Trending

फर्रुखाबाद में पूर्व विधायक के घर में बम विस्फोट : दाेनाें बेटों समेत आधा दर्जन पर FIR

फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद शहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार की देर रात पूर्व विधायक विजय सिंह के आवास पर हुए विस्फोट के मामले में उनके बेटे सिक्की और विक्की सहित घायल आधा दर्जन साथियों के विरुद्ध बम बनाए जाने का केस दर्ज कराया है। रिपोर्ट नवाबगंज चौकी इंचार्ज इमरान फरीद ने दर्ज कराई है। कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना घुमना चौकी इंचार्ज अमित कुमार गुप्ता को सौंपी है।

 

नवाबगंज चौकी इंचार्ज इमरान फरीद की ओर से दर्ज करायी गई प्राथमिकी में बताया कि 17 मार्च को लगभग 4 बजे बजे पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी एक ई-रिक्शा में घायल और झुलसे हुए व्यक्तियों को ले जाया जा रहा था। पूछताछ में पता चला कि वे पूर्व विधायक विजय सिंह के बेटे अभिनाश उर्फ विक्की और अभिषेक उर्फ सिक्की हैं। उनके घर में भयानक विस्फोट हुआ था जिसमें 5–6 लोग घायल हो गए।

 

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो घर के बाहर भीड़ और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल था। घर के अंदर फर्श टूटा हुआ था, बेसमेंट की छत उखड़ी हुई थी और सामान बिखरा पड़ा था। मलबे में दबे एक व्यक्ति को निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में ईशु चौरसिया (29), रामवीर यादव (60) राजू मिश्रा (35) भैयालाल (40) सहित अन्य लोग शामिल हैं।

 

पुलिस ने जांच में पाया कि बेसमेंट से विस्फोटक पदार्थों की गंध आ रही थी और दीवारों पर खून के धब्बे थे। पूरे मकान की तीसरी मंजिल तक खिड़कियां, दरवाजे और छत क्षतिग्रस्त हो गए थे। स्थानीय लोगों के अनुसार मंगलवार शाम लगभग 7:30 बजे तेज धमाका हुआ। मौके की स्थिति से स्पष्ट हुआ कि मकान में अवैध रूप से विस्फोटक पदार्थ बनाए जा रहे थे, जिससे यह घटना हुई। इस घटना से इलाके में भगदड़ मच गई और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।

 

पुलिस ने आरोपिताें पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धाराएं 288, 131, 125(ए), 125(बी) तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 व अन्य धाराएं लगाई हैं। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि साक्ष्य जुटाने के लिए डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता बुलाया गया। कानपुर से आई टीम ने घटनास्थल की जांच की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और आरोपियों पर निगरानी रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button