द इंडियन व्यू

उत्तर प्रदेश में 25 लाख युवाओं को मिलेगा टैबलेट, आज से योगी सरकार शुरू करेगी महाअभियान; 2,374 करोड़ का बजट

Poonam Kumari
November 18, 2026
3 min read
उत्तर प्रदेश में 25 लाख युवाओं को मिलेगा टैबलेट, आज से योगी सरकार शुरू करेगी महाअभियान; 2,374 करोड़ का बजट

राघवेंद्र प्रताप सिंह

लखनऊ: डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने और युवाओं को तकनीक से सशक्त बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार (15 नवंबर, 2026) को 'जनजातीय गौरव दिवस' के अवसर पर राजधानी लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल से 'स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना' के तहत 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

50 हजार छात्रों को मिला पहला लाभ

इस महाअभियान की शुरुआत में लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव जिलों के 300 शैक्षणिक संस्थानों के 50 हजार से अधिक छात्र-छात्राओं और प्रशिक्षणार्थियों को टैबलेट वितरित किए गए। सरकार ने इस चरण के लिए बजट में 2,374.60 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

योजना का दायरा

यह योजना उच्च शिक्षा, प्राविधिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास, चिकित्सा, कृषि और अन्य संबंधित विभागों के शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले पात्र विद्यार्थियों के लिए है। इस योजना में कोई आय या आयु सीमा नहीं है और राज्य में स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालयों के छात्रों को भी इसमें शामिल किया गया है।

अब तक 60 लाख डिवाइस बांटे जा चुके हैं

25 दिसंबर, 2021 को शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक राज्यभर के छात्रों को करीब 60 लाख टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जा चुके हैं। सरकार का लक्ष्य 2 करोड़ युवाओं तक ये डिजिटल डिवाइस पहुंचाना है। IIM लखनऊ के एक अध्ययन में पाया गया है कि इस योजना से छात्रों में डिजिटल पहुंच काफी बढ़ी है और इसने शिक्षा, आत्मविश्वास तथा सशक्तीकरण में सकारात्मक परिणाम दिए हैं।

टैबलेट मिलने से क्या होंगे फायदे?

टैबलेट मिलने से विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई, डिजिटल लाइब्रेरी, शैक्षणिक सामग्री और कौशल विकास से जुड़े पाठ्यक्रमों तक पहुंच आसान होगी। इसके अलावा, वे एआई, कोडिंग और 'युवा साथी पोर्टल' के माध्यम से रोजगार व प्रशिक्षण के अवसर भी प्राप्त कर सकेंगे। युवा साथी पोर्टल को यूपी के युवाओं के लिए एकल मंच के रूप में डिजाइन किया गया है, जहां वे शिक्षा, छात्रवृत्ति, कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार, उद्यमिता, स्टार्टअप, व्यावसायिक प्रशिक्षण, प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर काउंसलिंग, खेल और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

सीएम योगी का संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश सबसे युवा है और उत्तर प्रदेश भी सबसे युवा प्रदेश है। उन्होंने कहा, "युवा मतलब शक्ति। आप सबमें बजरंग बली की ताकत है। यह वो दौर है जब असंभव जैसा शब्द आपके शब्दकोश में नहीं है।" उन्होंने बिरसा मुंडा की जयंती पर कार्यक्रम शुरू करने की वजह भी बताई और कहा कि महज 25 साल की उम्र में उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ संघर्ष किया था, जो देश की आजादी की लड़ाई का अहम हिस्सा है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें