द इंडियन व्यू

'आपातकाल को सही ठहराने की कोशिश कर रही हैं कांग्रेस नेता', सोनिया गांधी की किताब पर भाजपा का तीखा हमला

Poonam Kumari
November 11, 2026
3 min read
'आपातकाल को सही ठहराने की कोशिश कर रही हैं कांग्रेस नेता', सोनिया गांधी की किताब पर भाजपा का तीखा हमला

राघवेंद्र प्रताप सिंह

नई दिल्ली: कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' (Belonging: A Journey of Love) के विमोचन के साथ ही राजनीति गरमा गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोनिया गांधी पर आपातकाल को सही ठहराने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगाया है और किताब का नाम 'व्हाइटवॉशिंग' (Whitewashing) रखे जाने पर तंज कसा है।

भाजपा का तीखा हमला: 'किताब का नाम व्हाइटवॉशिंग होना चाहिए था'

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सीआर केसवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट करते हुए कहा, "सोनिया गांधी अपनी आत्मकथा का नाम 'बिलॉन्गिंग' की जगह 'व्हाइटवॉशिंग' रख सकती थीं, क्योंकि इस किताब का मकसद नेहरू-गांधी परिवार के ऐतिहासिक गलत कामों पर पर्दा डालना और कांग्रेस पार्टी के गंभीर अपराधों को छिपाना लगता है।" उन्होंने कहा कि किताब में 1975 के आपातकाल को "सही ठहराने और सामान्य बनाने" की जिस तरह कोशिश की गई है, वह बेहद चौंकाने वाली है, जबकि उस दौर में संविधान की हत्या की गई और मौलिक अधिकारों को निलंबित कर दिया गया था।

सोनिया गांधी ने किताब में क्या कहा?

अपनी किताब में सोनिया गांधी ने 1975 के आपातकाल को एक "गलती" करार दिया है। उन्होंने लिखा है कि उन्हें विश्वास है कि उनकी सास और तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी बाद में इसी नतीजे पर पहुंची थीं। सोनिया गांधी ने यह भी संकेत दिया कि अगर उनके देवर संजय गांधी को "नियंत्रण में रखा गया होता", तो आपातकाल के कारण हुए अधिकांश नुकसान को रोका जा सकता था।

बाबरी, बटला हाउस और 1984 दंगों पर सवाल

सीआर केसवन ने सोनिया गांधी की चुनिंदा संवेदनाओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने पूछा, "वे कहती हैं कि उन्होंने बाबरी मस्जिद के लिए आंसू बहाए। क्या 1984 के सिख विरोधी दंगों के दौरान जब गुरुद्वारों को निशाना बनाया गया और हजारों निर्दोष लोगों को बेरहमी से मार दिया गया, तब सोनिया गांधी ने एक आंसू बहाया था?"। उन्होंने बटला हाउस एनकाउंटर और 26/11 मुंबई हमलों का जिक्र करते हुए सवाल किया कि क्या कांग्रेस सरकार ने आतंकवाद का मुकाबला करने में विफल रहने पर कभी जवाब दिया।

राजनीतिक संदर्भ

भाजपा का यह हमला ऐसे समय में आया है जब सोनिया गांधी की किताब चर्चा में है और विपक्षी दल लगातार सरकार पर निशाना साध रहे हैं। भाजपा ने कांग्रेस के करीब 55 साल के शासन को भारतीय लोकतंत्र के लिए नुकसानदायक बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को "ऐतिहासिक गलतियों को सुधारने" के लिए धन्यवाद दिया।

कांग्रेस की ओर से अभी तक इस मुद्दे पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन सियासी गलियारों में यह विवाद आने वाले दिनों में और तूल पकड़ सकता है।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

'मोदी का बाप भी जाएगा' बयान पर सियासी बवाल: भाजपा ने कहा- शर्मनाक है खरगे का बयान, केशव मौर्य बोले- कांग्रेस ने मर्यादा की सीमाएं लांघी

यह विवाद रविवार (25 अक्टूबर) को बिहार की राजधानी पटना में हुआ, जब कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि "पीएम मोदी कहीं नहीं जाएंगे", जिस पर खरगे ने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा, "मोदी का बाप भी जाएगा।" इस टिप्पणी को लेकर कार्यक्रम स्थल पर ही हंगामा शुरू हो गया। कांग्रेस पार्टी ने इसे एक सोची-समझी साजिश बताते हुए कहा कि भाजपा के एक कार्यकर्ता ने जानबूझकर उन्हें उकसाया, जिसके जवाब में खरगे ने यह बात कही। पार्टी ने सफाई दी कि खरगे ने 'आरएसएस' के वैचारिक पिता की ओर इशारा किया था, न कि पीएम मोदी के स्वर्गीय पिता की ओर।

नेपाल : सरकार ने राजनीतिक नियुक्ति पाने वाले 2200 लोगों को एक साथ हटाने के लिए अध्यादेश राष्ट्रपति के पास भेजा

काठमांडू : नेपाल सरकार ने राजनीतिक नियुक्ति पाने वाले 2200 लोगों को एक साथ हटाने के लिए नया अध्यादेश राष्ट्रपति के पास भेजा है। मौजूदा सरकार ने “सार्वजनिक पदाधिकारियों को पदमुक्त करने संबंधी विशेष व्यवस्था” से जुड़े इस…

नेपाल की नई कस्टम नीति से सीमा पर हाहाकार: ₹100 के सामान पर भी भारी टैक्स, भारत-नेपाल के ‘रोटी-बेटी’ के रिश्तों में कड़वाहट!

काठमांडू : नेपाल की बालेंद्र शाह सरकार द्वारा लागू की गई नई कस्टम ड्यूटी नीति ने भारत-नेपाल सीमा पर सदियों से चले आ रहे व्यापारिक और सामाजिक ताने-बाने को झकझोर कर रख दिया है। सरकार के एक आदेश ने सीमावर्ती इलाकों में…