द इंडियन व्यू

विश्व रैंकिंग में भारतीय महिला हॉकी का नया मुकाम, हासिल की सर्वश्रेष्ठ पांचवीं रैंकिंग

भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ की विश्व रैंकिंग में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ पांचवां स्थान हासिल किया है।

Prakhar
November 25, 2026
3 min read
विश्व रैंकिंग में भारतीय महिला हॉकी का नया मुकाम, हासिल की सर्वश्रेष्ठ पांचवीं रैंकिंग

भारतीय महिला हॉकी टीम ने इतिहास रचते हुए अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ की विश्व रैंकिंग में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ पांचवां स्थान हासिल किया है।

टीम ने मंगलवार को भोपाल में जारी मध्य प्रदेश महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में चीन को 6-2 से हराकर यह उपलब्धि हासिल की। मुकाबला भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय खेल परिसर में खेला गया।

भारतीय महिला हॉकी के सफर में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। यह टीम के लगातार अच्छे प्रदर्शन और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाती है। अक्टूबर 2003 में शुरू हुई एफआईएच विश्व रैंकिंग में भारतीय महिला टीम ने पिछले वर्षों में लगातार सुधार किया है। पांचवें स्थान पर पहुंचना अब तक की उसकी सबसे बड़ी उपलब्धि है।

भारतीय टीम की पिछली सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग छठी थी, जो उसने एफआईएच प्रो लीग में शानदार प्रदर्शन के बाद मई-जून 2022 में हासिल की थी। टीम ने 2023 में भी छठा स्थान प्राप्त किया था।

इससे पहले टोक्यो 2020 ओलंपिक में चौथे स्थान पर रहने के बाद भारतीय टीम आठवें स्थान पर पहुंची थी। वहीं, 2018 में एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने के बाद टीम ने नौवीं रैंकिंग हासिल की थी।

चीन के खिलाफ जीत टूर्नामेंट के लिहाज से भी खास रही। एफआईएच की ताजा रैंकिंग में चीन आठवें स्थान पर खिसक गया है। भारत की 6-2 की जीत महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के इतिहास में चीन के खिलाफ उसकी सबसे बड़ी जीत है।

इससे पहले भारतीय टीम ने 2013 के संस्करण में चीन को 4-2 से हराया था। भोपाल में घरेलू दर्शकों के सामने भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया और अपने आक्रामक खेल तथा आत्मविश्वास का परिचय दिया।

वर्ष 2026 भारतीय महिला हॉकी के लिए यादगार रहा है। टीम ने साल की शुरुआत एफआईएच विश्व कप के लिए क्वालीफाई करके की और इसके बाद एफआईएच नेशंस कप का खिताब जीता।

मुख्य कोच श्योर्ड मारिन की अगुवाई में टीम ने एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप में पांचवां स्थान हासिल किया, जो 1974 के बाद इस टूर्नामेंट में उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसके बाद भारतीय टीम ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर 44 साल का इंतजार भी खत्म किया।

हॉकी इंडिया महासचिव भोला नाथ सिंह ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा, “यह ऐतिहासिक उपलब्धि है और भारतीय हॉकी के हर समर्थक के लिए जश्न मनाने का अवसर है। खिलाड़ियों ने पूरे साल शानदार चरित्र और दृढ़ संकल्प दिखाया है। उन्होंने अपनी मेहनत को बड़े मंचों पर परिणाम में बदला है।”

उन्होंने आगे कहा, “नेशंस कप और एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने से लेकर 1974 के बाद विश्व कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने तक, इन खिलाड़ियों ने भारतीय हॉकी को गर्व करने के कई अवसर दिए हैं। विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान पर पहुंचना एक और महत्वपूर्ण कदम है। हमें विश्वास है कि इस टीम में आने वाले वर्षों में इससे भी बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की क्षमता है।”

विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान की ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम अब अपनी जीत की लय बरकरार रखने और देश में महिला हॉकी के लिए यादगार रहे इस साल को और सफल बनाने के इरादे से आगे बढ़ेगी।

इस खबर को लाइक और शेयर करें

सम्बंधित ख़बरें

पंजाब किंग्स ने बदला अपना कोचिंग स्टाफ, राजीव कुमार संभालेंगे फील्डिंग की कमान

पंजाब किंग्स ने आईपीएल 2027 सीजन से पहले अपने सपोर्ट स्टाफ को मजबूत करते हुए झारखंड के पूर्व खिलाड़ी राजीव कुमार को अपना नया फील्डिंग कोच नियुक्त किया है।

विश्व रैंकिंग में पांचवें स्थान तक पहुंची भारतीय टीम, लालरेमसियामी ने बताई सफलता की वजह

भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए वर्ष 2026 उपलब्धियों के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक मजबूती की भी बड़ी परीक्षा रहा है।

फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल का 100वां संस्करण 29 नवंबर को, देशभर में होंगे विशेष आयोजन

भारत में फिटनेस और खेल संस्कृति को जन आंदोलन बनाने के उद्देश्य से शुरू की गई फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल पहल 29 नवंबर 2026 को अपने ऐतिहासिक 100वें संस्करण का उत्सव मनाने जा रही है।

201 रन देकर एक विकेट लेने वाले डफी के बचाव में उतरे मैट हेनरी, बताई बड़ी वजह

न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने जैकब डफी का समर्थन करते हुए उन्हें शानदार गेंदबाज और टीम को सबसे पहले रखने वाली मानसिकता का खिलाड़ी बताया है।