द इंडियन व्यू

वयो साथी : सरकार ने बुजुर्गों के कल्याण के लिए वॉलिंटियर बनने का किया आह्वान, 18 साल से ऊपर के नागरिक ले सकते हैं हिस्सा

Poonam Kumari
November 11, 2026
3 min read
वयो साथी : सरकार ने बुजुर्गों के कल्याण के लिए वॉलिंटियर बनने का किया आह्वान, 18 साल से ऊपर के नागरिक ले सकते हैं हिस्सा

राघवेंद्र प्रताप सिंह

नई दिल्ली: वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, सम्मान और सामाजिक समावेशन को सुनिश्चित करने के लिए सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने 'वयो साथी' (Vayo SAATHI) पहल शुरू की है। यह पहल हाल ही में शुरू किए गए 'वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान' का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) के तहत संचालित की जा रही है। मंत्रालय ने 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी पात्र नागरिकों से इस पहल से जुड़ने की अपील की है।

'वयो साथी' का क्या अर्थ है?

'वयो साथी' शब्द का अर्थ बुजुर्गों के लिए एक मित्र, सहायक और जोड़ने वाले व्यक्ति के रूप में है। यह 'साथी' शब्द का विस्तार है—

Support, Awareness, Assistance, Training, Health and Inclusion

(सहयोग, जागरूकता, सहायता, प्रशिक्षण, स्वास्थ्य और समावेशन)। यह पहल एक डिजिटल रूप से सक्षम स्वयंसेवी कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य बुजुर्गों के समर्थन के लिए एक राष्ट्रव्यापी नेटवर्क बनाना है।

कौन बन सकता है वॉलिंटियर?

मंत्रालय के अनुसार, छात्र, युवा पेशेवर, सामुदायिक स्वयंसेवक और 18 वर्ष से अधिक आयु का कोई भी नागरिक इस पहल के तहत वॉलिंटियर के रूप में पंजीकरण करा सकता है। इसके लिए इच्छुक लोग 'सीनियर सिटिजंस वेलफेयर (SCW) समावेश पोर्टल' पर जाकर या 'जीवन (JEEVAN)' मोबाइल ऐप के जरिए पंजीकरण कर सकते हैं।

वॉलिंटियर क्या काम करेंगे?

पंजीकृत स्वयंसेवक बुजुर्गों के मित्र, सहायक और जोड़ने वाले व्यक्ति के रूप में काम करेंगे। वे वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल सेवाओं, कल्याणकारी जानकारी और सामुदायिक सहायता तक पहुंचने में मदद करेंगे। इसके अलावा, वे डिजिटल साक्षरता, साइबर धोखाधड़ी के प्रति जागरूकता, स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती तथा वृद्ध लोगों के बीच अधिक सामाजिक भागीदारी को भी बढ़ावा देंगे।

'5C' मॉडल पर आधारित है अभियान

यह पूरा अभियान '5C' मॉडल पर आधारित है—*Connect (जुड़ना), Converse (बातचीत करना), Co-create (सह-निर्माण), Contribute (योगदान देना) और Continue (जारी रखना)*। इसका उद्देश्य सामुदायिक मंचों और शैक्षणिक संस्थानों के जरिए पीढ़ियों के बीच निरंतर जुड़ाव स्थापित करना है, ताकि वे अनुभव और कहानियां साझा कर सकें, संयुक्त गतिविधियां कर सकें और ज्ञान तथा कौशल का आदान-प्रदान कर सकें।

12 थीमैटिक क्षेत्रों पर होगा काम

'वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान' के तहत 12 थीमैटिक क्षेत्रों पर काम किया जाएगा, जिनमें '30 मिनट्स टुगेदर', 'टीच मी–आई विल टीच यू', 'माय स्टोरी, माय इंडिया', 'डिजिटल दादा-दादी/डिजिटल साथी', 'जनरेशन हेल्थ एंड वेलनेस' और 'सिल्वर स्किल्स–सीनियर्स एज मेंटर्स' प्रमुख हैं। इनका मकसद साथ-साथ रहना, मौखिक इतिहास को सहेजना, डिजिटल साक्षरता बढ़ाना, साइबर धोखाधड़ी के प्रति जागरूकता पैदा करना और बुजुर्गों को समाज के महत्वपूर्ण योगदानकर्ता के रूप में मान्यता देना है।

क्यों जरूरी है यह पहल?

मंत्रालय के मुताबिक, भारत में तेजी से जनसांख्यिकीय बदलाव हो रहा है। 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की आबादी 2011 में करीब 10 करोड़ थी, जो 2036 तक बढ़कर 23 करोड़ होने का अनुमान है। कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी 8.4% से बढ़कर 14.9% हो जाएगी। शहरीकरण, प्रवासन, बदलती पारिवारिक संरचनाओं और बदलते सामाजिक पैटर्न के कारण पीढ़ियों के बीच नियमित बातचीत के अवसर कम हो गए हैं। यह अभियान वृद्ध लोगों के सामाजिक अलगाव को दूर करने और सामुदायिक सहायता प्रणालियों को मजबूत करने की कोशिश करता है।

क्या मिलेगा प्रमाणपत्र?

मंत्रालय ने कहा है कि इस पहल में भाग लेने वाले पंजीकृत स्वयंसेवकों को उनकी भागीदारी की मान्यता में 'वयो साथी प्रमाणपत्र' भी प्रदान किया जाएगा। मंत्रालय सभी पात्र नागरिकों को 'वयो साथी' वॉलिंटियर के रूप में पंजीकरण कराने के लिए प्रोत्साहित करता है, ताकि एक समावेशी समाज का निर्माण किया जा सके जहां हर वरिष्ठ नागरिक को महत्व दिया जाए, सम्मान दिया जाए और सहायता प्रदान की जाए।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें