चाइना ओपन: पांच मैच प्वाइंट बचाकर प्रणय दूसरे दौर में, लक्ष्य सेन की हार
चांगझोऊ : भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी एचएस प्रणय ने चाइना ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौर में रोमांचक जीत दर्ज करते हुए जापान के कोकी वतनबे को हरा दिया। पूर्व टॉप-10 खिलाड़ी और 2023 वर्ल्ड चैंपियनशिप के…

चांगझोऊ : भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी एचएस प्रणय ने चाइना ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पहले दौर में रोमांचक जीत दर्ज करते हुए जापान के कोकी वतनबे को हरा दिया। पूर्व टॉप-10 खिलाड़ी और 2023 वर्ल्ड चैंपियनशिप के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट प्रणय ने पहला गेम हारने के बाद शानदार वापसी की और पांच मैच प्वाइंट बचाते हुए मुकाबला 8-21, 21-16, 23-21 से अपने नाम किया।
पहले गेम में प्रणय पूरी तरह आउट ऑफ फॉर्म नजर आए और वतनबे ने 21-8 से गेम अपने नाम कर लिया। दूसरे गेम में प्रणय ने तेज मूवमेंट और सटीक नियंत्रण के दम पर वापसी करते हुए स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। निर्णायक तीसरे गेम में प्रणय शुरुआत में 2-11 से पिछड़ रहे थे लेकिन उन्होंने लगातार पांच अंक लेकर मुकाबले में वापसी की। इसके बावजूद वह 15-20 से पीछे थे और विपक्षी खिलाड़ी के पास पांच मैच प्लाइंट थे, लेकिन प्रणय ने जबरदस्त संयम दिखाते हुए सभी मैच प्वाइंट बचाए और 21-20 की बढ़त लेकर अंततः 23-21 से मैच अपने नाम कर लिया।
जीत के बाद प्रणय ने कहा, "मेरे करियर के इस पड़ाव पर हर जीत मायने रखती है। लंबे ब्रेक के बाद दोबारा टूर पर लौट कर अच्छा लग रहा है। अब हर राउंड जीतना पहले से ज्यादा मुश्किल हो गया है।" उन्होंने कहा, "अब पुरुष एकल में औसत उम्र 22-23 साल हो गई है। बहुत से नए चेहरे आ चुके हैं, जिनके खेल को समझना आसान नहीं होता। सीनियर खिलाड़ी के रूप में यह और भी चुनौतीपूर्ण हो जाता है।"
लक्ष्य सेन और अनुपमा उपाध्याय को मिली हार
दूसरी ओर, लक्ष्य सेन का खराब फॉर्म जारी रहा। उन्होंने चीन के पांचवीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ली शि फेंग के खिलाफ पहला गेम जीतने के बाद भी मैच गंवा दिया। उन्हें 21-14, 22-24, 11-21 से हार का सामना करना पड़ा।
महिला एकल में भारत की अनुपमा उपाध्याय भी पहले ही दौर में बाहर हो गईं। उन्हें चाइनीज ताइपे की लिन हसियांग ती के खिलाफ 23-21, 11-21, 10-21 से हार मिली।
मिश्रित युगल जोड़ियों की भी हार
मिश्रित युगल वर्ग में भारत की ए सूर्य और ए प्रमुतेश तथा रोहन कपूर और रुत्विका गड्डे की जोड़ियों को भी पहले राउंड में हार झेलनी पड़ी।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
