‘सैफई सिंडिकेट को सिर्फ नोट गिनना आता है’: CM योगी ने 1,594 युवाओं को बांटे नियुक्ति पत्र, सपा के घोषणापत्र पर उठाए सवाल

राघवेंद्र प्रताप सिंह
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित एक भव्य समारोह में 1,594 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 201 लेखा परीक्षक (ऑडिटर) और 1,393 सहायक लेखाकार (असिस्टेंट अकाउंटेंट) के पद शामिल हैं। सभी अभ्यर्थियों का चयन उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से किया गया है और उनकी तैनाती वित्त विभाग के आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय के अंतर्गत की जाएगी।
इस अवसर पर सीएम योगी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा, “आज नौजवान पूछता है कि जब आप सरकार में थे, तब क्या किया था? अब क्या करोगे?” उन्होंने 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश को “बीमारू राज्य” माना जाता था, युवा पलायन करते थे, किसान आत्महत्या करते थे और बेटियां भी सुरक्षित नहीं थीं।
सीएम योगी ने कहा कि पहले प्रदेश में भर्ती और विकास पर परिवारवाद तथा भ्रष्टाचार हावी था। उन्होंने आरोप लगाया कि “चाचा-भतीजा की जोड़ी” भ्रष्टाचार में लिप्त थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सैफई सिंडिकेट नियुक्ति पत्र बांटने की गति नहीं गिन पाएगा, उसे सिर्फ नोट गिनना आता है।” उन्होंने कहा कि पहले किसानों के खेतों से मोटर चोरी हो जाती थी, लेकिन अब चोर को मालूम है कि ऐसा करने पर “अगले दिन लंगड़ा जरूर हो जाएगा”।
सीएम योगी ने सपा के घोषणापत्र पर भी सवाल उठाए और कहा कि विपक्ष केवल वादे करता है, जबकि भाजपा सरकार “जो कहती है, वह करके दिखाती है”। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में 9.5 लाख से अधिक सरकारी नौकरियां दी गई हैं और यह सिलसिला लगातार जारी है। इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना सहित अन्य गणमान्य अतिथि भी मौजूद रहे।
