अशोक चक्र-कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र से सम्मानित लोगों के लिए खजाना खोलेगी योगी सरकार, 83 वीरों को मिलेंगे 98.93 लाख

अभिषेक सिंह
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के वीरता पुरस्कार विजेताओं के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता वाली सरकार ने अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र से सम्मानित 83 नागरिकों को कुल 98.93 लाख रुपये की सम्मान राशि देने की मंजूरी दी है। इस संबंध में प्रमुख सचिव एसवीएस रंगाराव की ओर से मंगलवार (10 नवंबर, 2026) को शासनादेश जारी कर दिया गया है।
पुरस्कार श्रेणी के अनुसार वार्षिक सम्मान राशि
शासनादेश के मुताबिक, विभिन्न वीरता पुरस्कारों के लिए वार्षिक सम्मान राशि इस प्रकार निर्धारित की गई है:
* अशोक चक्र: 1.56 लाख रुपये प्रति वर्ष
* कीर्ति चक्र: 1.30 लाख रुपये प्रति वर्ष
* शौर्य चक्र: 65 हजार रुपये प्रति वर्ष
किन जिलों के लाभार्थियों को मिलेगी राशि?
यह राशि 13 जिलों के लाभार्थियों को दी जाएगी, जिनमें अयोध्या, अलीगढ़, बलिया, देवरिया, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, फिरोजाबाद, हरदोई, हाथरस, कन्नौज, लखनऊ और शामली सहित अन्य संबंधित जिले शामिल हैं।
लंबित राशि भी होगी जारी
यह धनराशि वित्तीय वर्ष 2026-27 और पूर्व के लंबित वर्षों की एकमुश्त अथवा वार्षिक देय राशि के रूप में दी जाएगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि कुछ लाभार्थियों को पूर्व के वित्तीय वर्षों की बकाया राशि भी एकमुश्त दी जाएगी। इसके लिए जिलाधिकारियों को यह पुष्टि करनी होगी कि संबंधित लाभार्थी उत्तर प्रदेश का मूल निवासी है और उसे संबंधित अवधि की सम्मान राशि का पहले भुगतान नहीं हुआ है।
