द इंडियन व्यू

भारत के इनकार से तिलमिलाया पीसीबी, अब डब्ल्यूसीएल में नहीं खेलेंगे पाकिस्तानी खिलाड़ी

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के आयोजकों पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए रविवार को भविष्य में इस टूर्नामेंट में अपने खिलाड़ियों की भागीदारी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया।…

Ragwendra P Singh
August 3, 2025
3 min read

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने विश्व चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के आयोजकों पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए रविवार को भविष्य में इस टूर्नामेंट में अपने खिलाड़ियों की भागीदारी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया।

साभार : गूगल

भारत ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय खेल संबंधों को लेकर देश के रुख का हवाला देते हुए इस पड़ोसी देश के खिलाफ डब्ल्यूसीएल के ग्रुप चरण के मुकाबले और सेमीफाइनल दोनों में खेलने से मना कर दिया था जिसके बाद पीसीबी ने यह फैसला किया।

पीसीबी ने मोहसिन नकवी की अध्यक्षता में बोर्ड ऑफ गवर्नर्स की वर्चुअल बैठक के बाद एक बयान में कहा, ‘‘पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड घोषणा करता है कि वह भविष्य में वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में भाग लेने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रहा है।’’ पीसीबी ने डब्ल्यूसीएल द्वारा भारत को अंक देने के निर्णय पर भी कड़ी आपत्ति जताई तथा कहा कि यह ‘‘पाखंड और पक्षपातपूर्ण है।’’

भारत और पाकिस्तान के बीच ग्रुप चरण में मुकाबला होना था, लेकिन भारतीय टीम ने आतंकवादी हमले और उसके बाद भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद राष्ट्रीय भावनाओं का हवाला देते हुए पाकिस्तानी टीम के खिलाफ खेलने से इनकार कर दिया। भारतीय टीम में शिखर धवन, युवराज सिंह, इरफान पठान, सुरेश रैना और हरभजन सिंह जैसे खिलाड़ी थे।

भारत के सेमीफाइनल में नहीं खेलने के कारण पाकिस्तान सीधे फाइनल में पहुंच गया। पीसीबी ने बयान में कहा, ‘‘पीसीबी ने डब्ल्यूसीएल के जानबूझकर मैच गंवाने वाली टीम को अंक देने के फैसले की समीक्षा की।

भारत बनाम पाकिस्तान लीजेंड्स मैचों को रद्द करने की घोषणा करने वाली डब्ल्यूसीएल की प्रेस विज्ञप्तियों की विषय-वस्तु की समीक्षा भी की गई और उसने इन्हें पाखंड और पूर्वाग्रह से ग्रस्त पाया।’’ बोर्ड ने आगे कहा कि वह अपने खिलाड़ियों को ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अनुमति नहीं दे सकता, जहां ‘‘खेल भावना पर पक्षपातपूर्ण राजनीति हावी हो रही हो और जो खेल भावना के मूल तत्व को कमजोर कर रही हो।’’

बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन के सह-स्वामित्व वाली डब्ल्यूसीएल ने ग्रुप चरण के मैच के रद्द होने के बाद माफी मांग ली थी। डब्ल्यूसीएल ने कहा था, ‘‘हम भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए एक बार फिर माफी मांगते हैं और उम्मीद करते हैं कि लोग यह समझेंगे कि हमारा उद्देश्य क्रिकेट प्रेमियों को खुशी के कुछ पल देना था।’’

पीसीबी ने इस माफी को हास्यास्पद करार देते हुए कहा, ‘‘डब्ल्यूसीएल की ‘भावनाओं को ठेस पहुंचाने’ के लिए माफी हास्यास्पद होते हुए भी अनजाने में यह स्वीकार करती है कि एक विशिष्ट राष्ट्रवादी भावना के आगे झुकने के कारण मैच रद्द किए गए। इससे अंतरराष्ट्रीय खेल समुदाय के पास गलत संदेश गया।’’

बयान में कहा गया है, ‘‘पीसीबी अब अपनी टीम को ऐसी किसी प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति नहीं दे सकता, जहां निष्पक्ष खेल और निष्पक्ष प्रशासन के मूल सिद्धांतों पर बाहरी दबाव के कारण समझौता किया जाता है।‘‘ इस बीच मामले की जानकारी रखने वाले सूत्रों ने बताया कि डब्ल्यूसीएल के भारतीय प्रमोटर पहले से ही भविष्य में होने वाले टूर्नामेंट से पाकिस्तानी टीम को बाहर रखने पर विचार कर रहे हैं।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।