द इंडियन व्यू

तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे

भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।

Prakhar
November 25, 2026
4 min read
तुषार व तान्या हेमनाथ ने किया उलटफेर, गायत्री- त्रिशा की विजयी शुरुआत, एचएस प्रणय हारे

लखनऊ। भारत के तुषार सुवीर और तान्या हेमनाथ ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में वरीय खिलाड़ियों को हराकर उलटफेर किया। वहीं, गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली ने महिला युगल में शानदार जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।

सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप

महिला एकल में पिछले साल की सेमीफाइनलिस्ट तन्वी शर्मा और तीसरी वरीय उन्नति हुड्डा ने भी जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई। हालांकि, तीन बार के ओलंपियन और तीसरी वरीय एचएस प्रणय को हार का सामना करना पड़ा।

गोमतीनगर स्थित योनेक्स-सनराइज बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में बुधवार को 2,50,000 अमेरिकी डॉलर इनामी प्रतियोगिता के मुख्य ड्रॉ के एकल मुकाबले भी शुरू हुए। पुरुष एकल में तुषार सुवीर ने पांचवीं वरीय मलेशिया के जस्टिन होह को सीधे गेमों में 21-11, 21-17 से हराया।

तुषार ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और दमदार स्मैश व सटीक शॉट्स से पहले गेम में दबदबा बनाया। दूसरे गेम में जस्टिन ने वापसी की कोशिश की, लेकिन तुषार ने अपनी लय कायम रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

महिला एकल में तान्या हेमनाथ ने हमवतन और सातवीं वरीय देविका सिहाग को तीन गेम तक चले मुकाबले में 21-14, 18-21, 21-16 से हराकर उलटफेर किया। तान्या ने पहला गेम आसानी से जीता, लेकिन देविका ने दूसरे गेम में वापसी कर मुकाबला निर्णायक गेम तक पहुंचाया। तीसरे गेम में दोनों के बीच कड़ा संघर्ष हुआ, जिसमें तान्या ने अहम अंकों पर संयम बनाए रखते हुए जीत हासिल की।

महिला युगल में गत विजेता गायत्री गोपीचंद पी और त्रिशा जॉली की शीर्ष वरीय जोड़ी ने हमवतन क्वालीफायर जोड़ी रश्मि गणेश और अमृता प्रमुथेश को 21-8, 21-7 से हराया। भारतीय जोड़ी ने पहले गेम में एकतरफा जीत दर्ज की।

दूसरे गेम की शुरुआत में प्रतिद्वंद्वियों ने चुनौती देने की कोशिश की, लेकिन गायत्री और त्रिशा ने अनुभव व तालमेल के दम पर मुकाबला आसानी से जीत लिया।

महिला एकल में दूसरी वरीय तन्वी शर्मा को मलेशिया की गोह जिन वेई के खिलाफ मुकाबले में उस समय जीत मिली, जब कंधे में खिंचाव के कारण प्रतिद्वंद्वी ने मैच छोड़ दिया। उस समय मलेशियाई खिलाड़ी 2-1 से आगे थी।

तीसरी वरीय उन्नति हुड्डा ने यूक्रेन की येव्हेनिया कांतमिर को 21-15, 21-19 से हराया। आठवीं वरीय ईशारानी बरुआ ने इंडोनेशिया की थालिता आर वरियान को 21-12, 25-23 से मात दी। तस्नीम मीर ने मालविका भंसोड को 21-17, 21-12 से, पांचवीं वरीय अस्मिता चालिहा ने यूक्रेन की पोलिना बुहारोवा को 21-14, 21-16 से हराया।

रक्षिता संतोष रामराज ने सूर्या चरिश्मा तामिरी को 21-17, 19-21, 21-14 से शिकस्त दी। मलेशिया की वांग लिंग चिंग ने आकर्षी कश्यप और चौथी वरीय थाईलैंड की सुपानिदा कटेथोंग ने यूपी की मानसी सिंह को सीधे गेमों में हराया। तन्वी पत्री ने पीठ में दर्द के कारण मुकाबला बीच में छोड़ दिया।

महिला युगल में ही आठवीं वरीय अश्विनी भट्ट और शिखा गौतम ने दिया भीमैय्याह व बरुनी परसाल को 21-16, 23-21 से हराया। नाइसा करियप्पा व प्रवंदिका राघवन और अनन्या अरुण व अंजना मणिकंदन की जोड़ियों ने भी जीत दर्ज की।

पुरुष एकल में चीनी ताइपे के झी यिंग यू ने तीसरी वरीय एचएस प्रणय को 21-19, 21-17 से हराकर उलटफेर किया। चौथी वरीय इंडोनेशिया के रिची दुता रिचार्डो ने किरन जार्ज को 21-4, 21-8 से हराया, जबकि क्वालीफायर शाश्वत दलाल ने अमेरिका के मार्क शैली को 21-14, 16-21, 21-7 से मात दी। शीर्ष वरीय सिंगापुर के जिया हेंग जेसन तेह ने फ्रांस के इनागट का को हराया।

पुरुष युगल में भारत के भार्गव राम एंजेला और विश्वा तेज ने आर्या ठाकोर व ध्रुव ठाकोर को 16-21, 21-12, 21-15 से हराया। हालांकि अभ्युदय चौधरी-आयुष मखीजा और सूरज गोआला-निकोलस नाथन राज की जोड़ियां हारकर बाहर हो गईं।

मिश्रित युगल में सातवीं वरीय ध्रुव रावत व मनीषा के ने मोहित जगलान व लक्षिता जगलान को 21-16, 21-13 से हराया। वहीं शीर्ष वरीय ध्रुव कपिला व तनीषा क्रेस्टो ने दिव्यम अरोरा व श्रवाणी वालेकर को 16-21, 21-16, 21-14 से हराया।

भव्य छाबड़ा-अदिति भट्ट, विराज कुवले-रुतुपर्णा पांडा और सात्विक रेड्डी-रेशिका की जोड़ियों ने भी अगले दौर में जगह बनाई। आयुष मखीजा व अनघा अरविंदा पेई ने हरिहरन आमसाकरुणन व राधिका शर्मा को तीन गेम में हराया। वहीं, रोहन कपूर व रुत्विका शिवानी गड्डे की जोड़ी के रिटायर होने से फ्रांस और डेनमार्क की जोड़ी आगे बढ़ी।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

स्मैश क्रिकेट क्लब ने टीसीसी को 26 रन से दी शिकस्त

प्लेयर ऑफ द मैच शाहरुख (76) के आतिशी अर्धशतक की बदौलत स्मैश क्रिकेट क्लब ने पांचवीं अधीर दुबे (पूर्व एमएलसी) मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में टीसीसी को 26 रन से हराया। डीएवी क्रिकेट मैदान पर स्मैश क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट पर 222 रन का विशाल स्कोर बनाया।

नेशनल ट्रैप शूटिंग में उत्तराखंड के दिग्विजय चौहान का स्वर्णिम निशाना

डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में बुधवार को ट्रैप निशानेबाजी की विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया गया। इसमें उत्तराखंड के दिग्विजय सिंह चौहान ने नेशनल सीनियर मास्टर पुरुष व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा का खिताब अपने नाम किया।

14 साल बाद भारत में लौटेगा थॉमस-उबेर कप, 2028 में होगी प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी

बैडमिंटन विश्व महासंघ ने बुधवार को घोषणा की कि भारत 2028 में प्रतिष्ठित थॉमस एवं उबेर कप फाइनल्स की मेजबानी करेगा।

मोहम्मडन एससी पर राजस्थान यूनाइटेड का करारा प्रहार, 4-0 की बड़ी जीत से मचाई खलबली

राजस्थान यूनाइटेड एफसी ने बुधवार को यहां इंडियन फुटबॉल लीग के मुकाबले में दूसरे हाफ में चार गोल दागकर कोलकाता के दिग्गज क्लब मोहम्मडन एससी को 4-0 से करारी शिकस्त दी। इस हार के बाद मोहम्मडन की टीम रेलीगेशन जोन (निचली लीग में खिसकने का खतरा) में पहुंच गई।