पंजाब हॉकी लीग के तीसरे सीजन का आगाज, मनप्रीत, हार्दिक और दिलप्रीत बने ब्रांड एंबेसडर
भारतीय हॉकी के भविष्य को नई दिशा देने वाली पंजाब हॉकी लीग के तीसरे सीजन का आगाज कल यानी 19 नवंबर से यहां ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में होगा।

मोहाली : भारतीय हॉकी के भविष्य को नई दिशा देने वाली पंजाब हॉकी लीग के तीसरे सीजन का आगाज कल यानी 19 नवंबर से यहां ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में होगा।
इस सीजन के लिए भारतीय हॉकी टीम के मौजूदा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मनप्रीत सिंह, हार्दिक सिंह और दिलप्रीत सिंह को लीग का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है। ये दिग्गज खिलाड़ी युवा हॉकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देने वाले इस मंच का समर्थन करेंगे।
राउंडग्लास और हॉकी पंजाब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस लीग का उद्देश्य जमीनी स्तर से जुड़े खिलाड़ियों को अधिक से अधिक मैच खेलने का अवसर प्रदान करना और उनके खेल के साथ-साथ व्यक्तिगत विकास में भी योगदान देना है।
टूर्नामेंट में देशभर की 10 हॉकी अकादमियों की टीमें लीग-कम-नॉकआउट प्रारूप में हिस्सा लेंगी। लीग चरण के मुकाबले 3 दिसंबर तक खेले जाएंगे। इसके बाद नॉकआउट मुकाबले जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में होंगे।
सेमीफाइनल मुकाबले 5 दिसंबर को, जबकि फाइनल 6 दिसंबर को खेला जाएगा। लीग में भाग लेने वाली टीमों की संख्या में लगातार वृद्धि हुई है। पहले सीजन में छह टीमें शामिल थीं, जबकि दूसरे सीजन में यह संख्या बढ़कर आठ हो गई थी।
इस बार टूर्नामेंट में सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर; नेवल टाटा हॉकी अकादमी, जमशेदपुर; ओडिशा नेवल टाटा हॉकी हाई परफॉर्मेंस सेंटर; घुम्मनहेड़ा राइजर्स अकादमी, नई दिल्ली; मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज, सैफई; गवर्नमेंट हॉकी अकादमी, सोनीपत; स्पोर्ट्स डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ तमिलनाडु; नामधारी इलेवन; रिपब्लिकन स्पोर्ट्स क्लब, मुंबई और मेजबान राउंडग्लास हॉकी अकादमी की टीमें हिस्सा लेंगी।
इस अवसर पर ओलंपियन मनप्रीत सिंह ने कहा, “पंजाब हॉकी लीग युवा खिलाड़ियों के लिए देश की कुछ बेहतरीन अकादमी टीमों के खिलाफ अपनी प्रतिभा परखने का शानदार मंच है। करियर के इस पड़ाव पर नियमित मैच खेलने का अवसर मिलना और एक व्यवस्थित टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा करना उनके विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
मैं सभी खिलाड़ियों से आग्रह करूंगा कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं, हर मैच से सीखें, खुद को चुनौती दें और ऐसे अनुभव हासिल करें जो उन्हें एक बेहतर खिलाड़ी बनने में मदद करें। इस तरह के मंच खिलाड़ियों को अगले स्तर के लिए तैयार करते हैं। मुझे उम्मीद है कि इनमें से कई युवा प्रतिभाएं भविष्य में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी।”
भारतीय जूनियर हॉकी में सबसे अधिक पुरस्कार राशि वाली इस लीग में इस सीजन पुरस्कार राशि में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। दूसरे संस्करण में सभी प्रतिभागी टीमों के बीच कुल 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई थी।
इस संयुक्त पहल के माध्यम से राउंडग्लास और हॉकी पंजाब ने जमीनी स्तर पर हॉकी को मजबूत करने और भारत की अगली पीढ़ी के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने की अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई है।
सीजन-3 के शुभारंभ पर राउंडग्लास हॉकी अकादमी के तकनीकी प्रमुख और द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित राजिंदर सिंह सीनियर ने कहा, “राउंडग्लास हॉकी का लक्ष्य भारत में फील्ड हॉकी के प्रति जुनून को फिर से मजबूत करना है।
पुरस्कार राशि बढ़ाकर और प्रत्येक मैच में व्यक्तिगत प्रदर्शन को पुरस्कृत करके हम ऐसा प्रतिस्पर्धात्मक और चुनौतीपूर्ण माहौल तैयार कर रहे हैं, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों जैसा अनुभव प्रदान करेगा।
मनप्रीत, हार्दिक और दिलप्रीत जैसे राष्ट्रीय सितारों का ब्रांड एंबेसडर के रूप में जुड़ना युवा खिलाड़ियों के लिए बहुत बड़ी प्रेरणा साबित होगा, जब वे कल मैदान पर उतरेंगे। मैं गुरप्रीत सनी सिंह के निरंतर सहयोग के लिए उनका आभार भी व्यक्त करता हूं।”
लीग चरण के दौरान प्रतिदिन तीन मुकाबले खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला सुबह 11 बजे घुम्मनहेड़ा राइजर्स हॉकी अकादमी, नई दिल्ली और स्पोर्ट्स डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ तमिलनाडु के बीच खेला जाएगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे नेवल टाटा हॉकी अकादमी, जमशेदपुर का मुकाबला सुरजीत हॉकी अकादमी से होगा।
इसी दिन उद्घाटन समारोह का भी आयोजन किया जाएगा। दिन का अंतिम मुकाबला मेजबान राउंडग्लास हॉकी अकादमी और रिपब्लिकन स्पोर्ट्स क्लब, मुंबई के बीच खेला जाएगा।
सम्बंधित ख़बरें
पंजाब शेरनिज़ और बेंगलुरु थंडर्स ने 3-0 से अपने नाम की जीत
एकाना स्टेडियम में खेली जा रही विमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग में पंजाब शेरनिज़ और बेंगलुरु थंडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले 3-0 से जीत लिए। पंजाब ने हैदराबाद हैरियर्स को तीनों सेट में शिकस्त दी, जबकि बेंगलुरु ने राजस्थान क्वींस को हराकर जीत दर्ज की।
गीता यूनिवर्सिटी की शानदार जीत, एसजीआरआरयू और आईआईएलएम का भी दिखा दम
नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 के दूसरे दिन गीता यूनिवर्सिटी, एसजीआरआरयू देहरादून और आईआईएलएम यूनिवर्सिटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की।
संतोष सूरी की याद में मीडिया क्रिकेट गुरुवार से
त्तर प्रदेश स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन गुरुवार से केडी सिंह बाबू स्टेडियम में संतोष सूरी की याद में इकाना मीडिया टी20 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। प्रतियोगिता में पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया और उपविजेता दूरदर्शन समेत छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव करेंगे।
पाकिस्तान के तेज गेंदबाजों के सामने फिर बेबस श्रीलंकाई बल्लेबाज, दूसरे टेस्ट में शिकंजा कसा
श्रीलंका के शीर्षक्रम के बल्लेबाज एक बार फिर तेज आक्रमण का सामना नहीं कर सके और पाकिस्तान ने दूसरे और आखिरी टेस्ट में बुधवार को अपनी स्थिति काफी मजबूत कर ली।
