द इंडियन व्यू

श्रीकांत ने बिगाड़ा वातानाबे का खेल, लक्ष्य सेन ने विश्व टूर फाइनल्स में बनाई जगह

भारतीय किदांबी श्रीकांत ने बुधवार को यहां हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के पहले दौर में जापान के कोकी वातानाबे को हराकर अपने हमवतन लक्ष्य सेन का बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में स्थान पक्का कर दिया।

Prakhar
November 18, 2026
2 min read
श्रीकांत ने बिगाड़ा वातानाबे का खेल, लक्ष्य सेन ने विश्व टूर फाइनल्स में बनाई जगह

भारतीय किदांबी श्रीकांत ने बुधवार को यहां हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के पहले दौर में जापान के कोकी वातानाबे को हराकर अपने हमवतन लक्ष्य सेन का बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स में स्थान पक्का कर दिया।

हाइलो ओपन और कुमामोतो मास्टर्स जापान में लगातार दो खिताब जीतने के बाद लक्ष्य विश्व टूर रैंकिंग में छठे स्थान पर पहुंच गए थे लेकिन सत्रांत होने वाले विश्व टूर फाइनल्स में उनका स्थान सुनिश्चित नहीं था।

वातानाबे और थाईलैंड के कुनलावुत वितिदसर्न भी शीर्ष आठ में जगह बनाकर दिसंबर में होने वाले सत्र के अंतिम टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई करने की दौड़ में शामिल थे।

बुधवार को श्रीकांत ने वातानाबे को 21-16, 16-21, 21-9 से हराकर उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। इस हार के साथ वातानाबे चीन के हांगझोउ में नौ से 13 दिसंबर तक होने वाले सत्र के अंतिम टूर्नामेंट में जगह बनाने की दौड़ से बाहर हो गए।

इससे पहले लक्ष्य को फ्रांस के आर्नोड मर्कल के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। उन्होंने पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए 14-21, 21-16, 25-23 से जीत दर्ज कर प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

लक्ष्य के 74,180 अंक थे जबकि वातानाबे के खाते में 73,620 अंक थे। दोनों के बीच एचएसबीसी रेस टू फाइनल्स रैंकिंग में अंतिम स्थानों में से एक हासिल करने के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा थी। हांगकांग ओपन इस सत्र का आखिरी क्वालीफाइंग टूर्नामेंट है।

विश्व टूर फाइनल्स की दौड़ में बने रहने के लिए वातानाबे को श्रीकांत के खिलाफ जीत की जरूरत थी लेकिन हार के बाद वह लक्ष्य से आगे नहीं निकल सकते।

वातानाबे के बाहर होने के बाद थाईलैंड के वितिदसर्न और चीनी ताइपे के चोउ तिएन चेन ने भी टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर लिया। लक्ष्य दूसरी बार विश्व टूर फाइनल्स में हिस्सा लेंगे। उन्होंने 2021 में टूर्नामेंट में पदार्पण करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।

इस साल विश्व टूर फाइनल्स के लिए क्वालीफाई करने वाले वह दूसरे भारतीय हैं। उनसे पहले पीवी सिंधु ने महिला एकल वर्ग में जगह पक्की की थी। लक्ष्य गुरुवार को प्री क्वार्टर फाइनल में डेनमार्क के रासमुस गेम्के से भिड़ेंगे जबकि श्रीकांत का सामना कोरिया के यू ताए बिन से होगा।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

पंजाब शेरनिज़ और बेंगलुरु थंडर्स ने 3-0 से अपने नाम की जीत

एकाना स्टेडियम में खेली जा रही विमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग में पंजाब शेरनिज़ और बेंगलुरु थंडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले 3-0 से जीत लिए। पंजाब ने हैदराबाद हैरियर्स को तीनों सेट में शिकस्त दी, जबकि बेंगलुरु ने राजस्थान क्वींस को हराकर जीत दर्ज की।

गीता यूनिवर्सिटी की शानदार जीत, एसजीआरआरयू और आईआईएलएम का भी दिखा दम

नार्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट 2026-27 के दूसरे दिन गीता यूनिवर्सिटी, एसजीआरआरयू देहरादून और आईआईएलएम यूनिवर्सिटी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की।

संतोष सूरी की याद में मीडिया क्रिकेट गुरुवार से

त्तर प्रदेश स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट एसोसिएशन गुरुवार से केडी सिंह बाबू स्टेडियम में संतोष सूरी की याद में इकाना मीडिया टी20 क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कर रहा है। प्रतियोगिता में पिछली विजेता टाइम्स आफ इण्डिया और उपविजेता दूरदर्शन समेत छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता का उद्घाटन खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव करेंगे।

पंजाब हॉकी लीग के तीसरे सीजन का आगाज, मनप्रीत, हार्दिक और दिलप्रीत बने ब्रांड एंबेसडर

भारतीय हॉकी के भविष्य को नई दिशा देने वाली पंजाब हॉकी लीग के तीसरे सीजन का आगाज कल यानी 19 नवंबर से यहां ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में होगा।