द इंडियन व्यू

सनराइजर्स हैदराबाद ने 55 रन से जीता मैच, फिर भी टॉप पर पहुंची आरसीबी

सनराइजर्स हैदराबाद ने यहां आईपीएल मैच में 55 रन से जीत हासिल की लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचने से नहीं रोक सकी। सनराइजर्स हैदराबाद अभिषेक शर्मा (56 रन) की आक्रामक बल्लेबाजी, ईशान किशन…

Ragwendra P Singh
May 22, 2026
4 min read
सनराइजर्स हैदराबाद ने 55 रन से जीता मैच, फिर भी टॉप पर पहुंची आरसीबी

सनराइजर्स हैदराबाद ने यहां आईपीएल मैच में 55 रन से जीत हासिल की लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचने से नहीं रोक सकी।

सनराइजर्स हैदराबाद अभिषेक शर्मा (56 रन) की आक्रामक बल्लेबाजी, ईशान किशन (79 रन) के बेखौफ अंदाज और हेनरिक क्लासेन (51 रन) की ताकतवर हिटिंग से 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने में कामयाब रही। आरसीबी को शीर्ष दो में रहने के लिए 166 रन का स्कोर बनाना था और 178 रन से ज्यादा रन का स्कोर बनाने से उसका शीर्ष स्थान तय था।

कप्तान रजत पाटीदार (56 रन) और कृणाल पंड्या (नाबाद 41) के बीच चौथे विकेट के लिए 58 गेंद में 84 रन की भागीदारी से आरसीबी ने 200 रन बनाकर हारने के बावजूद पहला स्थान सुनिश्चित किया। आरसीबी (प्लस 0.783), गुजरात टाइटन्स (प्लस 0.695) और सनराइजर्स हैदराबाद (प्लस 0.524) के 18-18 अंक हैं लेकिन नेट रन रेट से क्रमश: पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।

© Associated Press

अब पहले क्वालीफायर में आरसीबी का सामना 26 मई को धर्मशाला में गुजरात टाइटन्स से होगा। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद 27 मई को एलिमिनेटर में खेलेगी। आरसीबी ने पावरप्ले में तू्फानी शुरूआत की और जैकब बेथेल की अनुपस्थिति में इस सत्र में पहली बार पारी का आगाज करने उतरे वेंकटेश अय्यर (44 रन) की आक्रामक बल्लेबाजी से चार ओवर में 57 रन बना लिए थे।

पांचवें ओवर में ईशान मलिंगा (दो विकेट) ने वेंकटेश की पारी समाप्त की जिनका कैच अभिषेक शर्मा ने लिया जबकि विराट कोहली (15 रन) छठे ओवर में साकिब हुसैन की गेंद पर कवर पर आर स्मरण के हाथों लपके गए। लेकिन तब तक आरसीबी ने छह ओवर में दो विकेट गंवाकर 75 रन बना लिए थे।

© BCCI

देवदत्त पडिक्कल (21 रन) भी ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और मलिंगा की गेंद पर डीप मिडविकेट पर अभिषेक के हाथों लपके गए। दस ओवर बाद आरसीबी का स्कोर तीन विकेट पर 100 रन था। पाटीदार और कृणाल ने टीम को 16.4 ओवर में 166 रन तक पहुंचाकर शीर्ष दो में रहना सुनिश्चित किया। अगले ओवर में पाटीदार ने एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया।

पाटीदार को ट्रेविस हेड (एक विकेट) ने आउट किया। जिसके बाद कृणाल और टिम डेविड (नाबाद 15 रन) ने टीम को 200 रन तक पहुंचाया। इससे पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने घरेलू मैदान पर हर हाल में आक्रामक बल्लेबाजी करने की अपनी रणनीति को बरकरार रखा।

© BCCI

अभिषेक (22 गेंद) ने जहां एक बार फिर 20 गेंद में अर्धशतक जड़ा तो वहीं उप-कप्तान किशन ने सटीक टाइमिंग और चतुर बल्लेबाजी से गैप ढूंढकर महज 44 गेंद में तूफानी पारी खेली। तीसरे नंबर से नीचे बल्लेबाजी करने वाले सभी टीमों के बल्लेबाजों में सबसे निरंतर अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी क्लासेन (24 गेंद) ने जोश हेजलवुड जैसे विश्व-स्तरीय गेंदबाज की गेंदों को मनमुताबिक खेला।

उन्होंने हेजलवुड के तीसरे ओवर (पारी का 13वां ओवर था) में 27 रन बटोरे जिससे टीम ने सुनिश्चित कर लिया कि बल्लेबाजी के लिए एकदम सपाट पिच पर वे 250 रनों के आंकड़ा पार कर लेंगे। किशन और क्लासेन ने तीसरे विकेट के लिए 48 गेंद में 113 रन की साझेदारी निभाई।

पर इसकी शुरुआत अभिषेक ने की, उन्होंने भुवनेश्वर कुमार को उनके पहले स्पेल में पूरी तरह बेअसर कर दिया। उन्होंने भुवनेश्वर की एक गेंद को बड़ी खूबसूरती से लांग ऑफ के काफी बाहर से ऊपर उठाकर अपना पहला छक्का जड़ा। भुवनेश्वर को उन्होंने कोई मौका नहीं दिया और लगातार दो गेंदों पर उन्हें स्क्वायर-लेग के ऊपर से और दूसरी बार डीप मिड-विकेट के ऊपर से फ्लिक किया।

© BCCI

रोमारियो शेफर्ड की गेंदों से दुनिया के नंबर एक टी20 बल्लेबाज को कोई परेशानी होने की उम्मीद नहीं थी, और ऐसा हुआ भी नहीं। उन्होंने शेफर्ड की गेंदों पर सीधे दो छक्के जड़े, जबकि सुयश शर्मा की गेंद को भी उन्होंने बिना ज्यादा फुटवर्क के ही हवा में ऊपर तक पहुंचा दिया।

एक तरफ जहां किशन ने एक छोर पर टिककर बल्लेबाजी की और वैसी ही निरंतरता दिखाई जिसकी उम्मीद उनके जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी से की जाती है, वहीं क्लासेन की तारीफ के लिए शब्द कम पड़ जाएंगे। क्लासेन अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेलते हैं, लेकिन फ्रेंचाइजी क्रिकेट की दुनिया में वह सबसे ज्यादा भरोसेमंद खिलाड़ी बन गए हैं।

आरसीबी के गेंदबाजों ने किशन के पैड्स पर गेंदें डालकर गलती की जिससे उन्हें मनमुताबिक हाथ खोलने का मौका मिल गया। वहीं क्लासेन को न तो सीधी गेंदों से कोई परेशानी हुई और न ही उनके लिए फेंकी गई वाइड गेंदों से।

उन्होंने जिस तरह हेजलवुड की गेंदों को धुना, वह रजत पाटीदार की रणनीति को ध्वस्त करने के लिए काफी था। नीतिश रेड्डी ने नाबाद 29 रन बनाकर पारी को शानदार अंदाज में खत्म किया।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।