85/6 से जीत तक: रिंकू सिंह की पारी से केकेआर ने खोला जीत का खाता
वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायण की फिरकी के जादू के बाद रिंकू सिंह के जुझारू अर्धशतक से कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल में यहां विषम परिस्थितियों से उबरते हुए राजस्थान रॉयल्स को चार विकेट से हराकर मौजूदा सत्र में जीत का…

वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायण की फिरकी के जादू के बाद रिंकू सिंह के जुझारू अर्धशतक से कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल में यहां विषम परिस्थितियों से उबरते हुए राजस्थान रॉयल्स को चार विकेट से हराकर मौजूदा सत्र में जीत का खाता खोला।
रॉयल्स के 156 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नाइट राइडर्स 14वें ओवर में 85 रन पर छह विकेट गंवाने के बाद संकट में थी, लेकिन रिंकू (नाबाद 53 रन) और अनकूल रॉय (नाबाद 29) के बीच सातवें विकेट की 37 गेंद में 76 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत 161 रन बनाकर जीत दर्ज करने में सफल रही।
सात मैचों में पहली जीत के बाद नाइट राइडर्स की टीम तीन अंक के साथ 10 टीमों की तालिका में नौवें स्थान पर पहुंच गई है। लगातार दूसरी हार के बाद रॉयल्स की टीम छह मैचों में आठ अंक के साथ तीसरे स्थान पर है।

सलामी बल्लेबाजों वैभव सूर्यवंशी (46 रन) और यशस्वी जायसवाल (39 रन) के बीच पहले विकेट के लिए 8.4 ओवर में 81 रन की साझेदारी के बावजूद रॉयल्स की टीम 155 रन ही बना सकी।
लेग स्पिनर चक्रवर्ती (तीन विकेट) और ऑफ स्पिनर नारायण (दो विकेट) की स्टार जोड़ी के सामने रॉयल्स ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट गंवाए, जिससे टीम अंतिम 10 ओवरों में सिर्फ 60 रन ही जुटा सकी। कार्तिक त्यागी (तीन विकेट) ने निचले मध्य क्रम को ध्वस्त किया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए नाइट राइडर्स की शुरुआत खराब रही और टीम ने दूसरे ओवर में पांच रन के स्कोर तक ही दोनों सलामी बल्लेबाजों, टिम सीफर्ट और कप्तान अजिंक्य रहाणे, के विकेट गंवाए, जो खाता खोलने में भी नाकाम रहे। जोफ्रा आर्चर (एक विकेट) ने पारी की पहली ही गेंद पर सीफर्ट को बोल्ड किया, जबकि अगले ओवर में नांद्रे बर्गर (एक विकेट) ने रहाणे को विकेटकीपर ध्रुव जुरेल के हाथों कैच कराया।

कैमरन ग्रीन (27) ने बर्गर पर लगातार दो चौकों के साथ शुरुआत की, जबकि इस तेज गेंदबाज के अगले ओवर में छक्का भी जड़ा, लेकिन इसके बाद रवि बिश्नोई की लेग साइड से बेहद बाहर जाती गेंद को आगे बढ़कर खेलने की कोशिश में पूरी तरह से चूक गए और जुरेल ने उन्हें स्टंप कर दिया। नाइट राइडर्स ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 51 रन बनाए।
रविंद्र जडेजा (दो विकेट) ने अंगकृष रघुवंशी (10) को पगबाधा करके नाइट राइडर्स को चौथा झटका दिया, और फिर रोवमैन पावेल (23) को डोनोवन फरेरा के हाथों कैच कराके स्कोर पांच विकेट पर 70 रन किया। रिंकू सिंह को आठ रन के स्कोर पर जडेजा की गेंद पर बर्गर ने जीवनदान दिया।

रमनदीप सिंह (10) भी इसके बाद लेग स्पिनर यश राज पुंजा की गेंद को विकेटों पर खेलकर बोल्ड हुए। नाइट राइडर्स को अंतिम पांच ओवरों में 59 रन की दरकार थी। रिंकू और अनुकूल रॉय ने बिश्नोई पर छक्के के साथ रन गति में इजाफा किया और 16वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया।
रिंकू ने अगले ओवर में आर्चर पर दो चौकों के साथ गेंद और रन के बीच के अंतर को कम किया। नाइट राइडर्स को अंतिम दो ओवरों में 21 रन की जरूरत थी। अनुकूल ने आर्चर पर छक्के के साथ नाइट राइडर्स का पलड़ा भारी किया, जबकि रिंकू ने ब्रिजेश शर्मा पर दो चौके और एक छक्के के साथ टीम को जीत दिला दी और अर्धशतक भी पूरा किया।
इससे पहले, रियान पराग ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, जिसके बाद सूर्यवंशी और जायसवाल ने पावर प्ले में 63 रन जोड़कर एक बार फिर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। जायसवाल ने वैभव अरोड़ा पर पारी का पहला चौका जड़ा, जबकि सूर्यवंशी ने त्यागी पर दो और अरोड़ा पर तीन चौके मारे।
सूर्यवंशी ने नारायण और ग्रीन पर छक्का भी जड़ा। जायसवाल ने भी ग्रीन की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया। रहाणे ने इसके बाद गेंद चक्रवर्ती को थमाई और उनके पहले ही ओवर में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में सूर्यवंशी गेंद को हवा में लहरा गए, और रमनदीप सिंह ने अच्छा कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया।
चक्रवर्ती ने अपने अगले ओवर में ध्रुव जुरेल (05) को भी विकेटकीपर सीफर्ट के हाथों स्टंप कराया। जायसवाल भी नारायण की गेंद पर एक्सट्रा कवर पर रहाणे को कैच दे बैठे, जिससे रॉयल्स का स्कोर तीन विकेट पर 99 रन हो गया। रॉयल्स के रनों का शतक 12वें ओवर में पूरा हुआ।
कप्तान पराग (12) भी चक्रवर्ती की सीधी गेंद को चूककर बोल्ड हुए, जबकि डोनोवन फरेरा (07) ने नारायण को उनकी गेंद पर वापस कैच थमाया। रविंद्र जडेजा सिर्फ नौ रन बनाने के बाद 19वें ओवर में त्यागी का शिकार बने, जबकि इसी ओवर में शिमरोन हेटमायर (15) और रवि बिश्नोई (00) भी पवेलियन लौटे।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
