उत्तर प्रदेश महिला हॉकी टीम ने खेलो मास्टर्स में रचा इतिहास, स्वर्ण व कांस्य पदक जीते

लखनऊ। चंडीगढ़ में 20 से 22 मार्च 2026 तक आयोजित 5वें खेलो मास्टर्स नेशनल गेम्स 2026 में उत्तर प्रदेश की महिला हॉकी टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया।
50 प्लस (50+) महिला हॉकी टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए हिमाचल प्रदेश को 2-0 के स्कोर से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासन, अनुभव और जुझारूपन का बेहतरीन परिचय दिया।

वहीं 40 प्लस (40+) महिला हॉकी टीम ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए तीसरे स्थान के लिए चंडीगढ़ के साथ हुए मुकाबले में बराबरी हासिल की। इसके परिणामस्वरूप टीम को संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्रदान किया गया और कांस्य पदक से सम्मानित किया गया।
विशेष रूप से डॉ. शशी सिंह (हॉकी कोच), सुनीता कनौजिया (अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी), सुनीता तिवारी, अनीता सिंह, रजिया सुल्तान, शीला गौतम एवं रेनू ने 40+ वर्ग में भी शानदार खेल दिखाते हुए टीम को सफलता दिलाई। इन खिलाड़ियों ने 50+ वर्ग में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस प्रकार उत्तर प्रदेश की महिला हॉकी टीमों ने 50+ वर्ग में स्वर्ण तथा 40+ वर्ग में भी खेल कर कांस्य पदक जीतकर प्रदेश को गौरवान्वित किया।
इस उपलब्धि पर प्रदेश के खेल प्रेमियों, खिलाड़ियों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया गया।



