Trending

भारतीय महिला मुक्केबाजों का दमदार प्रदर्शन, प्रीति के साथ प्रिया और अरूंधति फाइनल में

एशियाई मुक्केबाजी चैम्पियनशिप से निकहत-लवलीना बाहर

उदीयमान भारतीय मुक्केबाज प्रीति पवार ने पेरिस ओलंपिक कांस्य पदक विजेता कोरिया की ऐजी इम को हराकर एशियाई मुक्केबाजी चैम्पियनशिप के फाइनल में जगह बनाई, निकहत जरीन और लवलीना बोरगोहेन हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गईं।

प्रिया और अरूंधति चौधरी ने भी अपने-अपने सेमीफाइनल मुकाबले जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं, विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता पूजा रानी और अंकुशिता बोरो को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

Photo credit: Asian Boxing (प्रिया)

एशियाई खेलों की कांस्य पदक विजेता प्रीति ने तीन राउंड के मुकाबले में इम को 5-0 से हराया। अब फाइनल में उनका मुकाबला तीन बार की विश्व चैम्पियन (2019, 2023, 2025) और टोक्यो ओलंपिक 2020 की कांस्य पदक विजेता चीनी ताइपे की हुआंग सियाओ वेन से होगा।

महिलाओं के 60 किलोग्राम वर्ग में प्रिया ने स्थानीय मुक्केबाज नामून मोंखोर को 5-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अब उनका सामना उत्तर कोरिया की उन जियोंग वोन से होगा। अरूंधति ने 70 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में उजबेकिस्तान की ओइशा तोइरोवा को 4-1 से हराया। अब फाइनल में उनका मुकाबला कजाखस्तान की बेकित सेइदिश से होगा।

Photo credit: Asian Boxing (निकहत जरीन)

दो बार की विश्व चैम्पियन निकहत को 51 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में ओलंपिक पदक विजेता चीन की वू यू ने 5-0 से हराया। इस मुक्केबाज के खिलाफ निकहत की यह दूसरी हार रही।

टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लवलीना को 75 किलोग्राम वर्ग में विश्व चैम्पियनशिप कांस्य पदक विजेता उजबेकिस्तान की अजीजा जोकिरोवा ने 5-0 से पराजित किया। पहले दौर में बाय मिलने के बाद यह टूर्नामेंट में लवलीना का पहला मुकाबला था।

Photo credit: Asian Boxing (अरूंधति चौधरी)

अंकुशिता को चीनी ताइपे की नियेन चिन चेन ने 3-0 से हराया। वहीं महिलाओं के 80 किलोग्राम वर्ग में पूजा रानी को सेमीफाइनल में कजाखस्तान की एन रियाबेत्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

Related Articles

Back to top button