टी20 क्रिकेट में बल्लेबाज आगे, गेंदबाजों को चाहिए नई रणनीति : राहुल द्रविड़
विश्व विजेता भारतीय टीम के मुख्य कोच रहे और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ ने कहा कि टी20 में बल्लेबाजी के स्वरूप में हाल ही में बहुत बदलाव आया है और गेंदबाजों को इसके साथ तालमेल बिठाने के लिए काफी मेहनत करनी…

विश्व विजेता भारतीय टीम के मुख्य कोच रहे और टीम इंडिया के पूर्व कप्तान राहुल द्रविड़ ने कहा कि टी20 में बल्लेबाजी के स्वरूप में हाल ही में बहुत बदलाव आया है और गेंदबाजों को इसके साथ तालमेल बिठाने के लिए काफी मेहनत करनी होगी।
द्रविड़ के मुख्य कोच रहते हुए भारत ने 2024 में दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता था। उन्होंने कहा कि वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे, प्रियांश आर्य जैसे युवा खिलाड़ियों के साथ-साथ विश्व के नंबर एक टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने पावरप्ले ओवरों में बल्लेबाजी के तरीके को पूरी तरह से बदल दिया है।
द्रविड़ अभी डबलिन में हैं, जहां घोषणा की गई थी कि वह यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) की डबलिन फ्रेंचाइजी मलिक होंगे। द्रविड़ ने एक समाचार एजेंसी संग विशेष साक्षात्कार ने कहा, ''पिछले दो-तीन वर्षों में बल्लेबाजी में जो बदलाव देखने को मिले हैं उसे देखते हुए मुझे लगता है कि इस प्रारूप में गेंदबाजों को धीरे-धीरे उस स्तर तक पहुंचने के लिए कुछ प्रयास करने होंगे।''

भारत के पूर्व कप्तान द्रविड़ ने बल्लेबाजों की इसके लिए जमकर तारीफ की अब वे मैदान के उन हिस्सों में भी चौके छक्के लगा रहे हैं जो पहले पहुंच से बाहर लगते थे। उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि बल्लेबाजी कौशल, छक्के लगाने की क्षमता और मैदान के विभिन्न हिस्सों में शॉट लगाने की क्षमता में निश्चित रूप से बहुत सुधार हुआ है।''
आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स जैसी टीमों को कोचिंग दे चुके द्रविड़ ने कहा, ''मुझे लगता है कि गेंदबाजों को अपने कौशल को लगातार निखारना होगा। मुझे पूरा विश्वास है कि उनमें से कुछ अभी भी अपनी अलग पहचान बनाने और अपनी जगह बनाए रखने में सक्षम होंगे।''
हालांकि, उन्होंने यह स्वीकार किया कि बल्लेबाजों ने गेंदबाजों की तुलना में टी20 खेल की जरूरतों के अनुसार खुद को बेहतर ढंग से ढाल लिया है। द्रविड़ ने कहा, ''अगर आप इसे संतुलन की दृष्टि से देखें तो मुझे लगता है कि वर्तमान समय में टी20 जरूरतों को पूरा करने के मामले में गेंदबाजों की तुलना में बल्लेबाज आगे हैं। फिर भी हो सकता है कि अगले दो तीन साल में स्थिति बदल जाए।
मेरे कहने का मतलब है कि अगर आप आज के टेस्ट क्रिकेट को देखें, तो लगभग हर टेस्ट मैच का कोई न कोई नतीजा निकलता है। इसलिए हम जिन टेस्ट मैचों को देख रहे हैं, उनमें से कुछ में गेंदबाजों का दबदबा रहा है।''
द्रविड़ ने कहा, ''टेस्ट मैच की अवधि कम हुई है और इसलिए टेस्ट क्रिकेट में गेंदबाजों का दबदबा बढ़ने लगा है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या गेंदबाज टी20 में इस स्थिति को थोड़ा सुधारने में सफल रहेंगे।'' लेकिन क्या गेंदबाजों के लिए सपाट पिच पर सफलता हासिल करना संभव होगा। द्रविड़ ने इस बात से सहमति जताई कि गेंदबाजों को कुछ मदद की जरूरत है।
उन्होंने कहा, ''गेंदबाजों को थोड़ी मदद की जरूरत पड़ सकती है और मुझे लगता है कि इसके लिए विकेट थोड़ा चुनौतीपूर्ण बनाने होंगे जिससे कि गेंदबाजों को भी कुछ मदद मिले। क्योंकि मुझे लगता है कि सीमा रेखा को बढ़ाना संभव नहीं है।''
द्रविड़ से जब पूछा गया कि क्या प्रति ओवर दो बाउंसर एक तार्किक समाधान हो सकता है,उन्होंने कहा, ''मेरे कहने का मतलब है कि कोई भी ऐसी चीज हो जिससे गेंदबाजों को थोड़ा मदद मिले। लेकिन मुझे अब भी लगता है कि अगले कुछ वर्षों में हम गेंदबाजों को थोड़ा बेहतर प्रदर्शन करते हुए और थोड़ा और स्विंग हासिल करते हुए देख सकते हैं।''
द्रविड़ यह भी नहीं चाहते कि खेल बल्लेबाजों या गेंदबाजों में से किसी एक के पक्ष में बहुत ज्यादा झुक जाए। उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि किसी स्तर पर हम नहीं चाहते कि संतुलन किसी भी तरफ बहुत ज्यादा झुक जाए, न तो बल्लेबाजों के पक्ष में और न ही गेंदबाजों के पक्ष में। संतुलन बनाए रखना जरूरी है।''
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
