नया ‘फिनिशर’ तैयार: मुकुल चौधरी ने धोनी के अंदाज में जिताया मैच, जड़े 7 छक्के
आईपीएल 2026 में गुरुवार को ईडन गार्डेन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले गए मुकाबले के बाद क्रिकेट फैंस की जुबान पर सिर्फ एक ही नाम छाया हुआ है—मुकुल चौधरी।
मुकुल चौधरी ने लगभग केकेआर के पक्ष में जा चुके मैच को अपनी शानदार पारी के दम पर एलएसजी की झोली में डाल दिया। उन्होंने 27 गेंदों पर नाबाद 54 रन बनाए, जिसमें 7 जबरदस्त छक्के थे। उनके छक्के लगाने के अंदाज और मैच को फिनिश करने की कला ने फैंस को एमएस धोनी की याद दिला दी। धोनी को अपना आदर्श मानने वाले मुकुल ने उनका मशहूर हेलीकॉप्टर शॉट भी खेला।
मैच के बाद अपनी पावर हिटिंग को लेकर मुकुल चौधरी ने कहा, “मेरा शरीर थोड़ा मजबूत है और यह मेरे अंदर स्वाभाविक रूप से आया है। मैं रोज़ाना 100-150 छक्के लगाने की प्रैक्टिस करता हूं, जिससे बैट की स्पीड बढ़ती है। पिछले पांच-छह महीनों से लगातार अभ्यास कर रहा हूं, और इसका असर अब मेरे खेल में दिख रहा है।”

हेलीकॉप्टर शॉट के बारे में उन्होंने कहा, “मैं बचपन से ही इस शॉट की प्रैक्टिस करता आया हूं। मुझे यह हमेशा पसंद रहा है, खासकर जिस तरह एमएस धोनी पारी को खत्म करते थे। वह यॉर्कर गेंदों पर भी छक्का मार देते थे। अगर आप ऐसी गेंद पर भी छक्का लगा दें, तो गेंदबाज को अपनी रणनीति बदलनी पड़ती है।”
मुकुल की इस शानदार पारी से एलएसजी के कोच जस्टिन लैंगर भी काफी प्रभावित नजर आए। लैंगर ने कहा, “हमें पूरा भरोसा है कि चौधरी और ऊंचाइयों तक जाएंगे। वह बहुत युवा हैं और उनकी आंखों में एक अलग चमक है। उनमें आगे बढ़ने की भूख है। जब कोई खिलाड़ी शुरुआत करता है, तो वह कड़ी मेहनत करता है, और यह पल उसके करियर के लिए बेहद खास साबित होगा।”
लैंगर ने कुछ समय पहले यह भी कहा था कि वह चौधरी को चार महीनों के भीतर भारत का सबसे खतरनाक नंबर 6 या नंबर 7 बल्लेबाज बना सकते हैं। अनकैप्ड खिलाड़ी मुकुल चौधरी को उनके घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन के आधार पर एलएसजी ने आईपीएल 2026 की मिनी नीलामी में 2.6 करोड़ रुपये में खरीदा था।



