सुपर ओवर में भारत-ए की हार, श्रीलंका-ए ने रोमांचक मुकाबला छह रन से जीता
भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच सोमवार को खेले गए रोमांचक मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ, जहां मेजबान श्रीलंका-ए ने भारत-ए को छह रन से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। 50 ओवर में दोनों टीमों ने 265-265 रन…

भारत-ए और श्रीलंका-ए के बीच सोमवार को खेले गए रोमांचक मैच का फैसला सुपर ओवर में हुआ, जहां मेजबान श्रीलंका-ए ने भारत-ए को छह रन से हराकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। 50 ओवर में दोनों टीमों ने 265-265 रन बनाए, जिसके बाद मैच सुपर ओवर तक पहुंचा।
टॉस जीतकर श्रीलंका-ए ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया। भारत-ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही और विकेटकीपर बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह 11 रन बनाकर मोहम्मद शिराज का शिकार बने। युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से प्रभावित किया। उन्होंने 21 रन बनाए, साहन अराचिगे ने उन्हें पवेलियन भेज दिया।
ऋतुराज गायकवाड़ और कप्तान तिलक वर्मा ने पारी को संभालते हुए तीसरे विकेट के लिए 52 रन जोड़े। गायकवाड़ 37 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तिलक वर्मा 23 रन ही बना सके। मध्यक्रम में आयुष बदोनी (15) और निशांत सिंधु (6) भी बड़ी पारी नहीं खेल पाए। अनुकूल रॉय ने 8 रन का योगदान दिया।

हालांकि, निचले क्रम में विप्रज निगम और सूर्यांश शेडगे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारत-ए की वापसी कराई। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 104 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। सूर्यांश शेडगे ने 72 रन की बेहतरीन पारी खेली।वहीं, विप्रज निगम ने 51 रन बनाए। इन पारियों के दम पर भारत-ए 49.2 ओवर में 265 रन पर सिमट गई।
श्रीलंका-ए से मोहम्मद शिराज और विजयकांत ने तीन-तीन विकेट झटके, जबकि साहन अराचिगे, कुगथास और वानुजा सहान को एक-एक सफलता मिली। 266 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका-ए ने संघर्षपूर्ण बल्लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में 265 रन बनाकर मुकाबला बराबरी पर समाप्त किया।
भारतीय गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में लगातार विकेट लेकर मैच पर पकड़ बनाने की कोशिश की, लेकिन श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने अंत तक हार नहीं मानी और स्कोर बराबर कर दिया। टाई होने के बाद मुकाबले का फैसला सुपर ओवर से हुआ।
पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका-ए ने सुपर ओवर में 16 रन बनाए और भारत-ए के सामने 17 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में भारत-ए की टीम दबाव में बिखर गई और सिर्फ 10 रन ही बना सकी। इस तरह श्रीलंका-ए ने सुपर ओवर में छह रन से जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ श्रीलंका-ए ने तीन अंक हासिल किए और अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर पहुंच गई। वहीं, भारत-ए को टूर्नामेंट में दूसरी हार का सामना करना पड़ा।
सम्बंधित ख़बरें
2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत ने आईओसी के सामने रखा अपना रोडमैप
भारतीय ओलंपिक संघ ने 2036 ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत का दृष्टिकोण और प्रस्तावित रूपरेखा अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति के फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने प्रस्तुत की।
गायत्री-त्रिशा का विजय अभियान जारी, महिला एकल में चार भारतीय क्वार्टर फाइनल में
पिछली विजेता और शीर्ष वरीय भारत की गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली ने सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल एचएसबीसी वर्ल्ड टूर सुपर 300 बैडमिंटन चैंपियनशिप में अपना विजय अभियान जारी रखते हुए क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
पंजाब हॉकी लीग: राउंडग्लास अकादमी का विजय अभियान जारी, लगातार पांचवीं जीत दर्ज की
राउंडग्लास हॉकी अकादमी ने पंजाब हॉकी लीग 2026 के आठवें दिन सुरजीत हॉकी अकादमी, जालंधर को कड़े मुकाबले में 2-1 से हराकर अपना अजेय क्रम बरकरार रखा।
टाइम्स ऑफ इंडिया ने जीता लगातार तीसरी बार जीता मीडिया क्रिकेट का खिताब
राजीव श्रीवास्तव और इश्तियाक रजा की उम्दा गेंदबाजी के दम पर टाइम्स ऑफ इंडिया ने संतोष सूरी मेमोरियल इकाना मीडिया टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब लगातार तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। उसने गुरुवार को फाइनल में दूरदर्शन को 10 रन से शिकस्त दी।
