द इंडियन व्यू

गुजरात की लगातार चौथी जीत, राजस्थान रॉयल्स को मिली करारी शिकस्त

कप्तान शुभमन गिल की विस्फोटक पारी और साई सुदर्शन के शानदार अर्धशतक के बाद राशिद खान (चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के कमाल से गुजरात टाइटंस ने आईपीएल मैच में यहां राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से शिकस्त देकर प्लेऑफ में…

Ragwendra P Singh
May 9, 2026
5 min read
गुजरात की लगातार चौथी जीत, राजस्थान रॉयल्स को मिली करारी शिकस्त

कप्तान शुभमन गिल की विस्फोटक पारी और साई सुदर्शन के शानदार अर्धशतक के बाद राशिद खान (चार विकेट) की अगुवाई में गेंदबाजों के कमाल से गुजरात टाइटंस ने आईपीएल मैच में यहां राजस्थान रॉयल्स को 77 रन से शिकस्त देकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी संभावनाओं को मजबूत किया।

टाइटंस ने मौजूदा सत्र का अपना सबसे बड़ा स्कोर 229 रन बनाने के बाद रॉयल्स की पारी को 152 रन पर समेटकर लगातार चौथी जीत दर्ज की। इस बड़ी जीत से गुजरात अपना नेट रन रेट सुधारने में सफल रही।

टीम की यह 11 मैचों में सातवीं जीत है और वह 14 अंक के साथ तालिका में पांचवें से दूसरे स्थान पर पहुंच गई। रॉयल्स इतने ही मैचों में पांचवीं हार के बाद 12 अंक के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गई है।

© BCCI

राशिद को गेंदबाजी में जेसन होल्डर (तीन विकेट) और कागिसो रबाडा (दो विकेट) का अच्छा साथ मिला। मोहम्मद सिराज ने चार ओवर में 55 रन लुटाए, वैभव सूर्यवंशी का अहम विकेट चटकाया। रॉयल्स से रविंद्र जडेजा ने 38, वैभव सूर्यवंशी ने 36 और ध्रुव जुरेल ने 24 रन का योगदान दिया।

पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात से गिल ने बाएं पैर में परेशानी के बावजूद नौ चौकों और तीन छक्कों से तेजतर्रार 84 रन बनाए। सुदर्शन ने छह चौके और दो छक्कों से 55 रन की उपयोगी पारी खेली। दोनों ने पहले विकेट के लिए 118 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

© BCCI

पारी के अंतिम ओवरों में वॉशिंगटन सुंदर ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 37 रन बनाए, जबकि राहुल तेवतिया ने नाबाद 14 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। तेवतिया ने आखिरी ओवर में दो छक्के जड़े, जिससे टीम ने 21 रन बटोरे और मौजूदा सत्र का अपना सबसे बड़ा स्कोर खड़ा किया।

राजस्थान रॉयल्स से दाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज बृजेश शर्मा सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने दो विकेट झटके। इसके अलावा यश राज पुंजा और रविंद्र जडेजा ने एक-एक विकेट हासिल किया।

लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यवंशी ने शुरुआती दो ओवरों में सिराज और रबाडा के खिलाफ छक्के जड़कर रॉयल्स को तेज शुरुआत दिलाई। उन्होंने सिराज के खिलाफ तीसरे ओवर में भी तीन चौके जड़े, लेकिन इस अनुभवी गेंदबाज की बाउंसर पर हवा में शॉट खेल बैठे और अरशद खान ने आसान कैच पूरा किया।

© BCCI

नियमित कप्तान रियान पराग के चोटिल होने से इस मुकाबले में टीम की कमान संभाल रहे यशस्वी जायसवाल (तीन) अगले ओवर में ही रबाडा की गेंद पर निशांत सिंधू को कैच दे बैठे। इन विकेटों का हालांकि जुरेल पर कोई असर नहीं हुआ और उन्होंने सिराज के खिलाफ तीन छक्के और एक चौका जड़कर पांचवें ओवर से 22 रन बटोरे। रबाडा ने हालांकि दूसरे छोर से शिमरोन हेटमायर (छह) को सस्ते में चलता कर रॉयल्स को तीसरा झटका दिया।

जडेजा ने क्रीज पर आते ही छक्का और चौका जड़ा, जिससे पावरप्ले में राजस्थान ने तीन विकेट पर 78 रन बना लिए। राशिद ने अपने पहले ओवर में ही जुरेल और डोनोवा फरेरा (चार रन) को बोल्ड कर मैच पर टाइटंस का दबदबा कायम कर दिया।

आठ ओवर के अंदर पांच विकेट गंवाने के बाद जडेजा और क्रीज पर आए शुभम दुबे (15) ने अगले कुछ ओवरों में संभलकर बल्लेबाजी की। दुबे ने राशिद के खिलाफ छक्का लगाकर दबाव कम करने की कोशिश की, लेकिन अगली ही गेंद पर बोल्ड हो गए।

© Associated Press

जडेजा भी कुछ देर संघर्ष करने के बाद राशिद पर छक्का जड़ने में सफल रहे, लेकिन अगली ही गेंद पर पगबाधा आउट हो गए, जिससे रॉयल्स की उम्मीदों ने पूरी तरह दम तोड़ दिया। होल्डर ने दासून शनाका (16), जोफ्रा आर्चर (पांच) और तुषार देशपांडे (एक) को आउट कर जीत की औपचारिकता पूरी की।

इससे पहले जायसवाल की कप्तानी में मैदान पर उतरी रॉयल्स की मुश्किलें शुरुआत से ही बढ़ गई थीं। तेज गेंदबाज आर्चर ने पहले ही ओवर में 18 रन लुटाए, जिसमें पांच अतिरिक्त रन भी शामिल थे। सुदर्शन ने उनकी खराब लाइन का पूरा फायदा उठाया। आर्चर ने अपने तीन ओवरों में 46 रन दिए।

सुदर्शन ने ऑफ साइड में लगातार आकर्षक शॉट लगाए, जबकि गिल ने शुरुआत में संभलकर खेलने के बाद तेजी से रन गति बढ़ाई। गुजरात ने नौ ओवर में बिना विकेट खोए 108 रन बना लिए थे। राजस्थान को पहली सफलता यश राज ने 11वें ओवर में दिलाई, जब उन्होंने सुदर्शन को आउट कर बड़ी साझेदारी तोड़ी।

नौवें ओवर में गिल के बाएं पैर में दर्द की शिकायत हुई और उन्हें फिजियो की मदद लेनी पड़ी। इसके बाद भी उन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी और आसानी से अपना अर्धशतक पूरा किया। जोस बटलर ने भी 13 रन बनाने के बाद रन गति तेज करने की कोशिश में जडेजा की गेंद पर अपना विकेट गंवा दिया।

गिल को उनकी पारी के दौरान दो जीवनदान भी मिले। 54 रन के स्कोर पर हेटमायर ने डीप मिडविकेट पर उनका कैच छोड़ दिया और गेंद सीमा रेखा पार कर छक्के में बदल गई। इसके बाद 61 रन पर हेटमायर ने एक और मुश्किल कैच टपका दिया।

इन मौकों का फायदा उठाते हुए गिल ने तुरंत जवाबी हमला किया। उन्होंने यश राज के खिलाफ रिवर्स स्कूप सहित कई आकर्षक शॉट लगाए और मैदान के चारों ओर रन बटोरे। आर्चर के दूसरे स्पेल में भी गिल ने कवर ड्राइव, लॉफ्टेड शॉट और सीधे बल्ले से दमदार प्रहार कर दबदबा बनाए रखा।

जडेजा की अगुवाई में राजस्थान के स्पिनरों ने कुछ समय के लिए रन गति पर अंकुश लगाया, लेकिन गिल की शानदार बल्लेबाजी के दम पर गुजरात ने पूरी पारी के दौरान नियंत्रण बनाए रखा।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।