प्रज्ञाननंदा और अर्जुन ने ड्रॉ से शुरू किया अभियान, वैशाली को मिली हार
भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा और अर्जुन एरिगैसी ने यहां टोटल शतरंज विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट की ‘फास्ट क्लासिकल’ प्रतियोगिता में दो-दो ड्रॉ के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।

भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञाननंदा और अर्जुन एरिगैसी ने यहां टोटल शतरंज विश्व चैंपियनशिप टूर पायलट की ‘फास्ट क्लासिकल’ प्रतियोगिता में दो-दो ड्रॉ के साथ अपने अभियान की शुरुआत की।
प्रज्ञाननंदा को ग्रुप बी में जर्मनी के विन्सेंट कीमर ने दो बार बराबरी पर रोका, जबकि एरिगैसी ने ग्रुप डी में अमेरिकी खिलाड़ी हैंस नीमन के खिलाफ दोनों बाजियां ड्रॉ खेली। इस तरह से दोनों भारतीय खिलाड़ियों के अब दो-दो अंक हैं।
इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली तीसरी भारतीय खिलाड़ी आर वैशाली की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वह अपने पहले मैच में फ्रांसीसी ग्रैंडमास्टर मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव से हार गई जबकि दूसरा मैच उन्होंने ड्रॉ कराया।
महिला विश्व चैंपियनशिप की चैलेंजर 25 वर्षीय वैशाली ग्रुप डी में अंतिम स्थान पर हैं। इस ग्रुप में वाचियर-लाग्रेव सबसे आगे हैं। एरिगैसी अपने ग्रुप में नीमन, वेस्ली सो और बिबिसारा असाउबायेवा के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
ग्रुप बी में फैबियानो कारुआना और लिएम ले चार-चार अंकों के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि प्रज्ञाननंदा और कीमर दो दो अंक लेकर बराबरी पर हैं। ग्रुप ए में अलीरेज़ा फ़िरोज़जा और जान-क्रिस्टोफ़ डुडा में चार-चार अंकों के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। इयान नेपोम्नियात्ची ने ग्रुप सी में चार अंकों के साथ एकल बढ़त हासिल कर ली है।
विश्व के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन को नीदरलैंड के ग्रैंडमास्टर अनीश गिरी के खिलाफ दो ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। दोनों खिलाड़ी ग्रुप सी में दो-दो अंकों के साथ तीसरे स्थान हैं।
फास्ट क्लासिकल प्रारूप में प्रत्येक खिलाड़ी को 45 मिनट का समय मिलता है। पहली चाल से प्रत्येक चाल पर 30 सेकंड का अतिरिक्त समय जुड़ता जाता है।
सम्बंधित ख़बरें
पहली बार वनडे में कप्तानी करेंगे श्रेयस, भारत की नजरें अजेय बढ़त पर
नियमित कप्तान शुभमन गिल की अनुपस्थिति में कमान संभालने वाले श्रेयस अय्यर न्यूजीलैंड के खिलाफ शुक्रवार को यहां होने वाले चौथे वनडे में इस प्रारूप में कप्तानी के अपने पदार्पण पर विशेष छाप छोड़ना चाहेंगे जिसमें भारतीय टीम की निगाह श्रृंखला में अजेय बढ़त हासिल करने पर होगी।
सीफर्ट ने की भारतीय तेज गेंदबाजों की तारीफ, परिस्थितियों से तालमेल बिठाने में रहे सफल
न्यूजीलैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने गुरुवार को भारत के युवा तेज गेंदबाजी आक्रमण की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने परिस्थितियों से अच्छी तरह तालमेल बिठाया और एक इकाई के रूप में काफी अच्छा प्रदर्शन किया।
एंड्रीवा ने सबालेंका को हराकर डब्ल्यूटीए फाइनल्स के सेमीफाइनल में बनाई जगह
मीरा एंड्रीवा ने अपने ग्रुप मैच में एरिना सबालेंका को सीधे सेटों में हराकर डब्ल्यूटीए फाइनल्स टेनिस टूर्नामेंट की सेमीफाइनल में जगह सुरक्षित की।
टेनिस के रोमांच के लिए तैयार बेंगलुरु, दिसंबर में होगा सितारों का जमावड़ा
वर्ल्ड टेनिस लीग का पांचवां सत्र 17 से 20 दिसंबर तक बेंगलुरु में आयोजित होगा। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय टेनिस सितारों के साथ भारत के शीर्ष और उभरते खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।
