आईसीसी का 2-टियर टेस्ट प्लान अटका, कई बोर्डों ने जताई आपत्ति
क्रिकेट जगत में हाल ही में 2-टियर टेस्ट चैंपियनशिप को लेकर चर्चा हुई है। आईसीसी की चाहत है कि इस नए टेस्ट सिस्टम की शुरुआत 2027 से हो जाए। हालांकि, ऐसा होने की संभावना बहुत कम है, क्योंकि अभी ये सिर्फ थ्योरी के तौर पर…
क्रिकेट जगत में हाल ही में 2-टियर टेस्ट चैंपियनशिप को लेकर चर्चा हुई है। आईसीसी की चाहत है कि इस नए टेस्ट सिस्टम की शुरुआत 2027 से हो जाए। हालांकि, ऐसा होने की संभावना बहुत कम है, क्योंकि अभी ये सिर्फ थ्योरी के तौर पर नजर आ रही है। प्रैक्टिकल के लिए कई देश तैयार नहीं हैं।

इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी द्वारा प्रस्तावित इस नए टेस्ट फॉर्मेट का खुलकर विरोध किया है। इस योजना के प्रति उदासीनता दिखाने वाला इंग्लैंड बोर्ड अकेला नहीं है। 2 टियर टेस्ट सिस्टम में छह-छह टीमों के दो डिवीजन में बांटा जाएगा, जिनमें हर चक्र के बाद एक या दो टीमें प्रमोट और डिमोट होंगी।
एक क्रिकेट साइट की रिपोर्ट के मुताबिक, यह अब कई सदस्य बोर्डों के लिए एक खतरे की घंटी बन गया है, क्योंकि हर देश भारत, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के साथ टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहता है।
यही तीन देश टेस्ट क्रिकेट को तवज्जो देते हैं। एशेज सीरीज को छोड़कर सिर्फ इंडिया के साथ वाली टेस्ट सीरीज ही चर्चा का केंद्र रहती है। इसमें व्यावसायिक और आर्थिक रूप से व्यवहार्यता भी है। कोई भी बोर्ड बिग 3 के साथ खेलने का मौका नहीं छोड़ना चाहता।
अगर आईसीसी बोर्ड इस 2 टियर टेस्ट सिस्टम को मंजूरी दे देता है, तो 12 टेस्ट खेलने वाले देशों को दो डिवीजनों में बांट दिया जाएगा।
बिग 3 यानी भारत, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के अलावा डिवीजन 1 में दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और श्रीलंका (ताजा रैंकिंग के आधार पर) की टीम होगी, जबकि बाकी छह - पाकिस्तान, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, आयरलैंड और जिम्बाब्वे निचले डिवीजन में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
इस समय सभी के लिए चिंता ये है कि बिग 3 के अलावा टेस्ट क्रिकेट में कोई अन्य टीम उतनी दिलचस्पी नहीं दिखा रही है। घटनाक्रम से वाकिफ एक सूत्र ने कहा, "यह बिग 3 के बीच लगातार सीरीज आयोजित करके नहीं, बल्कि उन्हें अन्य देशों के साथ मुकाबलों में शामिल करके हासिल किया जा सकता है।"
क्रिकेट वेस्टइंडीज ने स्पष्ट रूप से कहा कि अगर मौजूदा टेस्ट सिस्टम में आमूल-चूल परिवर्तन करना है, तो वित्तीय मॉडल को उस बदलाव का एक प्रमुख हिस्सा होना चाहिए।
वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड के सीईओ क्रिस डेहरिंग ने एक क्रिकेट साइट को बताया, “CWI का इस पर कोई रुख नहीं है, क्योंकि हमने सार्वजनिक अटकलों के अलावा (2-टियर चैंपियनशिप पर) कोई विशेष चर्चा नहीं की है या कोई विशेष जानकारी नहीं देखी है।
हमारा रुख उस वित्तीय मॉडल से जुड़ा है जो टेस्ट और अन्य द्विपक्षीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का आधार है, जिसे हम उद्देश्य के लिए उपयुक्त नहीं मानते और जिसे किसी भी आमूल-चूल परिवर्तन का एक प्रमुख हिस्सा होना चाहिए।”
ईसीबी ने पहले ही अपना रुख स्पष्ट कर दिया है, जबकि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी ने सिंगापुर में हाल ही में हुई आईसीसी की बैठकों में दो-डिवीजन सिस्टम का विरोध किया था।
प्रस्तावित संरचना पर प्रतिक्रिया के लिए संपर्क किए जाने पर पीसीबी के एक प्रवक्ता ने इस वेबसाइट को बताया, "आईसीसी का टेस्ट कार्यक्रम अगले दो सालों के लिए तय है। इसलिए इस पर चर्चा करना अभी जल्दबाजी होगी।"
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
