द इंडियन व्यू

पीवी सिंधु का धमाकेदार प्रदर्शन, वांग झी यी को हराकर क्वार्टर फाइनल में

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरुवार को यहां विश्व की दूसरे नंबर की खिलाड़ी चीन की वांग झी यी को 21-19, 21-15 से मात देकर बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वार्टर…

Ragwendra P Singh
August 28, 2025
3 min read
पीवी सिंधु का धमाकेदार प्रदर्शन, वांग झी यी को हराकर क्वार्टर फाइनल में

दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने बेहतरीन प्रदर्शन जारी रखते हुए गुरुवार को यहां विश्व की दूसरे नंबर की खिलाड़ी चीन की वांग झी यी को 21-19, 21-15 से मात देकर बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

साभार : गूगल

बासेल में 2019 में विश्व खिताब जीतने वाली विश्व में 15वीं रैंकिंग की सिंधु को प्री-क्वार्टर फाइनल में जीतने के लिए 48 मिनट का समय लगा। इससे उन्होंने चीनी खिलाड़ी के खिलाफ अपना रिकॉर्ड 3-2 कर लिया। इस भारतीय खिलाड़ी का सामना क्वार्टर फाइनल में इंडोनेशिया की विश्व की नौवें नंबर की खिलाड़ी पुत्री कुसुमा वर्दानी से होगा।

इंडोनेशिया की खिलाड़ी ने इस साल की शुरुआत में सुदीरमन कप में सिंधु को सीधे गेम में हराया था, भारतीय खिलाड़ी ने 2022 में एशियाई खेलों के दूसरे दौर के मुकाबले में जीत हासिल की थी। पांच बार की विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता सिंधु ने शानदार शुरुआत की और तेज स्मैश और नेट विनर की मदद से इंटरवल तक 11-6 की बढ़त बनाई।

वांग ने जोरदार वापसी करते हुए स्कोर 19-19 कर दिया, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने धैर्य बनाए रखते हुए पहला गेम अपने नाम कर दिया। दूसरे गेम में सिंधु ने दबाव बनाए रखा और ब्रेक तक एक बार फिर 11-6 की बढ़त बना ली।

इसके बाद 57 शॉट तक चली रैली ने कुछ समय के लिए उनकी परीक्षा ली, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने अपना आक्रामक रवैया बरकरार रखा और मैच जीतने में सफल रही।

सिंधु ने इस प्रकार विश्व चैंपियनशिप में चीन की खिलाड़ियों के खिलाफ अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। इससे पहले उन्होंने वांग यिहान (2013), वांग शिक्सियन (2014), ली ज़ुएरुई (2015), सुन यू (2017) और चेन युफेई (2017 और 2019) को हराया था।

भारत के ध्रुव कपिला और तनिषा क्रैस्टो ने भी हांगकांग की विश्व में पांचवें नंबर की जोड़ी तांग चुन मान और त्से यिंग सुएट को 63 मिनट तक चले मुकाबले में 19-21, 21-12, 21-15 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। भारतीय जोड़ी ने इससे पहले आयरलैंड के जोशुआ मैगी और मोया रयान को 35 मिनट में 21-11, 21-16 से हराया था।

उन्होंने एक गेम से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए मौजूदा एशियाई चैंपियन जोड़ी को हराया। तनिषा ने मैच के बाद कहा, ‘‘कुछ महीने पहले हमारा प्रदर्शन थोड़ा खराब रहा था।

मुझे लगता है कि हम साथ मिलकर, कदम दर कदम, धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे हैं। आज हमने जिस तरह का खेल दिखाया उससे मैं वाकई बहुत खुश हूं।’’

ध्रुव ने कहा, ‘‘साल की शुरुआत में हमारे लिए दो टूर्नामेंट अच्छे नहीं रहे। कोई तकनीकी समस्या नहीं थी, लेकिन सबसे अहम बात यह थी कि हम एक-दूसरे का साथ देते रहे और अच्छी तैयारी के साथ उतरे। इसका हमें पूरा फायदा मिला और आज हमने दमदार खेल दिखाया।’’

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।