मार्टिनेज की वापसी बनी इंटर मिलान की ताकत, रोमा पर 5-2 की बड़ी जीत
लोटारो मार्टिनेज ने चोट से वापसी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया और दो गोल दागे। उनकी इस बेहतरीन खेल से इंटर मिलान ने रोमा को 5-2 से हराकर इटालियन फुटबॉल लीग सीरी ए में खिताब जीतने की अपनी उम्मीदों को और मजबूत कर लिया।
इंटर मिलान के लिए यह जीत खास रही क्योंकि उसने प्रतियोगिता में पिछले चार मैचों से चली आ रही जीत रहित लय को भी खत्म कर दिया। सैन सिरो स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मार्टिनेज ने दूसरे और 52वें मिनट में गोल किए।
उनके अलावा हाकान चालहानोग्लू, मार्कस थुरम और निकोलो बरेला ने भी टीम के लिए गोल दागे। वहीं रोमा की ओर से जियानलुका मैनसिनी और लोरेंजो पेलेग्रिनी ने गोल किए।

इस जीत के साथ इंटर मिलान के 31 मैचों में 72 अंक हो गए हैं, जिससे उसने तालिका में अपनी शीर्ष स्थिति को और मजबूत कर लिया है। अब वह दूसरे स्थान पर मौजूद एसी मिलान से नौ अंक आगे है, जबकि मौजूदा चैंपियन नेपोली से उसकी बढ़त 10 अंकों की हो गई है।



