धोनी के बिना सीएसके का सूखा खत्म: 16 साल बाद मिली जीत, दिल्ली फिर बनी ‘लकी चार्म’
चेन्नई सुपर किंग्स अपना सिर्फ 9वां मैच आईपीएल के इतिहास का खेलने उतरी, जब प्लेइंग इलेवन में महेंद्र सिंह धोनी शामिल नहीं थे। इसी सीजन चार बार ऐसा हुआ है, जबकि पिछले 18 साल के इतिहास में 16 सीजन खेलने वाली सीएसके के लिए कुल 5 बार एमएस धोनी उपलब्ध नहीं थे।
आपको जानकर हैरानी होगी कि अब तक एमएस धोनी के बिना सीएसके ने 9 मैच खेले हैं और सिर्फ दो ही मैचों में टीम को जीत मिली है। इससे भी ज्यादा चौंकाने वाली बात ये है कि दोनों बार दिल्ली की टीम ही उनके सामने रही है।
16 साल लंबे इंतजार के बाद चेन्नई सुपर किंग्स ने एमएस धोनी के बिना कोई आईपीएल मैच जीता है। एमएस धोनी ने साल 2010 में 3 मैच चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल में मिस किए थे, जबकि 2019 में दो मैचों में एमएस धोनी बाहर बैठे।

इसके अलावा 2026 में वे अब तक 4 मैच मिस कर चुके हैं। एमएस धोनी के बिना चेन्नई की टीम ने 19 मार्च 2010 को पहला मुकाबला जीता था और अब 11 अप्रैल 2026 को 16 साल के इंतजार के बाद दूसरा मुकाबला जीता है। इस बीच सात मैच कुल सीएसके ने बिना धोनी के खेले और उन सभी में हार झेली।
हैरानी की बात ये है कि आखिरी बार जब बिना धोनी के चेन्नई सुपर किंग्स जीती थी तो उस समय 2010 में भी दिल्ली कैपिटल्स (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) उनके सामने थी और अब 2026 में भी दिल्ली कैपिटल्स सीएसके के सामने थी।
इस बीच चेन्नई को बिना धोनी के 2010 में पंजाब किंग्स (तब किंग्स इलेवन पंजाब) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से मैच हारना पड़ा। 2019 में सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस से टीम को हार मिली, जबकि 2026 में राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से टीम को हार का सामना करना पड़ा।
बता दें, एमएस धोनी आईपीएल 2026 के लिए सीएसके का हिस्सा हैं, लेकिन 4 करोड़ रुपये में अनकैप्ड प्लेयर के तौर पर रिटेन किए गए धोनी चोटिल हैं। वे दो सप्ताह के लिए आईपीएल से बाहर थे। उम्मीद की जा रही है कि आने वाले मैचों में सीएसके को उनकी सेवाएं मिलने वाली हैं। उनकी जगह संजू सैमसन विकेटकीपर के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।



