होप संस्था (हाउस ऑफ पॉलिटिकल एम्पावरमेंट) के आयोजन में शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास पर हुआ गहरा मंथन

उत्तम प्रदेश को सर्वोत्तम प्रदेश बनाना ही प्रतापगढ़ के युवाओं का लक्ष्य, 'युवा नीति संवाद' में 900 से भी अधिक युवाओं ने की सशक्त भागीदारी
युवा शक्ति को अवसर, कौशल और प्रशिक्षण देने की दिशा में बढ़ते कदम : होप फाउंडेशन
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना और राज्य युवा आयोग के जरिए युवाओं को सशक्त बनाने पर जोर
युवाओं को केवल योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि नीति-निर्माण में सक्रिय भागीदार बनने का आह्वान
संवाद में युवाओं ने बेबाकी से रखी राय, कहा- लोकतंत्र का आधार युवा भागीदारी
प्रतापगढ़ । 'होप संस्था' (हाउस ऑफ पॉलिटिकल एम्पावरमेंट) के द्वारा प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश के रामलीला मैदान में "युवा नीति संवाद- उत्तर प्रदेश (डिकोडिंग द ग्रासरूट्स)" के अध्याय 4 का भव्य आयोजन किया गया। 'चर्चा, विचार-विमर्श और विकास' की थीम पर आधारित इस महासंवाद में 900 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। "ज़मीनी स्तर की बातचीत से एक मज़बूत उत्तर प्रदेश की ओर" की मूल भावना के साथ आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नीति, विकास और लोकतांत्रिक चर्चा के केंद्र में लाना था। संवाद के दौरान शिक्षा, रोज़गार, कौशल विकास, उद्यमिता, तकनीक, सामाजिक सुरक्षा और स्थानीय विकास जैसे अहम विषयों पर युवाओं ने अपनी नीतिगत प्राथमिकताओं पर खुलकर मंथन किया।
युवाओं की भागीदारी लोकतंत्र का मूल आधार
कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता के रूप में दिल्ली विश्वविद्यालय में प्रवक्ता होप संस्था के संस्थापक डॉ. दिग्विजय सिंह, किरोड़ीमल कॉलेज के प्राध्यापक डॉ. अनंत प्रकाश, विभाग प्रचारक ओमप्रकाश, पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष किसान मोर्चा सोनू सिंह, हंसराज कॉलेज-दिल्ली में प्रवक्ता डॉ. प्रभांशु ओझा एवं समाजसेवक नवीन सिंह ने शिरकत की। वक्ताओं ने स्पष्ट किया कि युवाओं को प्रतापगढ़ की परंपरा, संस्कृति को विश्व स्तर पर ले जाने के लिए प्रयास करना चाहिए। युवा केवल सरकारी योजनाओं के लाभार्थी तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि नीति-निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए। विविध सामाजिक- आर्थिक पृष्ठभूमि से आए युवाओं को विभिन्न सरकारी नीतियों, योजनाओं और विकास कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही इन योजनाओं के प्रभाव और जमीनी स्तर पर इन्हें लागू करने में आ रही चुनौतियों की पहचान की गई। आयोजकों ने आश्वस्त किया कि इस संवाद से प्राप्त सुझावों को नीति-निर्माण से जुड़े संबंधित मंचों और सरकार तक पहुंचाया जाएगा।
उत्तम प्रदेश से सर्वोत्तम प्रदेश बनाना ही युवाओं का लक्ष्य: डॉ. अनंत प्रकाश
किरोड़ीमल महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ. अनंत प्रकाश ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में समाज के विभिन्न वर्गों के लिए जनकल्याणकारी नीतियों को जमीन पर उतारने के प्रयास को महत्वपूर्ण माना और युवाओं को उससे लाभान्वित होने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को अपनी क्षमताओं को पहचानकर उनका उपयोग प्रदेश और देश के विकास में करने की बात की। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए इस बात पर जोर दिया किसी भी प्रकार की बांटने की राजनीति से युवाओं को बचना चाहिए।
जेन-जी युवा राष्ट्र की सांस्कृतिक शक्ति से परिपूर्ण भारत का भविष्य है: ओम प्रकाश
विभाग प्रचारक ओमप्रकाश जी ने युवा शक्ति को संबोधित करते हुए कहा कि जेन-जी युवा राष्ट्र की सांस्कृतिक शक्ति से परिपूर्ण भारत का भविष्य है। वह अपनी परंपरा से जुड़ा हुआ और अपने सांस्कृतिक मूल्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित है। युवा नीति संवाद युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का सबसे शानदार उपक्रम है। उन्होंने संस्था का ध्यानवाद करते हुए कहा कि होप ने जो उम्मीद जगाई है वह युवाओं में नए नेतृत्व को विकसित करेगी।
माफिया और अपराध के विरुद्ध कार्रवाई शासन की प्राथमिकता : सोनू सिंह
उपाध्यक्ष किसान मोर्चा सोनू सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में माफिया और अपराध के विरुद्ध कार्रवाई को शासन की प्रमुख प्राथमिकता बनाया गया है। सोनू सिंह ने कहा कि अपराध पर नियंत्रण और कानून के राज से ऐसा वातावरण तैयार होता है, जिसमें युवा शिक्षा, रोजगार और अपने भविष्य को लेकर अधिक भरोसे के साथ आगे बढ़ सकते हैं। किसानों के लिए बढ़ती एमएसपी प्रदेश की कुशल नीतियों का परिणाम है जिससे खेती में युवा या रहे हैं।
ज्ञान की धरती प्रतापगढ़ में युवाओं की अहम भूमिका होनी चाहिए- डॉ. प्रभांशु ओझा
प्रवक्ता डॉ. प्रभांशु ओझा ने कहा कि समाज में कोई भी नई क्रांति और रचनात्मकता युवाओं की ही देन है। राजनैतिक जागरूकता के बिना अन्य सभी जागरूकताएं अधूरी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए भारत के निर्माण के सपने में युवाओं की अहम भूमिका है। सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का लाभ उठाकर गांव- देहात के युवा भी यूपीएससी जैसी परीक्षाएं पास कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में राज्य युवा आयोग की स्थापना की घोषणा की है, जो युवाओं की दिशा बदलने में एक बड़ा कदम साबित होगा। उन्होंने प्रतापगढ़ के धरती पुत्र स्वामी करपात्री जी महाराज का स्मरण किया। डॉ.ओझा ने अपनी प्रसिद्ध कविता सुनाई और कहा कि युवा नदियों की तरह हैं जिसकी अनंत यात्राएं है। होप का मतलब है आशा। छोटी-छोटी आशाएं बड़े-बड़े सपनों को साकार करती हैं।
आत्मनिर्भर विकसित भारत युवाओं के द्वारा ही संभव हो सकता है- ओमप्रकाश त्रिपाठी
पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी जी ने रीतिकाल के प्रसिद्ध कवि भिखारीदास की जन्मस्थली और सुमित्रानंदन पंत की कर्मस्थली प्रतापगढ़ को स्मरण किया। उत्तर प्रदेश ने विकास की नई संकल्पना प्रस्तुत की है। बलिया से गाजियाबाद, सोनभद्र से सहारनपुर तक, गंगा एक्सप्रेस वे आज उत्तर प्रदेश में है। यह उत्तर प्रदेश सरकार की कुशल नीतियों का परिणाम है। प्रतापगढ़ का आँवला आज वैश्विक पहचान बना चुका है। युवाओं को नए स्टार्टअप से जुड़कर कार्य करते हुए नए नवाचार करने चाहिए।
युवाओं द्वारा तकनीकी का प्रयोग प्रदेश को सशक्त बनाता है: नवीन सिंह
समाजसेवक नवीन सिंह ने युवा आयोग में युवा और तकनीकी को संबंधित कर जोड़ने का सुझाव दिया। साथ ही युवाओं से जुड़े मुद्दों को सुनने और उनके समाधान की दिशा में ऐसे मंच को महत्वपूर्ण माना। साथ ही युवाओं से इंटरनेट और डिजिटल माध्यमों का सदुपयोग करने की अपील की, ताकि तकनीक उनके ज्ञान, कौशल और करियर को आगे बढ़ाने का साधन बने।
सकारात्मक बदलाव और नीतियों पर संवाद जरूरी : डॉ. दिग्विजय सिंह
होप संस्था के संस्थापक डॉ. दिग्विजय सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि संस्था का सीधा प्रयास उत्तर प्रदेश के युवाओं की आकांक्षाओं को सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समाज में दो तरह की विचारधाराएं हैं- एक सकारात्मक जो अवसर खोजकर निर्माण कर रही है, और दूसरी नकारात्मक जो युवाओं को भटकाकर सड़क पर लाना चाहती है। बदलाव प्रकृति का नियम है। बिना नीतिगत बहस के किसी भी समाधान का निकलना संभव नहीं है। कृषि चौपाल के बाद अब अगले तीन महीनों तक पूरे प्रदेश में युवाओं की बात सरकार तक पहुंचाने का यह अभियान जारी रहेगा।
नीति संवाद युवा नीति का बना आधार : स्टार्टअप और नवाचार की पहल अहम
युवाओं ने स्टार्टअप और नवाचार में हो रहे बदलाव पर अपनी बात रखी। स्थानीय युवा श्रेयाश सिंह ने कहा कि इस संवाद ने ज़मीनी हकीकत और राष्ट्रीय नीतियों के बीच सीधा सेतु बनाने का काम किया है, जिससे हमारी सोच को सही दिशा मिली है। वही राजेश ने बताया कि इस कार्यक्रम से हमने समझा कि नीतियां कैसे काम करती हैं। आज हमें अपनी शिक्षा और रोजगार से जुड़ी ज़मीनी समस्याओं को खुलकर रखने का एक बेहतरीन मंच मिला।
कमलेश ने कहा कि मुझे यहां स्वरोजगार और कौशल विकास से जुड़ी सरकारी योजनाओं की गहराई से जानकारी मिली। ऐसे संवाद से आगे बढ़ने का सही रास्ता मिलता है। वहीं शशांक यादव ने कहा कि हमेशा हम सिर्फ सुनते थे, लेकिन आज हमें अपनी चुनौतियां बताने का अवसर मिला। यह साबित करता है कि हमारी आवाज़ भी नीति-निर्माण का हिस्सा होनी चाहिए। युवाओं ने यह माना कि वास्तव में युवा सोच, मज़बूत लोकतंत्र' का नारा आज सच होता दिखा। लोकतंत्र में हमारी भागीदारी सिर्फ वोट देने तक सीमित नहीं है, नीतियों पर चर्चा करना भी उतना ही जरूरी है।
कार्यक्रम के आयोजन में आशुतोष यादव, उत्सव कुमार राय, आर्यन, हिमांशु द्विवेदी, आदित्यनाथ तिवारी का विशेष सहयोग रहा।
