बीबीएल स्टार जैक एडवर्ड्स आईपीएल 2026 से बाहर, हैदराबाद की मुश्किलें बढ़ी
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज़ी ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स पैर की चोट की वजह से आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। एडवर्ड्स को नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद ने 3 करोड़ रूपये में ख़रीदा था।
इस सीजन में वह अपना आईपीएल डेब्यू कर सकते थे, जिसके लिए उन्हें अब इंतज़ार करना होगा। वह 2025 की नीलामी में साइन किए जाने वाले इकलौते अनकैप्ड विदेशी खिलाड़ी थे।
एडवर्ड्स का बीबीएल 2025-26 सीजन काफ़ी अच्छा रहा था, जिसमें उन्होंने सिडनी सिक्सर्स के लिए 13 मैचों में 19 विकेट लिए थे और 133 रन भी बनाए थे।

उन्होंने सिक्सर्स के बीबीएल फ़ाइनल में पर्थ स्कॉर्चर्स से हारने के चार दिन बाद पर्थ में पाकिस्तान के खिलाफ़ टी20 में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया, लेकिन यह प्रदर्शन यादग़ार नहीं रहा।
उन्होंने दो ओवर में 25 रन देकर कोई विकेट नहीं लिया और छह गेंदों में सिर्फ़ 5 रन बना पाए। तब से उन्होंने अपनी राज्य की टीम न्यू साउथ वेल्स के लिए दो शेफ़ील्ड शील्ड मैच खेले हैं, जिनमें से आख़िरी मैच गुरुवार को ही समाप्त हुआ।
यह हैदराबाद के लिए एक और बड़ा झटका है, क्योंकि उनके नियमित कप्तान पैट कमिंस भी लंबर स्ट्रेस समस्या से उबर रहे हैं और सीजन की शुरुआत में उपलब्ध नहीं होंगे। उनकी गैरमौज़ूदगी में ईशान किशन कप्तानी संभालेंगे।
एडवर्ड्स की चोट ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज़ों की चोटों की बढ़ती सूची में एक और नाम जोड़ती है। कमिंस के अलावा जॉश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क और नेथन एलिस चोटों के कारण आईपीएल में आंशिक या पूरी तरह से नहीं खेल पाएंगे।
हैदराबाद 28 मार्च को बेंगलुरु में सीजन के पहले मैच में हिस्सा लेगी, जहां उनका मुक़ाबला मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। सनराइजर्स हैदराबाद के शुरुआती कुछ मैचों की कप्तानी पैट कमिंस की जगह ईशान किशन करेंगे। क्योंकि कमिंस अभी पीठ की चोट के कारण पूरी तरह से रिकवर नहीं हो पाए हैं।



