‘अगर आपको ईरान से इतनी मोहब्बत है तो वहीं चले जाओ’, पाकिस्तान में आसिम मुनीर ने शिया धर्मगुरुओं को दी धमकी

Pakistan Asim Munir : पाकिस्तान में हाल ही में एक विवादित बैठक ने राजनीतिक और धार्मिक हलकों में खलबली मचा दी है। पाकिस्तान के चीफ ऑफ़ डिफेंस फोर्सेज फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने बीते गुरुवार (19 मार्च 2026) को रावलपिंडी के जनरल हेडक्वार्टरस (GHQ) में पाकिस्तान के एक दर्जन से अधिक शिया धर्मगुरुओं के साथ बैठक की।
इस बैठक में देश की स्थिति, ईरान और क्षेत्रीय विवादों पर चर्चा हुई, लेकिन बैठक में मौजूद कुछ सदस्यों का दावा है कि इस दौरान आसिम मुनीर ने शिया समुदाय के साथ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया और उन्हें ईरान चले जाने की सलाह दे डाली।
आसिम मुनीर ने पाकिस्तानी शिया धर्म गुरुओं को दी धमकी
पाकिस्तानी शिया धर्मगुरु अल्लामा आगा शिफा नजफी ने इस बैठक का खुलासा किया है। उन्होंने शुक्रवार (20 मार्च 2026) को इस्लामाबाद में अपनी मस्जिद में पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि बैठक के दौरान आसिम मुनीर ने कहा, “अगर आपको ईरान से इतनी ही मोहब्बत है तो आप ईरान चले जाओ।” उन्होंने बताया कि इस घटना का जिक्र उन्होंने अपने समुदाय के लोगों को किया है।
आगा शिफा नजफी के अनुसार, इस बैठक की शुरुआत में ही आसिम मुनीर ने ईरान के पूर्व राष्ट्रपति अयातुल्लाह अली खामेनेई की हत्या को लेकर पाकिस्तान में हुए प्रदर्शन पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले गिलगिट बाल्टिस्तान में उस दिन सेना की इमारत जलाने जैसी घटना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि आसिम मुनीर का गुस्सा काफी तीव्र था। जब उन्होंने शिया धर्मगुरुओं को आश्वस्त करने का प्रयास किया कि पाकिस्तान की फौज में कई शिया अफसर काम करते हैं और उनके परिवार के सदस्य भी सेना में हैं, तो भी वह अपने गुस्से को नहीं रोक सके। इस दौरान उन्होंने सीधे तौर पर शिया समुदाय को ईरान छोड़कर चले जाने का सुझाव दे दिया।
आगा शिफा नजफी ने आगे कहा, “आज हमसे कहा जा रहा है कि ईरान चले जाओ। क्या कभी इस्लामाबाद या कराची में किसी शिया समुदाय के व्यक्ति ने सैनिक की जान ली है? क्या कभी किसी ने सिर काटकर फुटबॉल खेली है?” उनका सवाल था कि जिन लोगों ने सैनिकों के सिर काटे हैं, उन्हें क्यों नहीं कहा गया कि वे ईरान चले जाएं, लेकिन आज हमसे कहा जा रहा है कि ईरान चले जाओ।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आसिम मुनीर ने बैठक के दौरान पाकिस्तान-ईरान संबंधों का हवाला देते हुए कहा कि यदि ईरान सऊदी अरब पर हमला करता है, तो पाकिस्तान को उसकी रक्षा करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि मुनीर ने यह भी कहा कि पाकिस्तान का रक्षा समझौता सऊदी अरब के साथ है, और यदि ईरान सऊदी पर हमला करता है तो पाकिस्तान को उसकी रक्षा के लिए कदम उठाने होंगे।



