राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में जलवा बिखेरेंगी लखनऊ की तीन बेटियां
अपनी प्रतिभा, मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर लखनऊ की तीन होनहार बालिकाएं अब राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शहर और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।

लखनऊ। अपनी प्रतिभा, मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर लखनऊ की तीन होनहार बालिकाएं अब राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शहर और प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।
आर्यमा मिश्रा, सौम्या सिंह और प्रिया उत्तर प्रदेश की अंडर-17 टीम में चयनित
बीते माह मुरादाबाद में आयोजित राज्य स्तरीय विद्यालय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर लखनऊ की आर्यमा मिश्रा, सौम्या सिंह और प्रिया का चयन उत्तर प्रदेश की अंडर-17 बालिका क्रिकेट टीम में हुआ है।
15 नवंबर से जम्मू-कश्मीर में होगा राष्ट्रीय मुकाबला
तीनों खिलाड़ी 15 नवंबर से जम्मू-कश्मीर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय विद्यालय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लखनऊ की आर्यमा मिश्रा ने अपनी शानदार गेंदबाजी से विशेष पहचान बनाई थी।
प्रतियोगिता में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब हासिल करने वाली आर्यमा ने हैट्रिक सहित चार विकेट लेकर सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया था। उनके इस प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को काफी प्रभावित किया। अब राष्ट्रीय स्तर पर भी उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
आर्यमा मिश्रा राइजिंग स्टार क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षक दुर्गेश सिंह के मार्गदर्शन में क्रिकेट की बारीकियां सीख रही हैं। अकादमी के प्रशिक्षक दुर्गेश सिंह का कहना है कि आर्यमा लगातार अपने खेल में सुधार कर रही हैं और पिछले कुछ समय से निरंतर प्रभावशाली प्रदर्शन कर रही हैं।
अयोध्या में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दौरान भी आर्यमा ने अपनी बेहतरीन गेंदबाजी से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया था। उनकी मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को देखते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
वहीं, लखनऊ की अन्य दो प्रतिभाशाली खिलाड़ी सौम्या सिंह और प्रिया भी अपनी खेल प्रतिभा के दम पर उत्तर प्रदेश की टीम में जगह बनाने में सफल रही हैं। प्रिया चौक स्टेडियम में प्रशिक्षक राहुल गुप्ता के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनके प्रशिक्षक राहुल गुप्ता को भी विश्वास है कि तीनों खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।
गौरतलब है कि राज्य स्तरीय बालिका क्रिकेट प्रतियोगिता में लखनऊ मंडल की टीम ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पहली बार फाइनल में जगह बनाई थी। फाइनल मुकाबले में लखनऊ मंडल की बालिकाओं ने अयोध्या मंडल को पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था।
लखनऊ की इन तीनों बेटियों का राष्ट्रीय स्तर पर चयन शहर में महिला क्रिकेट की बढ़ती प्रतिभा और बेहतर होते क्रिकेट प्रशिक्षण का प्रमाण है। अब सभी की निगाहें जम्मू-कश्मीर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता पर टिकी हैं, जहां इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन से उत्तर प्रदेश को एक और बड़ी उपलब्धि मिलने की उम्मीद है।
सम्बंधित ख़बरें
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के लिए तेलंगाना तैयार, पीएम मोदी को सीएम रेड्डी ने दिया न्योता
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आठवें खेलो इंडिया यूथ गेम्स में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। इन खेलों का आयोजन 11 से 22 दिसंबर तक तेलंगाना में किया जाएगा।
पीएसपीबी और सीएजी की शानदार जीत, प्रतिद्वंद्वियों को किया हैरान
मैदान पर आक्रामक तेवर, गोल के लिए जबरदस्त संघर्ष और प्रतिद्वंद्वी टीम की रक्षापंक्ति को भेदने की लगातार कोशिशें।
क्रिकेट के अगले बड़े आयोजनों का शेड्यूल तय, भारत को मिली दोहरी मेजबानी
आईसीसी ने रविवार को 2035 तक होने वाले मुख्य पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन की ‘विंडो’ को मंजूरी दे दी जिसके अंर्तगत भारत नौ से 28 अक्टूबर 2029 तक चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा जबकि 2031 में नौ अक्टूबर से 23 नवंबर तक होने वाले वनडे विश्व कप की संयुक्त मेजबानी करेगा।
अंकुर कपूर ने 35+ में जीते दोहरे खिताब, 65+ में दीपक व अजय युगल चैंपियन
अंकुर कपूर ने तृतीय एसबी लाल एडवोकेट मेमोरियल वेटरन टेनिस टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाते हुए 35 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के एकल व युगल दोनों वर्गो में खिताब अपने नाम किए। वहीं 65 वर्ष से अधिक युगल फाइनल में दीपक पाठक व अजय उपाध्याय की जोड़ी विजेता बनी।
