द इंडियन व्यू

छठ महापर्व: आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती, सीएम योगी भी होंगे शामिल

Poonam Kumari
November 18, 2026
2 min read
छठ महापर्व: आज अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती, सीएम योगी भी होंगे शामिल

राघवेंद्र प्रताप सिंह

लखनऊ: लोक आस्था का महापर्व छठ रविवार (15 नवंबर, 2026) को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने के साथ श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। चार दिवसीय अनुष्ठान के तीसरे दिन व्रती महिलाएं शाम को गोमती नदी, तालाबों और अस्थायी घाटों पर पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देंगी और परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी आयु और आरोग्य की कामना करेंगी। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण होगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी देंगे अर्घ्य

गोमती तट स्थित लक्ष्मण मेला मैदान में अखिल भारतीय भोजपुरी समाज की ओर से 43 वर्षों से छठ महापर्व का आयोजन किया जा रहा है। समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रभुनाथ राय ने बताया कि रविवार को घाट पर शाम चार बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी करेंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक समेत कई मंत्री व विधायक शामिल होंगे। लोक गायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी सहित करीब 100 कलाकार छठ गीतों का गुलदस्ता पेश करेंगे। घाट पर मुख्य आयोजन दोपहर दो बजे से सोमवार सुबह आठ बजे तक चलेगा।

36 घंटे के निर्जला महाव्रत की शुरुआत

छठ पर्व का 36 घंटे का निर्जला महाव्रत शनिवार को खरना के साथ शुरू हो चुका है। खरना के दिन व्रती महिलाओं ने गुड़ की खीर का सेवन किया और इसके बाद बिना जल ग्रहण किए व्रत का संकल्प लिया। अब सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद ही व्रत खुलेगा।

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य का महत्व

छठ पूजा में अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को अर्घ्य देने की विशेष परंपरा है। मान्यता है कि इससे जीवन में संघर्ष और पतन के समय भी आस्था और धैर्य बनाए रखने का संदेश मिलता है। यह पर्व प्रकृति, सूर्य उपासना और सामाजिक समरसता का प्रतीक है, जिसमें सभी वर्ग के लोग एक साथ घाटों पर एकत्र होकर पूजा-अर्चना करते हैं।

घाटों पर उमड़ेगी आस्था

लखनऊ के विभिन्न घाटों—गोमती तट, लक्ष्मण मेला, गौतमपल्ली, कुड़ियाघाट सहित कई स्थानों पर छठ पूजा के भव्य आयोजन किए गए हैं। प्रशासन ने सुरक्षा, सफाई, प्रकाश और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है, जिसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें