द इंडियन व्यू

पंत की उपकप्तानी पर मंडराया खतरा, चयन बैठक में बड़ा फैसला संभव

राष्ट्रीय चयनकर्ता जब अफगानिस्तान के खिलाफ श्रृंखला के लिए टेस्ट और वनडे टीम चुनने के लिए मंगलवार को गुवाहाटी में बैठक करेंगे तो टीम इंडिया में हैरान करने वाले नाम नहीं होंगे लेकिन लाल गेंद के प्रारूप में उप कप्तान के…

Ragwendra P Singh
May 17, 2026
3 min read
पंत की उपकप्तानी पर मंडराया खतरा, चयन बैठक में बड़ा फैसला संभव

राष्ट्रीय चयनकर्ता जब अफगानिस्तान के खिलाफ श्रृंखला के लिए टेस्ट और वनडे टीम चुनने के लिए मंगलवार को गुवाहाटी में बैठक करेंगे तो टीम इंडिया में हैरान करने वाले नाम नहीं होंगे लेकिन लाल गेंद के प्रारूप में उप कप्तान के तौर पर ऋषभ पंत के भविष्य पर गंभीर चर्चा हो सकती है।

ऐसा समझा जाता है कि यह भावना बढ़ रही है कि 28 साल के इस तेजतर्रार विकेटकीपर बल्लेबाज को नेतृत्वकर्ता की भूमिका रास नहीं आ रही है। आईपीएल में लखनऊ सुपर जाइंट्स के साथ दो सत्र से ऐसे ही संकेत मिलते हैं। यह भी नहीं भूलना चाहिए कि पिछले नवंबर में गुवाहाटी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट मैच के दौरान शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में जब पंत को कप्तानी सौंपी गई थी तो वह रणनीतिक तौर पर बहुत चतुर नहीं थे।

बीसीसीआई के एक सूत्र ने नाम नहीं जाहिर करने की शर्त पर एक समाचार एजेंसी को बताया, ‘‘भारतीय क्रिकेट ऋषभ जैसे बल्ले से मैच विजेता को खोने का जोखिम नहीं उठा सकता। उन्होंने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से टेस्ट मैच जिताए हैं। जो लोग मायने रखते हैं उनमें यह भावना बढ़ रही है कि जब भी उन्हें अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई तो उन्होंने बल्लेबाजी करते समय अच्छे फैसले नहीं लिए।’’

साभार : गूगल

उन्होंने कहा, ‘‘उसे खुलकर खेलने का मौका देना चयन समिति के दिमाग में सबसे ऊपर हो सकता है।’’ पंत का मौजूदा फॉर्म चयन समिति की रातों की नींद उड़ा सकता है क्योंकि एकदिवसीय प्रारूप में केएल राहुल के बाद दूसरे विकेटकीपर के रूप में उनकी जगह पर सवालिया निशान बना हुआ है। ध्रुव जुरेल, संजू सैमसन और इशान किशन की मौजूदगी में पंत को 50 ओवर के प्रारूप के लिए दबाव महसूस हो सकता है।

अगर बीसीसीआई की मेडिकल टीम को जसप्रीत बुमराह के काम के बोझ से कोई दिक्कत नहीं है तो यह सीनियर तेज गेंदबाज एकमात्र टेस्ट खेलेगा लेकिन मौजूदा आईपीएल के दौरान उनके काम के बोझ को देखते हुए तीन मैच की एकदिवसीय श्रृंखला में उनके खेलने की कोई संभावना नहीं है। सूत्र ने कहा, ‘‘अगर उनके काम के बोझ को लेकर थोड़ी सी भी दिक्कत होती है तो उन्हें पूरी श्रृंखला के लिए आराम दिया जाएगा।’’

मौजूदा आईपीएल सत्र में भारतीय तेज गेंदबाजों के बीच प्रभावी प्रदर्शन करने वाले प्रिंस यादव को श्रीलंका में त्रिकोणीय लिस्ट ए श्रृंखला के लिए नहीं चुना गया है क्योंकि वह अफगानिस्तान के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के लिए चुने जाने के मजबूत दावेदार हैं।

हालांकि भारत अफगानिस्तान के खिलाफ कोई टी20 अंतरराष्ट्रीय नहीं खेल रहा है लेकिन चयन समिति के सचिव देवजीत सैकिया के साथ सूर्यकुमार यादव के भविष्य के बारे में अनौपचारिक बातचीत करेगी क्योंकि पिछले डेढ़ साल से उनका फॉर्म खराब चल रहा है।

माना जा रहा है कि मुख्य कोच गौतम गंभीर के इनपुट सूर्यकुमार का राष्ट्रीय कप्तान के तौर पर भविष्य तय करने में बहुत काम आएंगे। अगर उन्हें कप्तानी से हटा दिया जाता है तो उनके लिए बल्लेबाज के तौर पर टीम में अपनी जगह बनाए रखना मुश्किल होगा।

सबसे सुरक्षित विकल्प यह है कि उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ अगुआई करने का मौका दिया जाए और उस श्रृंखला में बल्ले से उनके प्रदर्शन को देखते हुए उनके भविष्य पर फैसला किया जाए। लेकिन अब इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि चयनकर्ता उस रास्ते पर चलेंगे।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।