द इंडियन व्यू

आईपीएल 2026 : शुभमन गिल के शतक ने छीनी सूर्यवंशी की चमक, गुजरात टाइटंस तीसरी बार फाइनल में

मुल्लांपुर : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के दूसरे क्वालिफायर में शुक्रवार को गुजरात टाइटंस (जीटी) ने कप्तान शुभमन गिल के शानदार शतक और साई सुदर्शन की विस्फोटक पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को सात विकेट से हराकर…

Ragwendra P Singh
May 30, 2026
3 min read
आईपीएल 2026 : शुभमन गिल के शतक ने छीनी सूर्यवंशी की चमक, गुजरात टाइटंस तीसरी बार फाइनल में

मुल्लांपुर : इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के दूसरे क्वालिफायर में शुक्रवार को गुजरात टाइटंस (जीटी) ने कप्तान शुभमन गिल के शानदार शतक और साई सुदर्शन की विस्फोटक पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को सात विकेट से हराकर फाइनल में जगह बना ली। अब रविवार को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से होगा। पांच सीजन में यह गुजरात का तीसरा आईपीएल फाइनल है।

 

महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 214 रन बनाए। टीम के लिए 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंदों में 96 रनों की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में कई दर्शनीय शॉट लगाए और राजस्थान को बड़े स्कोर तक पहुंचाया।

 

सूर्यवंशी ने शुरुआत में संयम दिखाया और 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो इस आईपीएल में उनके सभी बड़ी पारियों में सबसे धीमा अर्धशतक रहा। इसके बाद उन्होंने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए सात छक्के जड़े। कगिसो रबाडा की बाउंसर हेलमेट पर लगने के बावजूद उन्होंने बल्लेबाजी जारी रखी और गुजरात के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।

 

हालांकि दूसरी ओर विकेट गिरते रहे, लेकिन सूर्यवंशी अकेले दम पर राजस्थान को मुकाबले में बनाए हुए थे। यह पिछले चार मुकाबलों में उनका तीसरा 90 प्लस स्कोर रहा।

 

215 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद दमदार रही। साई सुदर्शन और शुभमन गिल की सलामी जोड़ी ने राजस्थान के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में ला दिया। दोनों बल्लेबाजों ने क्लासिक क्रिकेटिंग शॉट्स के साथ तेजी से रन बटोरे और पहले विकेट के लिए 167 रन की साझेदारी कर मैच लगभग एकतरफा बना दिया।

 

साई सुदर्शन ने 32 गेंदों में 58 रन बनाए, जिसमें आठ चौके और एक छक्का शामिल रहा। वह लगातार दूसरे मैच में दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हुए। ब्रिजेश शर्मा की गेंद पर चौका लगाने के दौरान उनका बल्ला हाथ से छूटकर विकेट पर जा लगा और वह हिट विकेट आउट हो गए।

 

दूसरी ओर शुभमन गिल पूरे मैच में शानदार लय में नजर आए। उन्होंने 53 गेंदों में 104 रनों की कप्तानी पारी खेली, जिसमें 15 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। गिल ने केवल 47 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। रविंद्र जडेजा की गेंद पर आगे बढ़कर लगाया गया उनका चौका इस पारी का सबसे यादगार शॉट रहा।

 

गुजरात ने लक्ष्य को आसानी से हासिल करते हुए 7 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

 

एक समय ऐसा लग रहा था कि सूर्यवंशी की पारी मैच की सबसे बड़ी कहानी बनेगी, लेकिन शुभमन गिल की शानदार बल्लेबाजी ने पूरी महफिल लूट ली। राजस्थान के युवा सितारे की चमक के बावजूद गुजरात की सामूहिक ताकत भारी पड़ी और टीम ने शानदार अंदाज में फाइनल का टिकट कटाया।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप

भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।

गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में

पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की

राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।

टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब

राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।