कर गुहार लगाई थी कि देश का बंटवारा न होने दें। फिर बंटवारे के लिए मुसलमान जिम्मेदार कैसे हो गए? क्या कांग्रेस पार्टी उन फैसलों में शामिल नहीं थी?”
‘वोट कटवा’ के आरोपों पर ओवैसी का पलटवार
अक्सर लगने वाले ‘बीजेपी की बी-टीम’ या ‘वोट कटवा’ के आरोपों पर ओवैसी ने आंकड़ों के साथ जवाब दिया। पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, “बंगाल में कांग्रेस और टीएमसी सभी सीटों पर लड़ रहे हैं, मैं सिर्फ 11 सीटों पर हूं। फिर भी उन्हें मेरे चुनाव लड़ने से तकलीफ है। आप मेरी 11 सीटें भूल जाइए, बाकी की 270 सीटें जीतकर बीजेपी को क्यों नहीं हरा देते?” उन्होंने सवाल किया कि मुस्लिम समाज को अपना नेतृत्व बनाने से आखिर कब तक रोका जाएगा?



