फ्रेंच ओपन 2026 के तीसरे दौर में पहुंचीं सबालेंका
पेरिस : शीर्ष वरीयता प्राप्त आर्यना सबालेंका ने गुरुवार को फ्रांस की एल्सा जैक्मो को कड़े मुकाबले में 7-5, 6-2 से हराकर फ्रेंच ओपन 2026 के तीसरे दौर में जगह बना ली। पिछले साल की उपविजेता सबालेंका को शुरुआती सेट में…

पेरिस : शीर्ष वरीयता प्राप्त आर्यना सबालेंका ने गुरुवार को फ्रांस की एल्सा जैक्मो को कड़े मुकाबले में 7-5, 6-2 से हराकर फ्रेंच ओपन 2026 के तीसरे दौर में जगह बना ली। पिछले साल की उपविजेता सबालेंका को शुरुआती सेट में स्थानीय खिलाड़ी से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा।
चार ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकी बेलारूस की स्टार खिलाड़ी अब भी अपने पहले फ्रेंच ओपन खिताब की तलाश में हैं। जैक्मो ने घरेलू दर्शकों के सामने शानदार शॉट लगाए और पहले सेट में सबालेंका को लंबे समय तक संघर्ष करने पर मजबूर कर दिया।
मैच के बाद सबालेंका ने कहा, “यह बेहद मुश्किल मुकाबला था। वह बहुत चुनौतीपूर्ण प्रतिद्वंद्वी थीं। मैं खुश हूं कि मैंने सीधे सेटों में मैच खत्म किया। उन्होंने शानदार टेनिस खेली और मुझे अपना स्तर ऊपर उठाना पड़ा।”
विश्व नंबर एक सबालेंका ने दमदार फोरहैंड के साथ शुरुआती बढ़त बनाते हुए स्कोर 3-1 किया, लेकिन जैक्मो ने तुरंत वापसी करते हुए बराबरी हासिल कर ली। पहले सेट में 5-4 पर सबालेंका के पास सेट प्वाइंट था, लेकिन फ्रांसीसी खिलाड़ी ने शानदार सटीकता के साथ मुकाबला बराबरी पर ला दिया।
हालांकि सबालेंका ने संयम बनाए रखा और तीसरे सेट प्वाइंट पर पहला सेट अपने नाम कर लिया। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा।
दूसरे सेट की शुरुआत में ही सबालेंका ने ब्रेक हासिल कर लगातार पांच गेम जीत लिए। जैक्मो धीरे-धीरे थकान से जूझती नजर आईं और वापसी नहीं कर सकीं।
अब तीसरे दौर में सबालेंका का सामना ऑस्ट्रेलिया की डारिया कासात्किना से होगा।
कासात्किना के बारे में सबालेंका ने कहा, “उनके खिलाफ खेलना हमेशा चुनौतीपूर्ण होता है। वह हर गेंद वापस खेलती हैं और क्ले कोर्ट पर हर अंक के लिए कड़ी मेहनत करनी पड़ती है।”
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
