महिला टी-20 रैंकिंग: मंधाना फिसलीं, कप्तान हरमनप्रीत व वोलवार्ट की लंबी छलांग
आईसीसी की नवीनतम महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में भारत की उप कप्तान स्मृति मंधाना एक स्थान नीचे खिसककर पांचवें स्थान पर आ गईं जबकि ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा गेंदबाजों की सूची में चौथे स्थान पर…

आईसीसी की नवीनतम महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में बल्लेबाजों की सूची में भारत की उप कप्तान स्मृति मंधाना एक स्थान नीचे खिसककर पांचवें स्थान पर आ गईं जबकि ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा गेंदबाजों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गईं।
बल्लेबाजों की सूची में अन्य अहम बदलावों में भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर भी हैं जो दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हाल में संपन्न श्रृंखला में 169 रन बनाने के बाद एक स्थान के फायदे से 646 अंक के साथ फिर से शीर्ष 10 में शामिल हो गई हैं। ऋचा घोष दो स्थान ऊपर चढ़कर 22वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
दक्षिण अफ्रीका की कप्तान लॉरा वोलवार्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में दो स्थान के फायदे से तीसरे स्थान पर हैं और उन्होंने अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 786 रेटिंग अंक हासिल किए हैं। अब वह दूसरे स्थान पर मौजूद बेथ मूनी से केवल दो रेटिंग अंक पीछे हैं। जॉर्जिया वोल 815 अंक के साथ शीर्ष पर हैं।

वोलवार्ट ने नाबाद 92 रन बनाकर भारत के खिलाफ पांच मैच की श्रृंखला का अंत 330 रन के साथ किया जो किसी भी महिला द्विपक्षीय टी20 श्रृंखला में किसी एक खिलाड़ी द्वारा बनाए गए सर्वाधिक रन हैं। उनकी टीम ने श्रृंखला 4-1 से जीती।
टी20 अंतरराष्ट्रीय गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष पर कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। इस सूची में पाकिस्तान की स्पिनर सादिया इकबाल शीर्ष पर बनी हुई हैं जबकि टी20 विश्व कप से पहले भारत की ऑलराउंडर दीप्ति और दक्षिण अफ्रीका की स्पिनर नॉनकुलुलेको मलाबा संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं।
युवा भारतीय खिलाड़ी श्री चरणी ने अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की है। बेनोनी में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ श्रृंखला के अंतिम मैच में दो विकेट लेने के बाद बाएं हाथ की यह गेंदबाज 12 स्थान की छलांग लगाते हुए 11वें पायदान पर हैं।
बांग्लादेश की श्रीलंका के साथ घरेलू श्रृंखला के समापन के बाद नवीनतम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में भी कुछ बदलाव देखने को मिले हैं। नवीनतम रैंकिंग में घरेलू टीम की कई खिलाड़ियों की रैंकिंग में सुधार हुआ है।
बांग्लादेश की अनुभवी जोड़ी निगार सुल्ताना (तीन स्थान ऊपर चढ़कर 35वें स्थान पर) और शोभना मोस्तरी (पांच पायदान ऊपर चढ़कर 45वें स्थान पर) ने एकदिवसीय बल्लेबाजी रैंकिंग में सुधार किया है जबकि नाहिदा अख्तर (दो स्थान ऊपर चढ़कर 11वें स्थान पर) और मारूफा अख्तर (छह स्थान ऊपर चढ़कर 37वें स्थान पर) एकदिवसीय गेंदबाजों की सूची में आगे बढ़ने में सफल रही हैं।
श्रीलंका की कप्तान चामरी अटापट्टू एकदिवसीय ऑलराउंडर की रैंकिंग में एक स्थान ऊपर चढ़कर नौवें स्थान पर और गेंदबाजों की रैंकिंग में सात स्थान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप 34वें स्थान पर पहुंच गईं हैं। टीम की उनकी साथी हर्षिता समरविक्रमा (तीन स्थान के फायदे से संयुक्त रूप से 20वें स्थान पर) को भी बल्लेबाजी रैंकिंग में फायदा हुआ है।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
