द इंडियन व्यू

दीपम विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का सख्त रुख: तमिलनाडु के शीर्ष अधिकारियों को अवमानना नोटिस, मंदिर ट्रस्ट बोर्ड निलंबित और सीआरपीएफ को सौंपी सुरक्षा

Poonam Kumari
November 27, 2026
3 min read
दीपम विवाद पर सुप्रीम कोर्ट का सख्त रुख: तमिलनाडु के शीर्ष अधिकारियों को अवमानना नोटिस, मंदिर ट्रस्ट बोर्ड निलंबित और सीआरपीएफ को सौंपी सुरक्षा

अभिषेक सिंह

नई दिल्ली: तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर 'दीपाथून' (पत्थर के स्तंभ) पर पारंपरिक 'कार्तिगई दीपम' जलाने के आदेश का पालन न किए जाने पर सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को राज्य की विजय सरकार और प्रशासन को कड़ी फटकार लगाई। न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने इसे अदालत के आदेश की जानबूझकर की गई अवहेलना करार देते हुए तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP), मदुरै के जिलाधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया है। साथ ही, शीर्ष अदालत ने शनिवार, 28 नवंबर को दीपाथून पर दीप प्रज्वलित कराने का स्पष्ट निर्देश दिया है।

'सख्ती से निपटने का समय आ गया है, संवैधानिक अराजकता बर्दाश्त नहीं'

सुनवाई के दौरान बेहद नाराज दिखी पीठ ने टिप्पणी की कि राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने राजनीतिक आकाओं के निर्देश पर काम किया और उनका आचरण प्रथम दृष्टया राज्य में प्रशासनिक अराजकता को दर्शाता है। अदालत ने सख्त लहजे में कहा कि अब समय आ गया है कि इस स्थिति से पूरी सख्ती के साथ निपटा जाए, अन्यथा इससे संवैधानिक अराजकता फैल सकती है। पीठ ने स्पष्ट किया कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश किसी बातचीत या समझौते का न्योता नहीं है, बल्कि यह राज्य सरकार, उसके अधिकारियों और हर धार्मिक संस्था पर समान रूप से बाध्यकारी है। अदालत ने चेतावनी दी कि न्याय की धारा को बाधित करने या संवैधानिक अराजकता फैलाने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मंदिर ट्रस्ट बोर्ड निलंबित, 2 सेवानिवृत्त जज बने रिसीवर और सीआरपीएफ को सुरक्षा

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। मंदिर का प्रबंधन संभालने के लिए अदालत ने मद्रास हाईकोर्ट के 2 सेवानिवृत्त न्यायाधीशों—न्यायमूर्ति एस. वैद्यनाथन और न्यायमूर्ति वी. पार्थिपन—को रिसीवर नियुक्त किया है। इसके अलावा, तमिलनाडु पुलिस द्वारा अदालती आदेश लागू न कर पाने का हवाला देते हुए शीर्ष अदालत ने मंदिर और तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की सुरक्षा व्यवस्था केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) को सौंप दी है। कोर्ट ने निर्देश दिया कि 28 नवंबर को उचिपिल्लैयार मंडपम में प्रज्वलित ज्योति से ही दीपाथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाया जाए।

मुख्य सचिव को व्यक्तिगत पेशी का आदेश, 15 दिसंबर को अगली सुनवाई

पीठ ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, डीजीपी, मदुरै कलेक्टर और हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती (HR&CE) आयुक्त को कारण बताओ अवमानना नोटिस जारी किया है। मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने और इस पूरे प्रकरण के दौरान अधिकारियों के बीच हुए सभी ईमेल, फोन कॉल और संदेशों का विस्तृत ब्योरा हलफनामे के माध्यम से सौंपने का निर्देश दिया गया है। मामले की अगली सुनवाई 15 दिसंबर 2026 को होगी।

क्या है पूरा मामला और राज्य सरकार का पक्ष?

उल्लेखनीय है कि सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर 2026 को एक अंतरिम आदेश पारित कर 24 नवंबर को एक बार के उपाय के रूप में दीपाथून पर दीप जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, 24 नवंबर को केवल पारंपरिक उचिपिल्लैयार मंडपम में ही दीप जलाया गया। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि मंदिर ट्रस्टियों ने उच्चाधिकारियों से निर्देश न मिलने की बात कही थी। दूसरी ओर, तमिलनाडु सरकार ने कानून-व्यवस्था और स्थापित धार्मिक परंपराओं का हवाला देते हुए पुनर्विचार याचिका दायर की थी तथा बुधवार को अदालत से क्षमा मांगते हुए दीप न जलाए जाने के लिए मंदिर प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया था।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें