इजरायल का दावा: ईरान के इंटेलिजेंस मंत्री इस्माइल खातिब ढेर, टॉप लीडरशिप पर हमले तेज

इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच बड़ा दावा सामने आया है। इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल कार्ट्ज ने कहा है कि इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) ने ईरान के इंटेलिजेंस मंत्री इस्माइल खातिब को एक बड़े हमले में मार गिराया है। यह कार्रवाई बुधवार (18 मार्च 2026) को रातभर चले ऑपरेशन के दौरान की गई। हालांकि, इस दावे पर अब तक ईरान की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस्माइल खातिब उन अधिकारियों में शामिल थे, जिनके बारे में अमेरिका जानकारी जुटा रहा था और उनका पता बताने वाले के लिए 10 मिलियन डॉलर का इनाम घोषित किया गया था।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री ने सेना को खुली छूट देते हुए कहा है कि वह बिना अतिरिक्त अनुमति के ईरान के किसी भी वरिष्ठ अधिकारी को निशाना बना सकती है। इस बीच IDF ने तेहरान में रिवोल्यूशनरी गार्ड यूनिट, सुरक्षा आपूर्ति केंद्र और मिसाइल सिस्टम पर भी बड़े हमले किए हैं, जिनमें कई लोगों के मारे जाने और घायल होने की खबर है।
इससे पहले ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल ने पुष्टि की थी कि उसके सचिव अली लारीजानी इजरायली हमले में मारे गए। उनके साथ उनके बेटे मोर्तेजा लारीजानी, सुरक्षा मामलों के उप-प्रमुख अलीरेजा बायात और कई अन्य लोगों की भी मौत हुई है।
वहीं, इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने भी पुष्टि की थी कि बसीज अर्धसैनिक बल के प्रमुख घोलमरेजा सोलेमानी की मौत अमेरिका-इजरायल के संयुक्त हमले में हुई है।
लगातार हो रहे इन हमलों से साफ है कि इजरायल अब ईरान की टॉप लीडरशिप को सीधे निशाना बना रहा है, जिससे मध्य पूर्व में हालात और ज्यादा तनावपूर्ण होते जा रहे हैं।



