द इंडियन व्यू

उत्तर प्रदेश में भैया दूज और छठ पूजा पर भी 24 घंटे मिलेगी बिजली, पावर कॉरपोरेशन का फैसला

Poonam Kumari
November 11, 2026
2 min read
उत्तर प्रदेश में भैया दूज और छठ पूजा पर भी 24 घंटे मिलेगी बिजली, पावर कॉरपोरेशन का फैसला

सरिता त्रिपाठी

लखनऊ: धनतेरस और दीपावली की तरह अब प्रदेशवासियों को भैया दूज और छठ पूजा पर भी 24 घंटे बिजली मिलती रहेगी। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने मंगलवार (10 नवंबर, 2026) को शक्ति भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिजली आपूर्ति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों और मुख्य अभियंताओं को त्योहारों के दौरान कटौती मुक्त और अनवरत बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

स्थानीय दोषों का तुरंत होगा समाधान

बैठक में अध्यक्ष ने निर्देश दिया कि किसी भी स्थानीय दोष (लोकल फॉल्ट) को न्यूनतम समय में दूर करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही, विद्युत दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है।

अन्य मुद्दों पर भी हुई समीक्षा

विद्युत आपूर्ति के अलावा बैठक में विद्युत राजस्व वसूली, स्कूलों के ऊपर से गुजरने वाली बिजली लाइनों को हटाने, बिजनेस प्लान के तहत होने वाले कार्यों और ट्रांसफार्मरों के खराब होने की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि सभी कार्यों को समय से पूरा करने में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

गजरौला के अधिशासी अभियंता पर नाराजगी

समीक्षा के दौरान अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने गजरौला के अधिशासी अभियंता से 11 केवी लाइन को शिफ्ट करके 33 केवी में किए जाने के संबंध में जानकारी मांगी। सही जवाब न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए पश्चिमांचल के प्रबंध निदेशक को उन्हें तत्काल हटाने के निर्देश दे दिए।

समय से बिल उपलब्ध कराने के निर्देश

बैठक के अंत में अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को सही बिल समय से उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें