विश्व चैंपियनशिप ट्रायल्स : अंतिम पंघाल, वैष्णवी पाटिल और मनीषा भानवाला क्वालीफाई
महिला पहलवान अंतिम पंघाल ने रविवार को विश्व चैंपियनशिप के ट्रायल्स में 53 किग्रा भार वर्ग में बिना किसी समस्या के भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली, वैष्णवी पाटिल (65 किग्रा) और मनीषा भानवाला (62 किग्रा) ने प्रभावशाली…

महिला पहलवान अंतिम पंघाल ने रविवार को विश्व चैंपियनशिप के ट्रायल्स में 53 किग्रा भार वर्ग में बिना किसी समस्या के भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की कर ली, वैष्णवी पाटिल (65 किग्रा) और मनीषा भानवाला (62 किग्रा) ने प्रभावशाली प्रदर्शन के साथ क्वालीफाई किया।

अंतिम 20 साल की उम्र में सीनियर विश्व चैंपियनशिप, एशियाई खेलों और एशियाई चैंपियनशिप में पदक जीत चुकी हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश की पूजा और गुजरात की हिनाबेन को बिना एक भी अंक गंवाए हराया और विजेता बनीं।
अंतिम ने 2022 में देश की पहली अंडर-20 विश्व चैंपियन बनकर सुर्खियां बटोरी थीं और 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई किया था। वह ओलंपिक में विवादों में घिर गई थीं।
पेरिस में मैट में उनका प्रदर्शन फीका रहा और उन्होंने अपनी बहन को अपने मान्यता कार्ड पर खेल गांव भेजकर बड़ा विवाद भी खड़ा कर दिया था। भारतीय कुश्ती महासंघ ने अनुशासनात्मक कार्रवाई पर विचार किया लेकिन ऐसा नहीं किया।
हाल में वह अपने निजी कोच के साथ विदेश में ट्रेनिंग लेना चाहती थीं, लेकिन डब्ल्यूएफआई ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया और उन्हें राष्ट्रीय शिविर में प्रशिक्षण लेने के लिए कहा। पेरिस ओलंपिक के बाद के मुश्किल समय के बारे में पूछने पर अंतिम ने गलती करने की बात स्वीकार की, लेकिन कहा कि ऐसा जानकारी के अभाव में हुआ था।
उन्होंने कहा, ‘‘महासंघ को मुझसे कोई समस्या नहीं थी। भ्रम की स्थिति थी, मैंने भी गलती की। मुझे अहसास नहीं हुआ। ओलंपिक खेल एशियाई खेलों और विश्व चैंपियनशिप से अलग है। मुझे ज्यादा जानकारी नहीं थी। ’’
अंतिम ने कहा, ‘‘एशियाई खेलों में भी खेल गांव था लेकिन हांग्झोउ में एक होटल में रुके थे। इसलिए भ्रम की स्थिति थी, मैंने ऐसा माहौल पहले कभी नहीं देखा था। दबाव था और इसका असर मैच में भी हुआ। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘फिर मुझे शिविर में आने के लिए कहा गया। महासंघ ने मेरी मदद की। मुझे दो टूर्नामेंट में भेजा गया जहां मैंने स्वर्ण पदक जीता। ’’
अंतिम ने कहा, ‘‘मैं कभी भी चीजों को हल्के में नहीं लेती। मुकाबले किसी भी तरफ जा सकते हैं। ’’ अंतिम ने रविवार को आईजी स्टेडियम में हुए ट्रायल्स के दौरान अपनी रणनीति के साथ आक्रामक रुख अपनाया।
पूजा के खिलाफ उनकी रणनीति कारगर रही। अंतिम ने पहले ही मौके पर ‘फितले’ का इस्तेमाल करके पूजा को तीन बार पटक दिया और 6-0 की बढ़त बनाई।
इससे उनकी प्रतिद्वंद्वी के घुटने में चोट लग गई जिसके बाद वह आगे नहीं खेल सकीं। हिनाबेन ने जूली को कड़ी चुनौती दी लेकिन अंतिम के खिलाफ मुकाबला बहुत मुश्किल साबित हुआ। अंतिम तकनीकी और रणनीतिक रूप से अधिक मजबूत थी जिससे उन्होंने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर मुकाबला जीता।
जगरेब में 13 से 21 सितंबर तक खेले जाने वाली विश्व चैंपियनशिप में भारतीय टीम युवा खिलाड़ियों की है जिसमें केवल कुछ ही 20 से अधिक उम्र पहलवान हैं। प्रविष्टियां ज्यादा नहीं थीं जिससे ड्रॉ छोटे रहे। फिर भी 65 किग्रा वर्ग में कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली जिसमें महाराष्ट्र की वैष्णवी पाटिल ने बाजी मारी।
फ्रीडम यादव के खिलाफ उन्होंने 10-6 से जीत हासिल करने के बाद मुस्कान को 7-2 से हराया। वहीं 62 किग्रा वर्ग में केवल मनीषा और मानसी अहलावत ने प्रतिस्पर्धा की।
मनीषा ने 2-0 से जीत हासिल की। ज्योति ने 72 किग्रा वर्ग में हर्षिता को 11-6 से हराया जबकि 76 किग्रा वर्ग में प्रिया मलिक ने अनुभवी किरण को 4-2 से हराया। अन्य विजेताओं में अंकुश (50 किग्रा), निशू (55 किग्रा), तपस्या (57 किग्रा), नेहा (59 किग्रा), और सृष्टि (68 किग्रा) शामिल रहीं।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
