द इंडियन व्यू

राहुल द्रविड़ ने रोहित शर्मा की कप्तानी को बताया बदलाव की मिसाल

पूर्व भारतीय मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने अपने कोचिंग के दौरान के कप्तान रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की। उन्होंने रोहित शर्मा की बदलाव के प्रति खुली सोच को सकारात्मक बताया और कहा कि इससे उनका काम काफी आसान हो गया था,…

Ragwendra P Singh
January 28, 2026
4 min read
राहुल द्रविड़ ने रोहित शर्मा की कप्तानी को बताया बदलाव की मिसाल

पूर्व भारतीय मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने अपने कोचिंग के दौरान के कप्तान रोहित शर्मा की जमकर तारीफ की। उन्होंने रोहित शर्मा की बदलाव के प्रति खुली सोच को सकारात्मक बताया और कहा कि इससे उनका काम काफी आसान हो गया था, क्योंकि कप्तान का संदेश बिना किसी मुश्किल के पूरी टीम तक पहुंच जाता था।

द्रविड़ लगभग तीन साल तक भारत के मुख्य कोच रहे और रोहित की कप्तानी में राष्ट्रीय टीम को अमेरिका में 2024 टी20 विश्व कप में जीत दिलाई। इसके बाद गौतम गंभीर को मुख्य कोच नियुक्त किया गया। रोहित अपने दोस्ताना मजाक के कारण टीम के साथियों के बीच लोकप्रिय थे, जिससे उन्हें एक मजबूत तालमेल बनाने में मदद मिली और उनके लिए टीम में सुधार के बारे में अपने विचार साझा करना आसान हो गया।

कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में महान क्रिकेटर द्रविड़ ने कहा, ‘‘जब आपका कप्तान खड़ा होता है और कहता है, ‘मैं यह जिम्मेदारी लेता हूं, भले ही यह रनों की कीमत पर यह करना पड़े’, तो उस संदेश को टीम के साथियों तक पहुंचाना बहुत आसान हो जाता है। सच तो यह है कि वह हर चीज की अगुआई करते, जिससे बतौर कोच आपका काम बहुत आसान हो गया। ’’

द्रविड़ ने आगे कहा कि उन्होंने रास्ता दिखाया। उन्होंने कहा कि रोहित ने जल्दी ही पहचान लिया था कि भारत के सफेद गेंद के क्रिकेट को बदलने की जरूरत है और वह ऐसे खिलाड़ी बने जिन्होंने खेल को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी ली।

साभार : गूगल

द्रविड़ ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि इस चीज में सबसे आसान हिस्सा रोहित के साथ काम करना था जो खुद भी इस बारे में काफी सोच-विचार करते थे। वह भी पहचान रहे थे कि खेल बदल रहा है। आप जानते हैं, पिछले 10 साल में सफेद गेंद के क्रिकेट में बल्लेबाजी का तरीका, सब कुछ बदलना शुरू हो गया था।

कुछ मायनों में, ऐसा लग रहा था कि हम थोड़े पीछे हैं और हमें इसमें बेहतर होने की जरूरत है। हमें थोड़ा और आगे बढ़ने की जरूरत थी। ’’ पूर्व महान बल्लेबाज ने आगे बताया, ‘‘हमें कुछ और जोखिम उठाने की जरूरत थी। इसलिए तब उनसे बातचीत करना वास्तव में बहुत आसान था।

मुझे लगता है, वह पूरी तरह से सहमत थे। वह ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने खेल को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी ली। ’’ रोहित की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए द्रविड़ ने कहा कि पूर्व कप्तान ने खुद को शानदार तरीके से आधुनिक खेल की जरूरतों के हिसाब से ढाला।

उन्होंने कहा, ‘‘उसका (रोहित का) रिकॉर्ड पहले से ही शानदार था। मेरा मतलब है, 2019 विश्व कप में उसका प्रदर्शन बिल्कुल शानदार था। पांच शतक। और आप जानते हैं कि एक खास लय में खेलना, लेकिन उस लय को बदलने की जरूरत थी। ’’द्रविड़ का मानना है कि कोचिंग एक लगातार बदलने वाली प्रक्रिया है, जिसमें जो आज प्रासंगिक है, वह कल पुराना हो सकता है और कोच को बदलाव के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘एक कोच के तौर पर सीखने वाली बात यह है कि आपको कभी भी वैसे कोचिंग नहीं देनी चाहिए जैसे आपने खुद की थी। मुझे लगता है कि अब हालात बहुत बदल गए हैं। आप जानते हैं कि स्वर्गीय श्री (केकी) तारापोर एक शानदार कोच थे, एक शानदार इंसान थे। अगर मैं गेंद को हवा में मारता था तो वह मुझे मैदान में दौड़ाते थे। उन्होंने कहा था कि तुम्हें गेंद को जमीन पर रखना है।’’

तारापोर को द्रविड़ और अनिल कुंबले सहित कई महान क्रिकेटरों को कोचिंग देने का श्रेय दिया जाता है। द्रविड़ ने कहा, ‘‘आप जरा सोचिए, अगर मुझे अब उनके द्वारा कोचिंग दी जाती और गेंद को जमीन पर रखने और हवा में नहीं मारने के लिए कहा जाता तो यह काम नहीं करेगा। इसलिए, मुझे लगता है कि आपको समय के साथ बदलना होगा। आपको यह समझना होगा कि हमारी जरूरत क्या है। ’’

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

मार्क मार्केज का बड़ा ऐलान, वैलेंसिया ग्रां प्री होगी करियर की आखिरी रेस

स्पेन के दिग्गज राइडर और विश्व चैंपियन मार्क मार्केज मोटोजीपी से संन्यास लेने जा रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार को अचानक घोषणा की कि इस सप्ताहांत होने वाली वैलेंसिया ग्रां प्री उनकी पेशेवर राइडर के रूप में अंतिम रेस होगी। उनकी टीम डुकाटी ने भी इसकी पुष्टि कर दी है।

पांच खिताब का कप्तान फिर लौटा, रोहित के हाथों में मुंबई की कमान

अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा को 2027 इंडियन प्रीमियर लीग से पहले शुक्रवार को तीन साल के अंतराल के बाद फिर मुंबई इंडियंस का कप्तान नियुक्त किया गया।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने घटाई महिला खिलाड़ियों की अनुबंध सूची, आठ को मिला मौका

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने 2026-27 सत्र के लिए आठ महिला क्रिकेटरों के केंद्रीय अनुबंधों की घोषणा की है। इसमें फातिमा सना और सादिया इकबाल को श्रेणी ए में जगह मिली है। पिछले अनुबंध चक्र में 20 खिलाड़ियों को केंद्रीय अनुबंध दिया गया था, लेकिन इस बार यह संख्या घटाकर आठ कर दी गई है।

10 खिलाड़ियों के साथ बॉर्नमाउथ का कमाल, सेल्टा विगो को हराकर जीत का सिलसिला बरकरार

10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही बॉर्नमाउथ ने यूईएफए यूरोपा लीग में सेल्टा विगो को 2-1 से हराया। टीम ने पहले हाफ में पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी की और लगातार पांचवें मुकाबले में जीत हासिल की।