द इंडियन व्यू

71 भारतीय निशानेबाज, 25 देश और एक लक्ष्य – गोल्ड मेडल!

काहिरा, मिस्र : आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन का आगाज काहिरा के इजिप्ट इंटरनेशनल ओलंपिक सिटी में कल से होगा, जहां पहले दिन 10 मीटर एयर राइफल महिला और 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष स्पर्धाओं में दो पदकों का…

Ragwendra P Singh
April 20, 2026
3 min read
71 भारतीय निशानेबाज, 25 देश और एक लक्ष्य – गोल्ड मेडल!

काहिरा, मिस्र : आईएसएसएफ जूनियर वर्ल्ड कप राइफल/पिस्टल/शॉटगन का आगाज काहिरा के इजिप्ट इंटरनेशनल ओलंपिक सिटी में कल से होगा, जहां पहले दिन 10 मीटर एयर राइफल महिला और 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष स्पर्धाओं में दो पदकों का फैसला किया जाएगा।

भारत  ने इस प्रतियोगिता में 71 खिलाड़ियों का मजबूत दल उतारा है, जिसमें से 58 खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का पहला जत्था कल काहिरा पहुंच चुका है। पहले दिन प्रतियोगिता की शुरुआत 25 मीटर पिस्टल प्रिसिजन स्टेज (पुरुष और महिला) और स्कीट (पुरुष और महिला) में 75 टारगेट्स के साथ होगी।

क्वालिफिकेशन चरण भारतीय समयानुसार 12:30 बजे (स्थानीय समय सुबह 9 बजे) शुरू होगा। इसके बाद 10 मीटर एयर राइफल महिला काक्वालिफिकेशन 12:45 बजे (9:15 स्थानीय समय) शुरू होगा, जबकि फाइनल 15:30 बजे (दोपहर 12 बजे स्थानीय समय) खेला जाएगा।

दूसरी पदक स्पर्धा 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष होगी, जिसका क्वालिफिकेशन 15:00 बजे (11:30 स्थानीय समय) शुरू होगा और फाइनल 17:45 बजे (2:15 स्थानीय समय) आयोजित किया जाएगा। 10 मीटर एयर राइफल महिला स्पर्धा में भारत की ओर से छह खिलाड़ी भाग लेंगी, जिनमें एशियन जूनियर रिकॉर्ड धारक और 2025 आईएसएसएफ वर्ल्ड कप सुहल की चैंपियन शांभवी क्षीर सागर प्रमुख हैं।

उनके साथ 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन्स की 2025 एशियन चैंपियन अनुष्का ठाकुर, 2026 एशियन चैंपियनशिप की रजत और कांस्य पदक विजेता मान्यता सिंह और अनीशा शर्मा, 2024 एशियन चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता अन्वी राठौड़ और पनाह भुगर भी शामिल हैं।

10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष स्पर्धा में भी भारत के छह खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे, जिनका नेतृत्व पूर्व जूनियर विश्व चैंपियन और 2023 विश्व चैंपियनशिप के स्वर्ण पदक विजेता शिवा नरवाल करेंगे, जो तीन साल बाद अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में वापसी कर रहे हैं। उनके साथ डेफलिंपिक्स 2025 चैंपियन अभिनव देशवाल, अभिनव चौधरी, अभय धामा, हिमांशु राणा और 17 वर्षीय चिराग शर्मा शामिल हैं।

प्रत्येक देश से अधिकतम तीन खिलाड़ी, क्वालिफिकेशन के बाद शीर्ष तीन स्थान हासिल कर फाइनल में पहुंचेंगे। 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारत के लिए समीर गुलिया प्रमुख नाम हैं, जो विश्व और जूनियर विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता रह चुके हैं।

पुरुष वर्ग में अभिनव चौधरी, साहिल चौधरी, साग्निक बनर्जी, प्रांशु सूर्यवंशी और भानु प्रताप सिंह शेखावत भाग लेंगे, जबकि महिला वर्ग में परीशा गुप्ता, अंजलि महेंद्र भगवत, अगम कौर ग्रेवाल, मानवी जैन, से जलकांबले और शिखा चौधरी मैदान में उतरेंगी।

स्कीट स्पर्धा में भारत के पांच पुरुष और चार महिला खिलाड़ी भाग लेंगे। पुरुष वर्ग में जोरावर सिंह बेदी, हर विराज सिंह, ईशान सिंह लिब्रा, यशवर्धन सिंह राजावत और अंजनैया सिंह मांडवा शामिल हैं, जबकि महिला वर्ग में रिशम कौर गुरों, परमीत कौर, अग्रिमा कंवर और संयोजिता शेखावत भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

कुल 25 देशों के 284 खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, जिसमें भारत का दल सबसे बड़ा है। मेजबान मिस्र ने 29 खिलाड़ियों की टीम उतारी है, जबकि रूस (इंडिविजुअल न्यूट्रल एथलीट्स के तहत) 43 खिलाड़ियों के साथ उतरेगा। फ्रांस (24), ग्रेट ब्रिटेन (16) और इटली (13) भी बड़े दल के साथ भाग ले रहे हैं।

जून में जर्मनी के सुहल में होने वाली जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप को देखते हुए यह टूर्नामेंट भारतीय जूनियर खिलाड़ियों के लिए खुद को साबित करने का अहम मौका होगा।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।